बांग्लादेश हारा लेकिन शाकिब अल हसन के लिए सब खुश होंगे
स्कॉटलैंड की जीत ने मज़ा थोड़ा फीका कर दिया.
Advertisement

शाकिब ने रिकॉर्ड बना दिया. (फोटो - इंडिया टुडे)
UAE और ओमान में शुरू हुए T20 World Cup का आगाज बांग्लादेश टीम के लिए तो बिल्कुल अच्छा नहीं हुआ. लेकिन हां, टीम के स्टार और वर्ल्ड क्रिकेट के बड़े ऑल-राउंडर शाकिब-अल-हसन ने एक रिकॉर्ड ज़रूर बना दिया है. स्कॉटलैंड के खिलाफ राउंड एक के मुकाबले में दो विकेट चटकाते ही शाकिब T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
स्कॉटलैंड के दो विकेट चटकाते ही क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में शाकिब के नाम 108 विकेट हो गए हैं. उन्होंने इस लिस्ट में श्रीलंका के लिजेंड लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है.
कैसे हासिल किया मुकाम:
इस मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान महमुदुल्लाह ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग चुनी. 10 ओवर के अंदर स्कॉटलैंड टीम अपनी तीन विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद 11वां ओवर करने शाकिब अल हसन आए. इससे पहले शाकिब दो ओवर फेंक चुके थे. लेकिन इस तीसरे ओवर में ही इतिहास बनना था. ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने पहले रिची बैरिंग्टन का विकेट निकाला. इसके बाद ओवर में उन्होंने एक ओर विकेट निकाला और ये रिकॉर्ड हासिल कर लिया. शाकिब ने शून्य के स्कोर पर माइकल लस्क को आउट किया और T20 करियर में अपना 108वां विकेट हासिल कर लिया.
#मैच में क्या हुआ?
रविवार, 17 अक्टूबर से T20 वर्ल्ड कप का पहला राउंड शुरू हो गया है. पहले राउंड के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश का सामना स्कॉटलैंड से हुआ. मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बांग्लादेश के लिए शुरुआत भी शानदार हुई. क्योंकि तीसरे ओवर में ही मो. सैफुद्दीन ने कप्तान काइल कोएट्जेर का शून्य पर विकेट निकाल दिया.
इस विकेट के बाद स्कॉटलैंड टीम के लिए जॉर्ज मुंसे और मैथ्यू क्रॉस के बीच एक छोटी साझेदारी ज़रूर हुई. लेकिन उससे उतने रन नहीं आ सके. इस पार्टनरशिप के बाद क्रिस ग्रीव्स और मार्क वाट ने साथ में कुछ रन जोड़े और टीम को एक सम्मानजनक टोटल तक लेकर गए.
20 ओवर में टीम ने नौ विकेट खोकर 140 रन लगाए. जिसमें सबसे ज्यादा रन क्रिस ग्रीव्स ने 45, जॉर्ज मुंसे ने 29 और मॉर्क वाट ने 22 बनाए.
मैदान पर 141 रनों का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने लिटन दास और सौम्य सरकार को पांच ओवर के अंदर ही खो दिया. शाकिब अल हसन और मुश्फिकुर रहमान के बीच अच्छी पार्टनरशिप हुई लेकिन वो टीम को अंत तक नहीं ले जा सके. इन दोनों के आउट होने के बाद आफिफ़ हुसैन और महमुदुल्लाह ने थोड़ा इंटेट दिखाया. लेकिन वो भी जीत के लिए काफी नहीं था.
20 ओवर के अंदर टीम सिर्फ 134 रन ही बना पाई. जिसमें सबसे बड़ा योगदान मुश्फिकुर रहमान 38, महमुदुल्लाह 23 और शाकिब अल हसन(20) का रहा.

.webp?width=60)

