RCB से 5 करोड़ मिलने से पहले क्या थी मंगेश यादव की कहानी?
Mangesh Yadav के लिए क्रिकेटर बनना आसान नहीं था. उनके ट्रक ड्राइवर पिता ने उन्हें क्रिकेटर बनाने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया. मंगेश IPL 2026 में RCB के लिए खेलते हुए नजर आएंगे.

मेहनत, जुनून और पक्के इरादों के सामने हर मुश्किल छोटी हो जाती है. क्रिकेटर मंगेश यादव (Mangesh Yadav) भी इसकी मिसाल हैं. मंगेश यादव की चर्चा इसलिए तो हो ही रही है कि IPL 2026 के ऑक्शन में RCB ने उन्हें 5 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा. लेकिन वो इसलिए भी सुर्खी बने हुए हैं क्योंकि वो मुश्किल हालात में लंबा संघर्ष करके यहां तक पहुंचे हैं. परिवार के सपोर्ट के बिना ये संभव नहीं था. मंगेश को क्रिकेटर बनाने के लिए उनके पिता ने अपना सब कुछ झोंक दिया.
पिता हैं ट्रक ड्राइवरमंगेश यादव के पिता राम अवध यादव ट्रक ड्राइवर हैं. वह तड़के 3 बजे उठते थे और परिवार का गुजारा करने के लिए सड़कों पर लंबा समय बिताते थे. राम अवध ने कई मुसीबतों को झेलते हुए बेटे के सपने को जिंदा रखा. हाल ही में राम अवध यादव RCB बोल्ड डायरीज (RCB Bold Diaries) में नजर आए. इस दौरान उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया. बताया कि ट्रक ड्राइवर की जिंदगी कितनी मुश्किल होती है. उन्होंने कहा,
मुझे पैसों के लिए बहुत स्ट्रगल करना पड़ा. कभी-कभी रात में यह सोचकर सो नहीं पाता था कि मैं मंगेश के लिए कैसे पैसे जमा करूं. ट्रक ड्राइवर की जिंदगी कोई जिंदगी नहीं होती. आपके पास खाने और नहाने का समय नहीं होता. जब ट्रक भरा होता है, तो उसे खाली करने की चिंता होती है. और जब खाली होता है, तो उसे भरने की चिंता होती है.
मंगेश को सपोर्ट करने के लिए पिता राम अवध को कर्ज भी लेना पड़ा. जब मंगेश को आईपीएल में खेलने का मौका मिला, तब भी उनका परिवार छिंदवाड़ा से करीब 75 किलोमीटर दूर बोरगांव में किराए के मकान में रह रहा था.
ये भी पढ़ें: पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर की इरफान पठान ने कमी बता दी
16 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर
फॉर्मल क्रिकेट में आने से पहले मंगेश यादव टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलकर गुजारा करते थे. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक अनरिजर्व्ड ट्रेन के डिब्बों से लेकर सरकारी बसों में यात्रा की. वह चाहते थे कि उन्हें अपने पिता से पैसे न मांगने पड़ें.
मंगेश का क्रिकेट सफर 16 साल की उम्र में शुरू हुआ. उनके जुनून को देखकर उनके चाचा ने उन्हें दिल्ली भेजने की सलाह दी. पिता राम अवध यादव ने अपनी गाढ़ी कमाई से इकट्ठा किए 24 हजार रुपये बेटे को देकर कोच फूलचंद शर्मा के पास भेज दिया. वंडर क्रिकेट क्लब के कोच फूलचंद शर्मा ने मंगेश के टैलेंड को पहचाना और 3 साल के लिए हॉस्टल फीस माफ कर दी.
मंगेश यादव का मानना है कि वह कोच के सपोर्ट के बिना कभी प्रोफेशनली क्रिकेट नहीं खेल पाते. वो कहते हैं,
MP टी20 लीग में मिला मौकामैं फूलचंद सर की वजह से आज क्रिकेट खेल रहा हूं. जब मैं दिल्ली गया था, तो मेरे पिता ने मुझे बड़ी मुश्किल से 24 हजार रुपये दिए. लेकिन वह पैसे एक महीने में खत्म हो गए थे.
मंगेश यादव को पहला मौका मध्य प्रदेश टी20 लीग 2025 में मिला. उन्होंने एमपी टी20 लीग में ग्वालियर चीता की तरफ से खेलते हुए 6 मैचों में 14 विकेट लिए. टूर्नामेंट में बेहतरीन बॉलिंग करने के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड दिया गया.
इस टूर्नामेंट के बाद से मंगेश की किस्मत बदल गई. उनकी शानदार परफॉर्मेंस देखने के बाद, कई आईपीएल टीमों ने उन्हें ट्रायल के लिए बुलाया. इनमें RCB भी शामिल थी. यहां उनका ट्रायल दिनेश कार्तिक ने लिया. अपने ट्रायल को याद करते हुए मंगेश ने कहा,
ट्रायल्स में दिनेश कार्तिक सर मेरे पास आए और कहा, “तुम अच्छी बॉलिंग कर रहे हो.” उन्होंने मुझसे नई गेंद से पांचवें, दसवें और चौदहवें ओवर में बॉलिंग करवाई. इसके बाद, उन्होंने मुझसे 18वें और 20वें ओवर में भी बॉलिंग करवाई. मेरे लिए यह हैरानी वाली बात थी कि उस लेवल का खिलाड़ी कैसे सोचता है?
इसके बाद, मंगेश यादव को सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट 2025-2026 के लिए मध्य प्रदेश की सीनियर टीम में शामिल किया गया. उन्होंने 2 मैच खेले जिनमें 3 विकेट लिए. पंजाब के खिलाफ मैच में उन्होंने बैटिंग में भी हाथ दिखाए. इस मुकाबले में मंगेश ने तेज-तर्रार बैटिंग करते हुए 12 गेंदों पर 28 रन बनाए थे.
IPL में खेलने को तैयार मंगेश
तमाम कठिनाइयों से जूझने के बाद अब मंगेश यादव आईपीएल 2026 में खेलने को तैयार हैं. उन्हें यश दयाल की जगह मौका मिल सकता है. RCB के पेसर यश दयाल इस सीजन उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में लेफ्ट हैंड पेसर मंगेश यादव RCB के लिए डेब्यू कर सकते हैं. आईपीएल 2026 में बेंगलुरु की टीम अपना पहला मैच 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी.
वीडियो: India vs New Zealand: संजू सैमसन के फाइनल में भी खेली शानदार पारी

.webp?width=60)
