इरफान पठान की ये बात सुन, पाकिस्तानी फैन्स उनके पीछे पड़ जाएंगे!
पाकिस्तान,न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान में से किसी एक के WC सेमीफाइनल में पहुंचने को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स तमाम दावे कर रहे हैं. जिसमें पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान का नाम भी शामिल है.

वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) में तीन सेमीफाइनलिस्ट तय हो चुके हैं. भारत, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया. फ़ैन्स को इंतजार है चौथी टीम का. जिसको लेकर तीन टीम्स पाकिस्तान (Pakistan Cricket Team), न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच टक्कर है. इन टीम्स में से किसी एक के सेमीफाइनल में पहुंचने को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स तमाम दावे कर रहे हैं. जिसमें पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान (Irfan Pathan) का नाम भी शामिल है.
इरफान पठान के मुताबिक, तमाम मुश्किलों के बावूजद वर्ल्ड की चौथी सेमीफाइनलिस्ट न्यूजीलैंड की टीम होगी. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा,
'न्यूजीलैंड के जीतने की संभावना 50% से भी अधिक है. उनके लिए एकमात्र समस्या बारिश है. बारिश ने पहले भी पाकिस्तान की मदद की है. हमें देखना होगा कि क्या बेंगलुरु की बारिश उन्हें फिर से मदद करती है.'
पठान ने दरअसल पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मैच का जिक्र किया. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बारिश के चलते कीवी टीम 401 रन बनाने के बावजूद पाकिस्तान से मैच हार गई थी. साथ ही पठान ने न्यूजीलैंड को श्रीलंका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने की सलाह दी. उन्होंने कहा,
''मुझे लगता है कि टॉस न्यूजीलैंड के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण होगा ,क्योंकि इस पिच पर टारगेट का पीछा करना हमेशा बेहतर होता है. यहां कई सारे फैक्टर हैं. लेकिन, मैं फिर भी कहूंगा कि सभी कठिनाइयों के बावजूद, न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम होगी.''
ये भी पढ़ें: तो पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना तय? ये खबर सुनकर उछल पड़ेगी बाबर की टीम
पाकिस्तान के लिए खुशखबरीदरअसल, 9 नवंबर को बेंगलुरु में न्यूजीलैंड की टीम अपना आखिरी लीग मैच खेलने उतरेगी. श्रीलंका के खिलाफ. कीवी टीम के लिए ये मैच करो या मरो वाला है. यानी हर हाल में उन्हें इस मैच को जीतना ही है. लेकिन बारिश इस मैच में विलेन बन सकती है. मौसम का हाल बताने वाली वेबसाइट Accuweather की मानें तो बैंगलोर में मैच के दौरान 90 फीसदी तक बारिश की संभावना है. रिपोर्ट के मुताबिक पूरे मैच के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे. ऐसे में मैच धुलने की आशंका भी जताई जा रही है.
अगर ऐसा होता है तो ये पाकिस्तानी टीम के लिए बड़ी खुशखबरी होगी. क्योंकि इस मैच के धुलने पर न्यूजीलैंड के 9 ही प्वाइंट रह जाएंगे. ऐसे में अगर पाकिस्तान इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीत जाता है तो 10 अंकों के साथ उसका सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा. लेकिन पाकिस्तान को हर हाल में इंग्लैंड को हराना होगा.

