The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Uniformed police officer showcases fiery bowling skills, Mumbai Indians share viral video

क्रिकेट एकेडमी में बैटिंग करने वाले पुलिसवाले की गेंदबाजी नहीं झेल पाए, सबकी डंडियां उखड़ीं

वीडियो देख कोई बोला इसे बुमराह की जगह दे दो तो किसी ने कहा मुंबई इंडियंस में सिलेक्ट कर लो.

Advertisement
pic
11 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 11 अगस्त 2023, 09:44 PM IST)
Policeman stuns batter with his pace sending down thunderbolts in nets; netizens react
फ़ैन्स ने कहा, इनको ट्रायल के लिए बुलाना चाहिए (साभार - ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

क्रिकेट एकेडमी में बैटिंग की कोचिंग ले रहे छोरे एक पुलिसवाले की बोलिंग नहीं झेल पाए. इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल है. इसमें एक पुलिसकर्मी नेट पर बैटिंग प्रैक्टिस कर रहे लड़कों को बोलिंग कर रहा है. एक के बाद एक उनकी डंडियां उड़ा रहा है. वीडियो देख कई लोगों ने ये तक कहा,

'बुमराह की जगह इनको दे दो...'

जसप्रीत बुमराह. मॉर्डन क्रिकेट के सबसे खतरनाक पेसर्स में से एक. 2013 से IPL और 2016 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे बुमराह के एक्शन को अभी तक कोई भी बल्लेबाज़ समझ नहीं पाया है. मुंबई इंडियंस के इस स्टार बॉलर का स्लोअर यॉर्कर और बाउंसर से अब भी बल्लेबाज़ बचते दिखते हैं.

ऐसे में अगर बुमराह की जगह किसी और को देने की बात कही जाए, तो बंदे में कुछ ख़ास तो होगा ही. IPL की सबसे सफल टीम्स में से एक मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो का कैप्शन था,

'हेलो, 100, हम भयानक पेस का एक मामला दर्ज करवाना चाहते हैं.'

इस वीडियो का क्रेडिट दुर्जन हरसानी को दिया गया. दुर्जन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रोज अपनी बॉलिंग के वीडियो डालते रहते हैं. मुंबई इंडियंस ने उनके इंस्टाग्राम से एक वीडियो उठाकर ट्वीट कर दिया. इस वीडियो पर लगभग 4.5 लाख व्यूज़ आ गए हैं. 12 हज़ार के आसपास लाइक्स हैं, और 550 से ज्यादा लोगों ने इसे रीपोस्ट किया है.

ऊपर एम्बेड किया हुआ वीडियो आपने देख ही लिया होगा. दुर्जन दौड़कर आते हैं, और एक स्मूद राउंड आर्म एक्शन से बॉलिंग करते हैं. बाकायदा नेट्स लगे हुए हैं, लड़के बैटिंग कर रहे हैं. एक-के-बाद-एक दुर्जन बैक ऑफ द लेंथ बॉल्स डालते हैं. बैट और पैड के गैप से दुर्जन कई बार लड़कों को बोल्ड करते हैं. हालांकि, अगर आप थोड़ा बहुत क्रिकेट समझते हैं तो लड़कों के फुटवर्क पर सवाल खड़ा करेंगे. पर इसके बावजूद दुर्जन की काबिलियत और अच्छी बॉलिंग पर कोई सवाल नहीं उठना चाहिए.

ट्विटर पर लोगों ने इस वीडियो पर ढेर सारे कॉमेंट्स किए. कुछ लोगों ने एक्शन की तारीफ की, कुछ ने मौका देने की बात की और कुछ ने बल्लेबाज़ों पर सवाल खड़े किए. एक ने लिखा,

'बहुत स्मूद एक्शन, सटीक बॉलिंग.'

दूसरे ने लिखा,

‘क्रिकेट उनका पहला प्रोफेशन नहीं है, ये देखते हुए उनका बॉलिंग एक्शन काफी अच्छा है.’

एक और कॉमेंट आया,

‘आप एक आदमी को क्रिकेट से दूर कर सकते हैं, पर क्रिकेट को एक आदमी से दूर नहीं कर पाएंगे.’

एक ने तो ट्रायल्स की बात कर दी. लिखा,

‘आपको (मुंबई इंडियंस को) इन्हें ट्रायल के लिए बुलाना चाहिए. बढ़िया होगा.’

और एक ट्वीट हमने इस रिपोर्ट के शुरुआत में ही आपको दिखा दिया था. आगे बढ़ते हैं, ट्रेनिंग कर रहे बल्लेबाज़ों पर क्या ट्वीट्स आए, वो देखिए. सुंदरदीप नाम के एक यूजर ने लिखा,

'ये लड़का लगभग 30 मिनट लेट रिएक्ट कर रहा है.'

एक और कॉमेंट देखिए.

‘बॉलर को क्रेडिट मिलना चाहिए. पर इस अकादमी के बैटिंग कोच को हटा दिया जाना चाहिए.’

एक और ने लिखा,

‘इन बल्लेबाज़ों के पैर में ग्लू लगा है. इनके पैर ही नहीं हिल रहे हैं.’

आपने वीडियो देखा, बल्लेबाज़ी भी देखी. आपकी इस वीडियो पर क्या राय है, हमें कॉमेंट कर बताइए.

वीडियो: IPL 2023: शुभमन गिल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगाई सेंचुरी, विराट ने फोटो डाल कहा..

Advertisement

Advertisement

()