वैभव सूर्यवंशी 10वीं का एग्जाम नहीं देंगे, पता है क्यों?
Vaibhav Sooryavanshi to skip High School Exam: भारत के उभरते हुए स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अपनी CBSE बोर्ड की हाई स्कूल की परीक्षा छोड़ने वाले हैं. इसकी वजह भी बताई गई है.

भारत के उभरते हुए स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अपनी सीबीएसई बोर्ड की हाई स्कूल की परीक्षा छोड़ने वाले हैं. उनका परीक्षा फॉर्म भरा जा चुका है और प्रवेश पत्र भी जारी हो गया है. एग्जाम का सेंटर भी पता चल गया है लेकिन बिहार के ताजपुर में मॉडस्टी स्कूल में पढ़ने वाले वैभव सूर्यवंशी पेपर देने नहीं जाएंगे.
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, अपने व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम की वजह से वैभव सूर्यवंशी ने फैसला किया है कि वह इस साल परीक्षा नहीं देंगे. स्कूल और उनके पिता संजीव सूर्यवंशी के बीच हुई चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया.
वैभव सूर्यवंशी काफी दिनों से खेल के सिलसिले में लगातार ट्रैवेल करते रहे हैं. इस दौरान न स्कूल जा पाते थे और न घर पर रह पाते थे. इससे उनकी परीक्षा की तैयारी पर काफी बुरा असर पड़ा है. अधूरी तैयारी के साथ वह परीक्षा में नहीं बैठना चाहते. ऐसे में हाईस्कूल की परीक्षा उन्हें छोड़नी पड़ रही है.
सिर्फ 14 साल के प्रतिभाशाली क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 विश्व कप के फाइनल मैच में उन्होंने 175 रन बनाए. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 30 छक्के जड़े. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में भी उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए हैं. आईपीएल में शतक लगाने वाले वह सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं.
ऐसी गजब की प्रतिभा के बावजूद वैभव ICC के ‘मिनिमम एज रूल’ के कारण भारत की सीनियर टीम के लिए नहीं खेल सकते. इस नियम के अनुसार खिलाड़ियों की आयु कम से कम 15 साल होनी चाहिए. साथ ही, बीसीसीआई के ‘वन-टूर्नामेंट’ नियम के कारण वो आने वाले समय में अंडर-19 विश्व कप में भी नहीं खेल सकते. हालांकि, वो जैसा प्रदर्शन कर रहे हैं, लोग भारत की अंतरराष्ट्रीय टीम में उनकी जगह पक्की मान रहे हैं. उनका कहना है कि बस समय की बात है. उम्र का बैरियर पार करते ही उन्हें भारतीय टीम में ले लिया जाएगा.
वीडियो: वैलेंटाइन डे पर सड़कों पर विरोध, कई शहरों में तनाव का माहौल

.webp?width=60)

