The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • T20 World Cup Bangladesh urges Pakistan not to boycott India match in Colombo

पाकिस्तान का 'भाईचारा' हुआ बेचारा, BCB ने कह दिया- 'भारत से खेल ही लो'

T20 World Cup India Vs pakistan: लाहौर में पीसीबी के अधिकारियों से मीटिंग के बाद बांग्लादेश ने पाकिस्तान से कहा है कि वह भारत के खिलाफ कोलंबो में खेले जाने वाले मैच का बहिष्कार न करे.

Advertisement
pic
9 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 9 फ़रवरी 2026, 11:29 PM IST)
BCB chief on pakistan boycott match against india
बीसीबी चीफ ने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ खेलने की अपील की है. (india today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बांग्लादेश ने भी पाकिस्तान से कह दिया है कि वह 15 फरवरी को कोलंबों में भारत के खिलाफ टी-20 विश्वकप का मैच जरूर खेले (T20 World Cup India Vs Pakistan Match). बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने कहा कि पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम को इसका फायदा मिलेगा. 

BCB अध्यक्ष एमडी अमीनुल इस्लाम अपने लाहौर के बहुत छोटे से दौरे के ठीक बाद ये सलाह पाकिस्तान को दी है. लाहौर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की मीटिंग के बीच इस्लाम तकरीबन भागते हुए अचानक लाहौर पहुंचे थे. रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि बीसीपी के कई अधिकारियों को उनके इस दौरे की जानकारी भी नहीं थी.

खैर, लाहौर में PCB और BCB के बीच पता नहीं क्या बात हुई कि वहां से वापस लौटने के बाद एमडी अमीनुल इस्लाम पाकिस्तान को कोलंबों में भारत के खिलाफ मुकाबले में उतरने के लिए कहने लगे. 

बता दें कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में ही भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया था. इससे पहले बांग्लादेश के भारत में मैच खेलने से इनकार के बाद ICC ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्डकप में शामिल कर लिया. इससे बांग्लादेश बिना मैच खेले ICC T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है.

सोमवार, 9 फरवरी को BCB की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने PCB, ICC और इससे जुड़े सभी लोगों को थैंक्यू कहा है. इसमें खासतौर पर PCB के चेयरमैन मोहसिन रजा नकवी और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस को लेकर गहरा आभार जताया गया है. बांग्लादेश ने कहा कि इस पूरे समय में PCB ने बेहतरीन खेल भावना और एकजुटता दिखाई है.

रिलीज के मुताबिक, BCB अध्यक्ष एमडी अमीनुल इस्लाम ने कहा,

इस दौर में बांग्लादेश का साथ देने के लिए पाकिस्तान ने जो कोशिशें कीं, उनसे हम बहुत प्रभावित हैं. ये भाईचारे की भावना हमेशा बनी रहे.

उन्होंने आगे कहा, ‘पाकिस्तान की छोटी यात्रा के बाद और हमारी बातचीत के संभावित नतीजों को देखते हुए मैं पाकिस्तान से अनुरोध करता हूं कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ICC टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेले, ताकि पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम को इसका फायदा मिल सके.’

बता दें कि भारत और पाकिस्तान के सारे मैच श्रीलंका में होने हैं, लेकिन 15 फरवरी को दोनों देशों के बीच खेले जाने वाले पहले ही मैच को लेकर संदेह बना हुआ है कि ये होगा भी या नहीं. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से साफ इनकार कर दिया है. हालांकि, ICC के दबाव के बाद उसके सुर नरम हो रहे हैं. अब बांग्लादेश की अपील के बाद हो सकता है कि पाकिस्तान अपने फैसले पर फिर से विचार कर पलटी मारे.

इसी बीच ICC ने भी PCB और BCB के साथ लाहौर में हुई अपनी मीटिंग को सौहार्दपूर्ण बताया है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा कि इस मीटिंग में कई मुद्दों पर बात हुई, जिसमें ताजा विश्वकप को लेकर विवाद भी शामिल था. 

ICC ने कहा कि ये तय किया गया है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई भी आर्थिक, खेल से जुड़ा या प्रशासनिक जुर्माना या सजा नहीं लगाई जाएगी. साथ ही बांग्लादेश ICC मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2031 से पहले किसी एक ICC टूर्नामेंट की मेजबानी भी करेगा.

ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने बांग्लादेश के विश्वकप 2026 में न खेलने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे बांग्लादेश को लेकर ICC के कमिटमेंट में कोई बदलाव नहीं आता. उन्होंने कहा कि हमारा ध्यान BCB समेत सभी अहम साझेदारों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने पर है कि देश में क्रिकेट आगे बढ़े.

वीडियो: राजधानी: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद भी सरकार की रूसी तेल पर क्यों है चुप्पी?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()