विराट कोहली ने यो-यो टेस्ट के नंबर्स शेयर किए, BCCI ने वॉर्निंग दे दी
BCCI ने सभी खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट का नियम याद दिलाया.

“The happiness of finishing the Yo Yo test between the dreaded cones. 17.2 don.”
ये कैप्शन क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने बीते दिन अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक तस्वीर के साथ लिखा था. इस कैप्शन में जो नंबर्स बताए गए हैं, वो विराट कोहली के हालिया यो-यो टेस्ट के हैं. दरअसल, एशिया कप से पहले भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी बैंगलुरु कैम्प में पहुंच गए हैं. इस दौरान विराट ने अपने यो-यो टेस्ट के आंकड़े सोशल मीडिया पर शेयर किये. इससे उनके फ़ैन्स तो बहुत खुश हुए, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) नाराज़ हो गया है.
जी हां. विराट के ऐसा करने के कुछ ही देर बाद BCCI ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को सख्त हिदायत दे दी है कि अब से कोई भी खिलाड़ी अपने यो-यो टेस्ट के आंकड़े सार्वजनिक नहीं करेगा.
हाल में ही अलूर में टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट हुआ था. इसमें विराट के अलावा रोहित शर्मा (Rohit Sharma), हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) और टीम के कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल रहे. विराट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया था कि उन्होंने यो-यो टेस्ट में 17.2 का स्कोर हासिल किया है. इसके बाद ही BCCI की चेतावनी आ गई.
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI इस बात से बिल्कुल भी खुश नहीं है. बोर्ड के एक अधिकारी ने अखबार को बताया,
“खिलाड़ियों को साफ तौर पर ये बता दिया गया है कि वो इस तरह की किसी गोपनीय चीज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा ना करें. ट्रेनिंग के दौरान वे अपनी तस्वीर साझा कर सकते हैं लेकिन अपने यो-यो टेस्ट का स्कोर शेयर करना कॉन्ट्रैक्ट के नियमों का उल्लंघन है.”
विराट कोहली मौजूदा भारतीय टीम में सबसे फिट खिलाड़ियों में माने जाते हैं. उनकी फिटनेस की वजह से उनके फ़ैन्स इंडिया से बाहर भी हैं.
ये भी पढ़ें- क्या है 'यो-यो टेस्ट', जो कई खिलाड़ियों के लिए भारी पड़ जाता है?
विराट के अलावा रोहित, हार्दिक पंड्या और बाकी सभी खिलाड़ियों ने यो-यो टेस्ट पास कर लिया है. इसके अलावा कई खिलाड़ी ऐसी भी रहे, जो आयरलैंड दौरे पर होने के कारण इस टेस्ट का हिस्सा नहीं बन सके. एशिया कप के लिए शामिल की गई भारतीय टीम में कई खिलाड़ी इंजरी के बाद वापसी कर रहे हैं. केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह भी काफी समय से चोटिल थे और अब टीम में वापसी कर रहे हैं.
वीडियो: विराट कोहली इंस्टा पोस्ट से कितना कमाते हैं?

