रेप की कोशिश में नाकाम अपराधियों ने बास्केटबॉल प्लेयर को स्टेडियम की छत से धकेला
पुलिस ने इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है.

लुधियाना. पंजाब में तीन लड़कों ने एक महिला बास्केटबॉल प्लेयर को एक इंडोर स्टेडियम की छत से धकेल दिया. इन लड़कों पर इल्ज़ाम है कि ये उस लड़की के साथ रेप करने की कोशिश कर रहे थे. स्टेडियम की छत से गिरने के बाद लड़की बेहोश हो गई, और उसे पास के हॉस्पिटल ले जाया गया. एक रिपोर्ट के मुताबिक इस स्टेडियम की ऊंचाई लगभग 25 फीट है. फिलहाल लड़की का इलाज लुधियाना के दयानंद मेडिकल हॉस्पिटल में चल रहा है.
ट्रिब्यून में छपी एक खबर के मुताबिक ये हादसा 12 अगस्त को हुआ. डॉक्टर्स ने बताया कि लड़की को दोनों पैर और जबड़ों में फैक्चर आए हैं. तीन आरोपियों में से मुख्य आरोपी एक जौहरी का बेटा जतिन कांडा है.
इस लड़की के पिता लोकल चावल की मिल में काम करते हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस केस रेजिस्टर करने में आनाकानी कर रही थी. उन्होंने कहा,
‘मोगा से एक पुलिसवाला आया था और उसने मेरा स्टेटमेंट लिया. मेरी बेटी अब भी स्टेटमेंट देने की हालत में नहीं है.’
सिटी पुलिस स्टेशन के SHO दलजीत सिंह ने कहा,
‘हमने जतिन और दो अनजान लोगों के खिलाफ केस रजिस्टर कर लिया है. जतिन को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है.’
इन तीनों पर धारा 307, 376, 511 और 34 के तहत केस रजिस्टर किया गया है.
बेटी के पिता ने आगे कहा,
‘मेरी बेटी समझदार और हिम्मती है. वो हर शाम गुरु नानक कॉलेज स्टेडियम में बास्केटबॉल खेलने जाती थी. 12 अगस्त को ट्यूशन पढ़ने के बाद वो अपने दोस्तों के साथ प्रैक्टिस करने स्टेडियम गई थी. उसके दोस्तों ने मुझे बताया कि जतिन समेत तीन लड़कों ने उसका रेप करने की कोशिश की. जब उसने इन लड़कों को रोकने की कोशिश की, तब उन्होंने मेरी बेटी का फोन छीनने की कोशिश करते हुए उसके साथ मारपीट की. वो वहां से भाग गई और जब उसने हमें फोन करने की कोशिश की, तब उन्होंने उसे स्टेडियम की छत से धकेल दिया. वो नीचे गिरते ही बेहोश हो गई.’
स्टेडियम में खेल रहे दूसरे प्लेयर्स ने इस लड़की को हॉस्पिटल पहुंचाया. यहां से उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया. डॉक्टर्स ने बताया कि उसकी दो सर्जरी की जा चुकी है, पर पीड़ित लड़की को अब तक होश नहीं आया है.
AIFF पर लगे FIFA बैन पर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्या सफाई दी?

