The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Vinesh Phogat lashes out at Haryana govt after 21-year-old drowns in swimming pool

हरियाणा स्विमिंग पूल में युवा खिलाड़ी की मौत, विनेश फोगाट सरकार पर बरसीं

परिवार ने गंभीर आरोप लगाए कि पूल साफ करने के समय पानी में बिजली का करंट छोड़ दिया जाता है. गौरव जिस वक्त पूल में था, उस वक्त करंट छोड़ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

Advertisement
pic
16 मई 2026 (पब्लिश्ड: 07:25 PM IST)
Vinesh Phogat lashes out at Haryana govt after 21-year-old drowns in swimming pool
विनेश ने कहा कि भाषण और विज्ञापन देना आसान है, लेकिन खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल देना सरकार की असली जिम्मेदारी है. (फोटो- AFP/FB)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हरियाणा के जींद जिले में 21 साल के युवा एथलीट गौरव जैन की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई. ये घटना एकलव्य स्टेडियम के स्विमिंग पूल में 14 मई को हुई. घटना के बाद गौरव के परिवार ने लापरवाही का आरोप लगाया है. वहीं, रेसलर और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला है.

गौरव जैन जींद के गांधी गली के रहने वाले थे. वो पिछले 25 दिनों से स्टेडियम में स्विमिंग कोर्स कर रहे थे. परिवार ने कोर्स के लिए 3,500 रुपये फीस दी थी. ट्रेनिंग शाम 7 बजे से 8 बजे तक होती थी. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक 14 मई की शाम को वो प्रैक्टिस के लिए गए, लेकिन 8:30 बजे तक घर नहीं लौटा. परिवार वाले चिंतित होकर स्टेडियम पहुंचे.

पिता संजय जैन ने बताया कि पहले उन्हें पूल एरिया में घुसने नहीं दिया गया. जब उन्होंने जबरदस्ती अंदर प्रवेश किया तो गौरव का शव पूल में तैरता हुआ दिखा. परिवार का आरोप है कि पूल स्टाफ और कोच ने मदद नहीं की. खुद पिता और भतीजे ने शव को पानी से निकाला और मोटरसाइकिल पर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया.

परिवार ने और भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि पूल साफ करने के समय पानी में बिजली का करंट छोड़ दिया जाता है. गौरव जिस वक्त पूल में था, उस वक्त करंट छोड़ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क गया. परिवार और लोग उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और डिप्टी स्पीकर से मिले और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.

पुलिस ने सिविल लाइंस थाने में कोच, पूल ऑपरेटर और मैनेजमेंट स्टाफ के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और जांच जारी है.

विनेश फोगाट का तीखा हमला

हरियाणा में हुई ये कोई पहली घटना नहीं है. नवंबर 2025 में हरियाणा में बास्केटबॉल पोल गिरने से दो युवा प्लेयर्स की मौत हुई थी. घटना को लेकर विनेश फोगाट ने X पर लंबा पोस्ट लिखकर सरकार की लापरवाही पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि गौरव की मौत ‘साधारण एक्सीडेंट’ नहीं है.

विनेश ने राज्य के स्पोर्ट्स मिनिस्टर गौरव गौतम पर निशाना साधते हुए लिखा,

"जब मैंने जुलाना विधानसभा में रामराई गांव में स्विमिंग पूल बनाने की मांग की थी, तो मंत्री जी ने कहा था कि जींद में पहले से ओलंपिक स्तर का पूल है. आज पूरा हरियाणा उस पूल की हालत देख रहा है. खिलाड़ियों से फीस ली जाती है, लेकिन सुरक्षा का इंतजाम शून्य है."

x
विनेश का X पोस्ट.

उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ियों की संख्या बढ़ गई है, लेकिन कोचिंग और मॉनिटरिंग सिस्टम कमजोर है. विनेश ने बताया,

"पहले बास्केटबॉल पोल वाली घटना में भी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ा गया. अब कौन जिम्मेदारी लेगा? स्टेडियम ही खिलाड़ियों की जान लेने लगे तो खेल को बढ़ावा देने का मॉडल शर्मनाक है."

विनेश ने आगे कहा कि भाषण और विज्ञापन देना आसान है, लेकिन खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल देना सरकार की असली जिम्मेदारी है.

हरियाणा खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है, लेकिन बार-बार ऐसी घटनाएं सुविधाओं की खराब स्थिति दिखाती हैं. परिवार और विनेश फोगाट की मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए.

वीडियो: विनेश फोगाट ने कुश्ती में वापसी का किया ऐलान, इस ओलंपिक के लिए करेंगी तैयारी

Advertisement

Advertisement

()