हरमनप्रीत कौर ने वो कारनामा कर दिया, जो विराट और रोहित भी नहीं कर पाए
मांधना ने भी बनाए कई रिकॉर्ड्स
.webp?width=210)
भारतीय क्रिकेट टीम का विमेंस T20I वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन जारी है. सोमवार, 20 फरवरी को अपने आखिरी लीग मैच में भारत ने आयरलैंड को हरा दिया. टीम इंडिया ने इस मुकाबले को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 5 रन से जीता. इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
भारत 6 प्वाइंट्स के साथ ग्रुप B में दूसरे स्थान पर है. जबकि इंग्लैंड के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन उनका पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी लीग मैच बाकी है. अगर इंग्लैंड इस मैच में पाकिस्तान को हरा देता है, तो सेमीफाइनल में भारत का ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला होगा. वहीं अगर इंग्लैंड काफी बुरी तरह से हारती है, तो भारत ग्रुप में टॉप पर आ जाएगा. ऐसे में उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा.
आयरलैंड के खिलाफ मैच में इंडियन टीम की कैप्टन हरमनप्रीत ने दो रिकॉर्ड अपने नाम किए. इस मैच में मैदान पर उतरने के साथ ही हरमनप्रीत ने अपना 150वां T20 इंटरनेशनल मैच खेला. वह ऐसा करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं. ये मुकाम आज तक किसी मेंस क्रिकेटर ने भी हासिल नहीं किया है. इस लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं. उनके नाम कुल 148 T20I मुकाबले हैं. जबकि विराट कोहली ने अब तक कुल 115 T20I मैच खेला है.
साथ ही इस मैच में हरमनप्रीत ने 13 रन की पारी खेली. इसके साथ ही उन्होंने अपने T20I करियर में 3000 रन भी पूरे कर लिए. वह विमेंस T20I क्रिकेट में ऐसा करने वाले भारत की पहली और दुनिया की चौथी खिलाड़ी बन गई हैं.
वहीं भारतीय ओपनर स्मृति मांधना ने इस मुकाबले में 56 गेंदों में 9 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 87 रन की पारी खेली. इस शानदार पारी के दौरान उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. उनके नाम विमेंस T20I में भारत के लिए बतौर ओपनर सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. मांधना ने इससे पहले साल 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 86 रन की पारी खेली थी.
#मैच में क्या हुआ?मैच की बात करें तो भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए. मांधना के अलावा शेफाली वर्मा ने 24 रन की पारी खेली. जवाब में खेलने उतरी आयरलैंड की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 54 रन बना लिए थे. जिसके बाद बारिश की वजह से आगे का खेल नहीं हो सका. ऐसे में मैच का का नतीजा डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर निकला. जिसे भारत ने 5 रन से अपने नाम कर लिया.
वीडियो: T20 वर्ल्ड कप मैच में पूनम यादव, दीप्ति, शिखा, हरमनप्रीत कौर और शफाली का कमाल

.webp?width=60)

