The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • World Cup 2023 Indian Captain Rohit Sharma concern at no. 4 batting no one settled after yuvraj singh

रोहित शर्मा ने युवराज का नाम ले जो कहा, वर्ल्डकप की उम्मीद लगाए फैंस सिर पकड़ लेंगे!

5 अक्टूबर से वर्ल्ड कप शुरू होना है, और टीम का ये हाल बता रहे रोहित शर्मा...

Advertisement
pic
11 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 11 अगस्त 2023, 01:39 PM IST)
Indian captain Rohit Sharma shows concern over team combination ahead of One Day World Cup 2023.
मुंबई में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रोहित शर्मा ने खिलाड़ियों को लेकर जताई चिंता. (फोटो क्रेडिट - ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने युवराज सिंह को लेकर बड़ी बात कह दी है. कहा कि युवराज सिंह के बाद कोई भी खिलाड़ी चौथे नंबर पर खेलने के लिए अपने आपको साबित नहीं कर पाया है. ऐसे में जब 2023 विश्वकप में 2 महीने से भी कम समय बचा है तो ये बहुत दिक्कत वाली बात है. रोहित ने ये भी माना कि भारत अभी तक अपनी टीम तय नहीं कर सका है. अभी भी खिलाड़ियों को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है. हमारा मिडिल ऑर्डर स्टेबल नहीं है.

भारत ने मिडिल ऑर्डर में कई बदलाव किए. चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, ईशान किशन ने बल्लेबाज़ी की. लेकिन अभी तक ये तय नहीं है कि विश्व कप और उससे पहले होने वाले एशिया कप में इस नंबर पर कौन बल्लेबाज़ी करने उतरेगा. कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम को लेकर बात की. उन्होंने कहा,

"हम जीतना चाहते हैं, लेकिन हमारे सामने अभी भी कई सवाल हैं. इनके जवाब हमें जल्द से जल्द ढूंढने होंगे."

विश्व कप से पहले एशिया कप

रोहित ने आगे कहा कि अभी तक किसी भी खिलाड़ी की जगह पक्की नहीं है. हर किसी को अपनी जगह के लिए लड़ना होगा. हमारे पास कई नाम हैं. देखना होगा कि विश्वकप के लिए सही टीम क्या होगी. हालांकि, उससे पहले हमें एशिया कप खेलना है. रोहित शर्मा ने कहा,

"बल्लेबाज़ी में चौथे नंबर के खिलाड़ी के लिए हम काफी समय से दिक्कत का सामना कर रहे हैं. युवराज सिंह के बाद कोई भी अपने आपको उस जगह पर साबित नहीं कर पाया है. लंबे समय बाद श्रेयस ने नंबर-4 पर अच्छी बल्लेबाज़ी की. उसका रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है. बदकिस्मती से वो चोट के कारण परेशान है. कुछ समय से बाहर है."

रोहित ने आगे कहा,

"ईमानदारी से देखें तो पिछले 4-5 सालों में ऐसा ही हुआ है. काफी सारे खिलाड़ी चोटिल हुए और नए खिलाड़ी आकर खेल रहे. पिछले सालों में खिलाड़ियों को काफी चोटें आई हैं. उनके चोटिल या उपलब्ध नहीं होने के चलते नए खिलाड़ियों को मौका मिला. नंबर 4 के लिए मैं यही कहूंगा कि, कई खिलाड़ी आए और गए. मैं कप्तान नहीं था तब भी देख रहा था, खिलाड़ी चोट के चलते नहीं खेल पाए."

रोहित की ये चिंताएं भारतीय फैंस की भी चिंताएं बढ़ाने वाली हैं. बात सिर्फ चौथे नंबर की ही नहीं हैं, चिंताएं पूरे स्क्वॉड को लेकर है. वर्ल्डकप 2023 5 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. ऐसे में समय भी कम है, चिंताओं का हल निकल आए तो बेहतर होगा. टीम तय हो जाए तो ही अच्छा होगा.

वीडियो: रोहित शर्मा के 50 ने तोड़ दिए धोनी-गावस्कर रिकॉर्ड.

Advertisement

Advertisement

()