The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • West Indies dented India Confidence by defeating them in T20I Series said Salman Butt

वेस्ट इंडीज़ ने तोड़ दिया भारत का आत्मविश्वास, एशिया कप और वर्ल्ड कप में...

इस हार का कोई बहाना नहीं.

Advertisement
pic
14 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 14 अगस्त 2023, 07:58 PM IST)
Hardik Pandya Team Lost To West Indies
हार्दिक की टीम को T20I सीरीज़ में हार मिली (स्क्रीनग्रैब)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय क्रिकेट टीम हार गई. वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ T20I सीरीज़ में हार्दिक की टीम को हार मिली. यह बीते दो बरस में भारत की पहली सीरीज़ हार थी. बड़े टूर्नामेंट्स से पहले मिली इस हार से उनके आत्मविश्वास को बड़ा झटका लगेगा, ऐसा पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट को लगता है. बट ने कहा कि एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे बड़े इवेंट्स के दौरान उनकी बॉडी लैंग्वेज में भी ये झटका दिखेगा.

बता दें कि भारत को पांच मैच की सीरीज़ में 3-2 से हार मिली. सीरीज़ के आखिरी मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. टीम ने 20 ओवर्स में किसी तरह नौ विकेट खोकर 165 रन बनाए. बारिश के चलते मैच कई बार रुका. हालांकि विंडीज़ को इन बातों से फ़र्क नहीं पड़ा. उन्होंने सिर्फ़ 18 ओवर्स में ही मैच खत्म कर दिया. ब्रैंडन किंग इस जीत के स्टार रहे. उन्होंने शुरू से ही बेहतरीन क्रिकेट खेली और 85 रन बनाकर नाबाद लौटे.

इस हार के बाद बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,

'इससे फ़र्क नहीं पड़ता कि फ़ॉर्मेट कौन सा है या सामने टीम कौन सी है. जीतने से निश्चित तौर पर अगले असाइनमेंट के लिए टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है. ऐसे ही, इस तरह की हार निश्चित तौर पर भारत के आत्मविश्वास को चोट पहुंचाएगी. आप शायद इसे इंटरव्यूज़ में ना देखें, लेकिन आप इसे बॉडी लैंग्वेज और फैसले लेते वक्त देखेंगे.'

बट आगे बोले,

'कई लोग कहेंगे कि ये T20I सीरीज़ थी और कई सारे टॉप प्लेयर्स नहीं खेल रहे थे. लेकिन, यही तो भारत की नॉर्मल प्रैक्टिस है. पहली बार नहीं था कि यंग साइड चुनी गई हो. ना ही ऐसा था कि वेस्ट इंडीज़ बहुत बड़ी टीम है और भारत के लिए उन्हें हराना बहुत मुश्किल था.'

बता दें कि भारत ने इस सीरीज़ में युवा टीम उतारी थी. रोहित शर्मा, विराट कोहली जैसे दिग्गजों को आराम दिया गया था. जबकि जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत जैसे दिग्गज चोट के चलते टीम से बाहर थे.

टीम इंडिया ने सीरीज़ की शुरुआत ही बैकफ़ुट पर की. टीम का बैटिंग ऑर्डर फ़ेल रहा और पहले दोनों मैच में उन्हें हार मिली.  पहले मैच में भारत जीत के लिए 150 रन नहीं बना पाया. जबकि दूसरे मैच में पहले बैटिंग करते हुए टीम 152 रन ही जोड़ पाई. हालांकि इसके बाद अगले दोनों मैच भारत ने आसानी से जीते. तीसरे मैच में टीम इंडिया सात विकेट से जीती. जबकि चौथे मैच को टीम ने नौ विकेट से अपने नाम किया.

लेकिन इसके बाद पांचवें मैच में बैटिंग एक बार फिर से फ़ेल ही रही. सूर्या को छोड़ बाक़ी कोई बल्लेबाज विंडीज़ के बोलर्स को कूट नहीं पाया. अब टीम आयरलैंड के खिलाफ़ तीन T20I मैच की सीरीज़ खेलेगी. इस टूर के लिए जसप्रीत बुमराह को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. जबकि सितांशु कोटक टीम के कोच होंगे.

वीडियो: टीम इंडिया के हारते ही हार्दिक पांड्या का कौन सा बयान याद आ गया?

Advertisement

Advertisement

()