...तो अब भारतीय टीम के नए कप्तान बनेंगे पंड्या, गावस्कर ने कर दी भविष्यवाणी!
कई दिग्गज खिलाड़ी अब हार्दिक पंड्या को भारतीय टीम के भावी कप्तान के तौर पर देखने लगे हैं.

हार्दिक पंड्या. इस खिलाड़ी का नाम हर किसी की जुबां पर छाया हुआ है. हो भी क्यों ना? बिना किसी खास कप्तानी अनुभव के टीम को चैंपियन बना देना बहुत बड़ी बात है. वो भी तब, जब टूर्नामेंट शुरू होने से पहले लगातार आपकी आलोचना हो रही हो. और इस वजह से पंड्या अब सुर्खियों में आ गए हैं.
अपनी नेतृत्व क्षमता से पंड्या ने सभी को खासा प्रभावित किया है. कई दिग्गज खिलाड़ी उन्हें अब भारतीय टीम के भावी कप्तान के तौर पर देखने लगे हैं. जिसमें नया नाम जुड़ गया है पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर का.
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में हार्दिक पंड्या की ‘नेतृत्व क्षमता’ से पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुनील गावस्कर खासे प्रभावित हुए हैं. गावस्कर ने पंड्या की तारीफ करते हुए कहा है कि पंड्या आने वाले समय में भारतीय टीम की कप्तानी के प्रबल दावेदार के तौर रूप में उभरे हैं. स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए गावस्कर ने कहा,
‘हां निश्चित तौर पर कप्तान के रुप में हार्दिक का दर्जा बढ़ा है. यह सिर्फ मेरा नहीं बल्कि सभी का आंकलन है. यह उनके खेल का एक पहलू था, जिसके बारे में हममें से किसी को भी ज्यादा जानकारी नहीं थी. जब आपके अंदर नेतृत्व क्षमता होती है तो आने वाले समय में भारतीय टीम की कप्तानी के लिए रास्ता अपने आप ही खुल जाता है. ’
गावस्कर ने आगे कहा,
पंड्या से हर कोई खुश'यह बेहतरीन है कि तीन या चार और नाम कप्तानी की दौड़ में हैं. मैं यह नहीं कहूंगा कि अगला कप्तान वही होगा लेकिन चयन समिति के पास शानदार विकल्प हैं. जिस तरह से उन्होंने टीम का नेतृत्व किया है, जिस तरह से वो पूरी टीम को एक साथ लेकर चले हैं, वह दिखाता है कि उनमें नेतृत्व के गुण हैं.'
गावस्कर ने आगे कहा कि कप्तानी के अलावा जिस तरह से पंड्या ने एक ऑलराउंडर के तौर पर खेल दिखाया है, उससे सभी खासे खुश हैं. गावस्कर ने कहा,
हार्दिक ने मचाया धमाल‘हम सभी को पता है कि वह बल्ले के साथ क्या कर सकते हैं, वह गेंद के साथ क्या कर सकते हैं. लेकिन सीज़न की शुरुआत से पहले थोड़ी चिंता थी कि वह अपने कोटे के चार ओवर पूरे कर पाएगा या नहीं? उसने ऐसा किया, उसने ऐसा करके दिखाया. उनके ऑलराउंड प्रदर्शन से हर कोई खुश है.’
हार्दिक पंड्या ने कप्तानी के साथ-साथ मैदान पर अपने बल्ले और गेंद से भी जौहर दिखाया है. टीम को खिताबी जीत दिलाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है. पंड्या ने इस सीज़न कुल 15 मुकाबलों में हिस्सा लिया जिसमें उन्होंने 44.27 की औसत से कुल 487 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 131.27 का रहा. वहीं गेंदबाज़ी की बात की जाए तो उन्होंने 27.75 की औसत और 7.28 की इकॉनमी से कुल आठ विकेट हासिल किए.
IPL 2022 फाइनल के बाद सुपर स्ट्राइकर अवार्ड किसे मिला?

