The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Tilak varma international debut match India vs West indies Profile of Tilak verma

बैट खरीदने तक के पैसे नहीं थे, अब लड़का टीम इंडिया की लाज बचा रहा!

कहानी उस बल्लेबाज़ की जिसे देख फैन्स को सुरेश रैना याद आ गए...

Advertisement
pic
7 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 7 अगस्त 2023, 02:47 PM IST)
Tilak varma, IND vs WI, International cricket
तिलक वर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में मचाया धमाल (PTI/AP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

तारीख 5 जुलाई 2023. वेस्टइंडीज़ के खिलाफ होने वाली T20I सीरीज़ के लिए इंडियन टीम की घोषणा हुई. इसमें एक नाम जिसे देख फैन्स काफी उत्साहित हुए, वो था तिलक वर्मा (Tilak Verma) का. वही तिलक जिन्होंने IPL 2023 में गदर काट रखा था. अब फैन्स तिलक को खेलते देखने को लेकर इतने ज्यादा एक्साइटेड क्यों थे, ये देखने को मिला वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए पहले T20I मैच में. यानी 3 अगस्त 2023 को. 150 रन के स्कोर को चेज कर रही इंडियन टीम के दोनों ओपनर 28 रन तक पवेलियन लौट गए. और तब क्रीज पर आए तिलक वर्मा. अल्जारी जोसेफ द्वारा डाली गई पहली गेंद को उन्होंने डॉट खेला. लगा कि किसी नए बल्लेबाज़ की तरह वो भी क्रीज पर थोड़ा टाइम लेंगे. लेकिन तिलक ने किया इसका ठीक उल्टा. अगली दो गेंद पर बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने बैक टू बैक सिक्स लगा दिया. लगा ही नहीं कि कोई नया खिलाड़ी मैदान में है. तिलक ने मैच में 39 रन बनाए. महज 22 गेंद में. इंडियन टीम भले ही ये मैच हार गई, लेकिन तिलक वर्मा ने विस्फोटक पारी के लिए खूब वाहवाही लूटी.

खैर ये तो बस शुरुआत थी. 6 अगस्त को दोनों टीम के बीच दूसरा T20I मैच खेला गया. इसमें टीम इंडिया खराब बैटिंग की वजह से हारी जरूर, मगर तिलक ने 51 रन बना टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. खैर तिलक वर्मा यहां तक कैसे पहुंचे? क्या है उनकी पूरी कहानी, चलिए बताते हैं.

# कौन हैं तिलक वर्मा?

तिलक वर्मा का जन्म 8 नवंबर 2002 को हैदराबाद में हुआ. उनके घर की आर्थिक स्थिति कभी ठीक नहीं रही. ऐसे में इस मुकाम तक पहुंचने से पहले तिलक का जीवन संघर्षों से भरा रहा. तिलक के पिता नम्बूरी नागराजू इलेक्ट्रीशियन हैं. और उनकी कमाई से घर का खर्चा मुश्किल से चलता था. तिलक का बड़ा भाई पढ़ाई में करियर बनाना चाहता था, जबकि तिलक क्रिकेटर बनना चाहते थे. लेकिन पिता ने तिलक के सपने के बीच आर्थिक मजबूरी को आने नहीं दिया. ज़रा सा भी एहसास नहीं होने दिया. जितनी जरूरतें थीं, सारी पूरी करने की हमेशा कोशिश की. साल 2022 में IPL ऑक्शन के बाद दैनिक भास्कर से बातचीत में तिलक ने ऐसी ढेर सारी बातें बताई थीं. तिलक ने कहा था कि मुझे आज भी याद है कि जब मैं पिता से कोई सामान खरीदने के लिए कहता था तो वे मना नहीं करते थे, सिर्फ इतना कहते थे कि कुछ दिन का समय दे दो. फिर पापा कुछ दिनों में वह सामान लाकर दे देते थे. इसके लिए कई बार तो वे अपनी जरूरी चीजें भी नहीं खरीदते थे. ''

तिलक वर्मा को क्रिकेटर बनाने में उनके पिता के अलावा कोच सलाम बायश का भी बड़ा हाथ है. तिलक ने उन्हीं से क्रिकेट के सभी गुर सीखे. उनके पास किट खरीदने तक के पैसे नहीं थे. और उन दिनों को याद करते हुए तिलक ने बताया कि मेरे पास अपनी खुद की किट भी नहीं थी. कोच सर हमेशा मदद करते थे. दूसरे लड़कों से बैट, पैड, ग्लव्स लेकर देते थे. मैंने चार साल पहले जब सीनियर कैटेगरी में रणजी खेलना शुरू किया, तब मैच फीस से पहली बार मैंने अपने लिए बैट खरीदा.

NDTV में छपी खबर के मुताबिक कोच सलाम ने तिलक के पिता को भरोसा दिलाया कि वो तिलक को क्रिकेट खेलने दें. लेकिन सामने चुनौती बहुत बड़ी थी. क्रिकेट खेलने के लिए तिलक को 40 किलोमीटर दूर तक जाना होता था. जहां कोच सलीम उन्हें सुबह मोटरसाइकिल पर बिठा कर लेकर जाते थे और शाम को वापस लेकर आते थे. इस दौरान थकान की वजह से तिलक अक्सर मोटरसाइकिल पर ही सो जाते थे. हालांकि बाद में तिलक के पिता एकेडमी के पास ही जाकर शिफ्ट हो गए और वहां नौकरी करने लगे.

तिलक का करियर

और धीरे-धीरे तिलक की मेहनत रंग लाने लगी. डोमेस्टिक लेवल पर U16 और फिर U19 क्रिकेट खेलने के बाद साल 2018 में तिलक ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. जबकि उन्हें अगले ही साल हैदराबाद के लिए लिस्ट ए और T20 मैच खेलने का मौका मिला. वो साल 2020 में टीम इंडिया की U19 टीम का हिस्सा बने. उन्होंने टूर्नामेंट में छह मुकाबलों में 28.66 के एवरेज से 86 रन बनाए. तिलक वर्मा के लिए साल 2021-22 सीजन सबसे ज्यादा शानदार रहा.

उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के पांच मुकाबलों में 180 रन बनाने के अलावा चार विकेट भी झटके. वहीं सैयद मुश्ताक अली T20 टूर्नामेंट में उन्होंने सात मैच खेलते हुए 147 के स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए. ऐसे में मुंबई की नजर इस खिलाड़ी पर पड़ी. तिलक को मुंबई ने मेगा ऑक्शन में 1.70 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा और तिलक ने टीम को निराश नहीं किया. इस बल्लेबाज़ के लिए साल 2022 का IPL ब्रेकथ्रू साबित हुआ. उन्होंने 14 मैच में 36.09 की औसत से 397 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 131.02 का रहा. जो बेहद शानदार है. पहले IPL के इस सीज़न और अब इंटरनेशनल क्रिकेट के पहले दो मैच में भी तिलक ने जिस तरह का खेल दिखाया है, उसे देख फैन्स तिलक के लंबे और सफल करियर की उम्मीद करेंगे. 

वीडियो: हार्दिक की टीम में होगा बदलाव, इस प्लेयर को मिलेगा मौका?

Advertisement

Advertisement

()