पाकिस्तान टूर पर अब क्या बोल गए केन विलियमसन?
न्यूज़ीलैंड की वापसी पर बोले कप्तान.
Advertisement

T20 World Cup में Pakistan से हारने के बाद मैदान से बाहर जाते Kane Williamson, Trent Boult और Tim Southee (एपी फोटो)
न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम. बीते सितंबर महीने में पाकिस्तान का टूर शुरू होने से ठीक पहले वापस लौट आई. और साथ ही लाई बहुत सारी बेइज्जती, पाकिस्तान के लिए. न्यूज़ीलैंड की टीम पाकिस्तान से लौटी और फिर इंग्लैंड ने भी उनके नक्शेकदम पर चलने का फैसला कर लिया. न्यूज़ीलैंड तो पाकिस्तान जाकर लौटा था, इंग्लैंड ने वहां जाने से ही इनकार कर दिया.
और इस बात ने पाकिस्तान की इमेज पर काफी बुरा प्रभाव डाला. ये प्रभाव इतना ज्यादा था कि PCB चीफ रमीज़ राजा ने ऐलान कर दिया था कि वे लोग T20 वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड को हराकर ही रहेंगे. और अब उनका ये दावा आधा पूरा हो चुका है. पाकिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को हरा दिया है. और इस हार के बाद न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने पाकिस्तान के अधूरे टूर पर भी बात की है.
विलियमसन ने इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा,
'जाहिर तौर पर यह पाकिस्तानी फ़ैन्स और पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक बात थी. यह ऐसा फैसला था जो प्लेयर्स के कंट्रोल से बाहर था. लेकिन वहां सारे लड़के उस सीरीज की शुरुआत के लिए उत्साहित थे. और दुर्भाग्य से यह हो नहीं पाई. इसलिए यह इसमें शामिल सभी लोगों के लिए निराशाजनक बात थी.'बता दें कि न्यूज़ीलैंड के वापस आने से पूरा पाकिस्तान गुस्सा था. और शोएब अख्तर जैसे पूर्व क्रिकेटर्स ने अपने सोशल मीडिया चैनल्स के जरिए कीवी प्लेयर्स पर निशाना साधा था. उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेटर टीम से इस बेइज्जती का बदला लेने की मांग की थी. हालांकि विलियमसन का मानना है कि शारजाह में हुए मैच के दौरान उन्हें नहीं लगा कि पाकिस्तान की टीम किसी दुर्भावना के साथ खेल रही है. विलियमसन ने कहा,
'मेरा मानना है कि उन्होंने सही और बेहतरीन तरीके से खेला. वे बहुत कंपटिटिव, गौरवान्वित क्रिकेटिंग देश हैं और उन्होंने आज की रात यह दिखाया भी. वह इस टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में बेहतरीन रहे हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि वे इस टूर्नामेंट में लगातार और इसके अंतर तक भी कंपटिटिव बने रहेंगे. बिलाशक उनकी उम्मीदें परवान चढ़ी हैं.'बता दें कि पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप की बेहतरीन शुरुआत की है. अपने पहले मैच में इंडिया को 10 विकेट से हराने के बाद उन्होंने दूसरे मैच में न्यूज़ीलैंड को पांच विकेट से हराया था.

.webp?width=60)

