The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Virat Kohli after loosing captaincy might become even more dangerous in limited over cricket says Gautam Gambhir

कप्तानी छिन जाने से और भी खतरनाक हो जाएंगे कोहली?

कोहली फ़ैन्स इस बात से सहमत होंगे.

Advertisement
pic
12 दिसंबर 2021 (अपडेटेड: 12 दिसंबर 2021, 01:32 PM IST)
Img The Lallantop
भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली और पूर्व भारतीय खिलाड़ी गौतम गंभीर (पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more
विराट कोहली को भारतीय वनडे टीम की कप्तानी से हटाए जाने पर सभी क्रिकेटिंग दिग्गज अपनी-अपनी राय रख रहे हैं. पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ गौतम गंभीर ने भी कोहली के बारे में कुछ कहा है. गंभीर का कहना है कि कप्तानी ना रहने से विराट एक बल्लेबाज़ के तौर पर और भी खतरनाक होकर सामने आ सकते हैं. उनका मानना है कि कप्तानी का एक अलग ही दबाव होता है जिसके हटने से व्हाइट बॉल क्रिकेट में कोहली के बल्ले से खूब सारे रन निकलेंगे. गंभीर ने तो यहां तक आश्वासन दे दिया है कि कप्तानी जाने से ना तो विराट के खेल पर कोई फर्क पड़ेगा न उनके रवैये पर. कोहली मैदान पर उतने ही आक्रामक नजर आएंगे जितने वे पहले थे. गंभीर का कहना है कि विराट का व्हाइट बॉल क्रिकेट में वही रोल रहेगा, जो एक सीनियर खिलाड़ी का टीम में होता है. भले ही वो टीम की कप्तानी ना कर रहा हो. वनडे और T20 टीम में विराट का रोल कैसा होगा? इस पर स्टार स्पोर्ट्स के एक में गंभीर ने कहा,
'बिल्कुल वैसा ही जैसा टेस्ट मैच में रोहित शर्मा का रोल है, फर्क सिर्फ इतना है कि कप्तानी उनके पास नहीं है. हो सकता इससे विराट कोहली और ज्यादा आजादी के साथ खेल पाएं. हो सकता है कि कप्तानी का दबाव हटने से वे व्हाइट बॉल क्रिकेट में और भी ज्यादा खतरनाक हो जाएं.'
गंभीर का मानना है कि विराट के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर कप्तानी जाने का अच्छा ही असर पड़ेगा. साथ ही इससे टीम को भी फायदा होगा. गंभीर ने कहा कि भले ही विराट टीम के कप्तान ना रहें, लेकिन एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर उनकी राय टीम के बेहद काम आएगी. गंभीर ने इस बारे में कहा,
'मुझे पूरा भरोसा है कि वे भारत को जरूर प्राउड फील करवाएंगे. वे लगातार रन बनाते रहेंगे, फिर चाहे वो व्हाइट बॉल क्रिकेट की बात हो या फिर रेड बॉल क्रिकेट की. साथ ही ये भी होगा कि टीम में दो अलग खिलाड़ी होंगे जो अपने-अपने विचार रखेंगे. साथ ही टीम को किस दिशा में लेकर चलना चाहिए ये भी शेयर करेंगे.'
जैसा कि सभी क्रिकेट फै़न्स जानते हैं कि विराट जब भी मैदान पर होते हैं तो उनकी एनर्जी अलग ही लेवल की होती है. कोहली छोटी-बड़ी हर अचीवमेंट पर पूरे जोश के साथ रिएक्ट करते हैं. गंभीर का कहना है कि कप्तानी छूटने के बाद भी विराट के इस रवैये में कोई अंतर नहीं आएगा. वे बिना कप्तानी के भी उतने ही जुनून के साथ मैदान पर उतरेंगे जितना वे कप्तान के रूप में उतारते थे. गंभीर ने कहा,
'मुझे पूरा यकीन है कि भारत को विराट कोहली का बेस्ट प्रदर्शन देखने को ही मिलेगा. साथ ही जिस तरह का जोश और जुनून वे पिछले कुछ सालों से फील्ड पर दिखाते आए हैं, मुझे पूरा यकीन है कि वे आगे भी दिखाते रहेंगे. भले ही वो टीम के कप्तान हो या ना हों.'
बता दें कि BCCI ने बीती 8 दिसंबर को साउथ अफ्रीका टूर पर जाने वाली भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा की थी. और इसी के साथ उन्होंने यह भी बता दिया था कि अब विराट की जगह रोहित शर्मा इंडियन वनडे टीम के कप्तान होंगे. रोहित पहले ही T20 फॉर्मेट की कमान संभाल चुके हैं.

Advertisement

Advertisement

()