गौतम के साथ मुझे... नए कोच के बारे में BCCI से क्या वादा कर गए हैं विराट कोहली?
गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बन चुके हैं. इस ख़बर के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि इनकी विराट कोहली से बनेगी या नहीं. और अब ख़बर है कि इस बारे में विराट ने BCCI से कुछ कहा है.

विराट कोहली और गौतम गंभीर. ये दोनों साथ आते हैं, तो ख़बरें बनती हैं. विराट हाल ही में T20I से रिटायर हुए. लेकिन वह वनडे और टेस्ट मैच खेलते रहेंगे. गंभीर को हाल ही में BCCI ने टीम इंडिया का हेड कोच चुना है. और इसके बाद से ही ख़बरें चल रही हैं कि ये दोनों साथ में कैसे एडजस्ट करेंगे.
गंभीर की नियुक्ति के बाद से ही लोग इस बारे में सवाल कर रहे हैं. और अब इस सिलसिले में एक नई अपडेट आई है. इससे पहले हिंदुस्तान टाइम्स ने रिपोर्ट किया था कि गंभीर की नियुक्ति से पहले विराट की राय नहीं ली गई थी. गंभीर आए और आते ही उन्होंने अपने बड़े प्लेयर्स को श्रीलंका टूर के लिए मांगा.
गंभीर चाहते हैं कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ब्रेक छोड़कर श्रीलंका खेलने पहुंचें. रोहित और विराट ने उनकी ये बात मान भी ली. हालांकि, बुमराह के केस में ऐसा नहीं हुआ. वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए उन्हें इस टूर से ब्रेक दिया गया है.
यह भी पढ़ें: सूर्या को मिली कप्तानी, लेकिन BCCI ने उप-कप्तान किसे बना दिया?
अब ख़बर है कि विराट ने बोर्ड से कहा है कि वह गंभीर के साथ अपने पुराने विवादों को भूलकर आगे बढ़ेंगे. विराट गंभीर के साथ मिलकर इंडियन क्रिकेट की बेहतरी के लिए काम करना चाहते हैं. क्रिकबज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में भी चर्चा हुई थी.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, रिपोर्ट में लिखा है,
'कोहली गंभीर के साथ काम करने में कंफ़र्टेबल हैं. और उन्होंने ये बाद स्पष्ट तौर से संबंधित ऑफ़िशल्स को बता दी है. इन दोनों के बीच के पुराने इतिहास के बावजूद, कोहली ये बता चुके हैं कि उन्हें गंभीर के साथ काम करने में कोई समस्या नहीं है. IPL मैचेज़ के दौरान हुई भिड़ंत पीछे छूट चुकी है.
और इसका असर ड्रेसिंग रूम के अंदर के प्रफ़ेशनल रिश्तों पर नहीं पड़ेगा. वर्ल्ड कप फ़ाइनल के बाद इस बारे में चर्चा भी हुई थी. कोहली ने संबंधित लोगों को आश्वासन दिया कि उन्हें पता है कि दोनों ही लोग देश के हित में काम करेंगे. और वह पुराने विवादों से आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.'
इससे पहले IPL2024 के दौरान गंभीर और कोहली साथ में दिखे थे. KKRvsRCB मैच से पहले दोनों की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई थीं. कोहली ने Puma के एक इवेंट के दौरान इस बारे में बात भी की थी. वह बोले थे,
'लोग मेरे व्यवहार से बहुत निराश हैं. मैंने नवीन को गले लगा लिया और फिर अगले दिन, गौती भाई आए और उन्होंने मुझे गले लगा लिया. आपका मसाला खत्म हो गया, इसलिए आप मजाक बना रहे. हम अब बच्चे नहीं रहे.'
IPL के बाद गंभीर ने भी इस मसले पर बात की थी. उन्होंने एक बातचीत में कहा था,
‘धारणाएं सच्चाई से बहुत दूर हैं. विराट कोहली के साथ मेरा रिश्ता ऐसी चीज है, जिसे इस देश को जानना जरूरी नहीं है. हम दोनों के पास खुद को व्यक्त करने और अपनी टीम्स को जीत दिलाने का पूरा अधिकार है. हमारे रिश्ते लोगों को मसाला देने के लिए नहीं हैं.’
ये तो हुईं कहने की बातें, अब देखने वाली बात होगी कि ये दो दिग्गज एक ड्रेसिंग रूम शेयर करते हुए कैसे एडजस्ट करेंगे.
वीडियो: गौतम गंभीर ने एमएस धोनी, विराट कोहली और BCCI से जुड़ा क्या बताया जो वायरल हो रहे?

