कहानी उस रणजी टीम की, जो कभी सेमीफाइनल तक नहीं पहुंची थी, अब ट्रॉफी से एक कदम दूर है
जम्मू-कश्मीर (Jammu & Kashmir) की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) के फाइनल में पहुंची है. उसने सेमीफाइनल में बंगाल (Bengal) को हराया. रणजी ट्रॉफी 2025-2026 सीजन में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने कमाल की बॉलिंग की है.
.webp?width=210)
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) एक ऐसी टीम, जिसे रणजी ट्रॉफी में कॉम्पिटिटर नहीं माना जाता. उसे तवज्जो नहीं दी जाती. उसके मैच को फैंस टीवी पर नहीं देखते हैं. मौजूदा समय में टीम में ऐसा कोई प्लेयर नहीं, जिसके पास इंटरनेशनल क्रिकेट का एक्सपीरिएंस हो. अगर उनके पास अनुभव है, तो सिर्फ फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए मैचों का. जम्मू-कश्मीर के अलावा बाकी रणजी टीमों में कई इंटरनेशनल प्लेयर खेलते हैं. लेकिन, 2025-2026 के सीजन में जम्मू-कश्मीर की इसी कम अनुभवी वाली टीम ने कई नामी टीमों की हवा निकाल दी. इस सीजन से पहले वह कभी सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंची थी. लेकिन, रणजी सीजन 2025-2026 जम्मू-कश्मीर की टीम न सिर्फ सेमीफाइनल में पहुंची, बल्कि पहली बार फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया.
पिछले सीजन मिले थे साइनरणजी ट्रॉफी 2024-2025 के सीजन में जम्मू-कश्मीर की टीम ने बड़ा उलटफेर किया था. ग्रुप डी में उसने यादगार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को हराया. जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मुंबई की यह शर्मनाक हार थी. तब मुंबई की टीम में आधे से ज्यादा इंटरनेशनल प्लेयर्स थे. यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर जैसे सितारों के रहते जम्मू-कश्मीर ने उसे पटखनी दी.
शरद पवार क्रिकेट एकेडमी, मुंबई में हुए इस मैच में मुंबई की टीम पहली पारी में 120 और दूसरी इनिंग्स में 290 रन बना पाई. वहीं, जम्मू-कश्मीर ने पहली इनिंग्स में 206 रन बनाए. इसके बाद उसे मैच जीतने के लिए 205 रनों का टारगेट मिला, जिसे जम्मू-कश्मीर ने 5 विकेट पर हासिल कर लिया. मुंबई के लिए यह हर्टब्रेकिंग हार थी. इस जीत के बाद जम्मू-कश्मीर के इरादे बुलंद हो गए थे. यह मुंबई के खिलाफ सिर्फ उसकी दूसरी जीत थी. इससे पहले, जम्मू-कश्मीर ने मुंबई को 2014-2015 के सीजन में हराया था.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया के लिए सुपर-8 में क्यों साउथ अफ्रीका होगी सबसे बड़ी चुनौती?
टीम में जिद्दी पेस अटैकपहाड़ी एरिया से अक्सर पेस बॉलर पैदा होते हैं. जिद्दी पन उनके खून में होता है. पहाड़ों में रहने वाले इन बॉलर्स के इरादे भी फौलादी होते हैं. उमरान मलिक, आकिब नबी, रासिख सलाम, युधवीर सिंह चरक और उमर नाजिर मीर ये कुछ ऐसे तेज गेंदबाज हैं, जिनका जन्म हिल एरिया में हुआ. ये सभी बॉलर रणजी ट्रॉफी में अपनी टीम के लिए खेले हैं.
पिछले दो वर्षों से रणजी ट्रॉफी में जम्मू कश्मीर के पेसर्स धुआंधार गेंदबाजी कर रहे हैं. रणजी ट्रॉफी 2024-2025 के सीजन में आकिब नबी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे बॉलर थे. बीते सीजन उन्होंने 8 मैचों में 44 विकेट झटके थे. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 53 रन पर 6 विकेट था. उनके अलावा, बीते सीजन युधवीर सिंह ने भी अपनी पेस बॉलिंस से लोहा मनवाया. युधवीर ने 7 मैच में 26 विकेट चटकाए, जबकि उमर नाजिर ने 5 मैच में 17 विकेट लिए. जम्मू-कश्मीर की टीम ज्यादातर अपने बॉलर्स के दम पर मैच जीतती है. 2024-2025 और 2025-2026 सीजन की बात करें तो टीम में ऐसा कोई बैटर नहीं है, जो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में शामिल हो.
2025-2026 सीजन में भी बॉलर्स का जलवाजम्मू-कश्मीर के लिए 2025-2026 का सत्र ड्रीम सीजन है. इस सीजन में भी उसके तेज गेंदबाजों ने ज्यादा विकेट निकाले हैं. पिछले सत्र में विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर रहे आकिब नबी, इस सीजन में नंबर वन बॉलर बनने के करीब हैं. वह 9 मैचों में अब तक 55 विकेट ले चुके हैं. मौजूदा सीजन में उनकी बेस्ट परफॉर्मेंस 24 रन पर 7 विकेट रही है. उनके अलावा, इस सीजन में लेफ्ट हैंड पेसर सुनील कुमार ने 8 मैचों में 29 विकेट झटके हैं. 29 रन पर 5 विकेट आउट करना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. बीते सीजन की तरह, इस सीजन में भी युधवीर सिंह कारगर रहे. उन्होंने 6 मैचों में 19 विकेट लिए हैं. इस सत्र में उनकी बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस 96 रन पर 5 विकेट है. वहीं, अगर स्पिनर्स की बात करें, तो 2025-2026 में आबिद मुश्ताक ने 9 मैचों में 20 विकेट अपने नाम किए हैं. उनके बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस 68 रन पर 7 विकेट हैं.
कुल मिलाकर रणजी ट्रॉफी 2025-2026 में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों का बोलबाला रहा है. टीम बल्लेबाजों पर नहीं, बल्कि गेंदबाजों पर निर्भर है. बंगाल के खिलाफ सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने करिश्माई बॉलिंग करते हुए टीम को जीत दिलाई. रणजी ट्रॉफी के 67 साल के इतिहास में जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है. कहते हैं न कि बल्लेबाज मैच जिताते हैं और बॉलर्स टूर्नामेंट. जम्मू-कश्मीर की टीम रणजी ट्रॉफी जीतने के बेहद करीब पहुंच गई है. वह पहली ट्रॉफी से बस एक कदम दूर है. फाइनल में एक बार फिर टीम की नजर आकिब नबी पर होगी. उन्होंने इस सीजन में बेहतरीन बॉलिंग की है. अगर फाइनल में वह 3 विकेट लेते हैं, तो इस सीजन में आकिब नबी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे.
वीडियो: भारत ने जीता U19 वर्ल्ड कप, वैभव सूर्यवंशी चमके

.webp?width=60)

