The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • sunil gavaskar backs KL Rahul and hailed him as an allrounder who can finish the gane at no 5

जिस खिलाड़ी की जमकर आलोचना हो रही है, सुनील गावस्कर ने क्यों कर दिया उसका समर्थन?

गावस्कर ने इसकी वजह भी बताई.

Advertisement
pic
5 दिसंबर 2022 (अपडेटेड: 6 दिसंबर 2022, 12:49 PM IST)
Sunil Gavaskar, Indian cricket team , KL Rahul
सुनील गावस्कर और टीम इंडिया (Getty/FILE)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत को वनडे सीरीज़ के पहले मुकाबले में बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा. ढाका में खेले गए वनडे मैच में भारतीय टीम की बैटिंग एकदम से फ्लॉप रही. और टीम इस दौरान महज़ 186 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. हालांकि इस दौरान केएल राहुल (KL Rahul) ने अच्छी बल्लेबाज़ी की. उन्होंने 70 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली. जिसके बाद दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने उनकी तारीफ की है.

शिखर धवन और रोहित शर्मा के टीम में होने के कारण राहुल ने नंबर-5 पर बैटिंग की. इसके साथ ही उन्होंने ऋषभ पंत के अचानक टीम से बाहर जाने पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी निभाई. जिसके बाद पूर्व भारतीय कप्तान गावस्कर ने उनकी तारीफ करते हुए उन्हें एक ऑलराउंड खिलाड़ी बताया है.

#Gavaskar ने बताया राहुल को ऑलराउंडर

सुनील गावस्कर के मुताबिक अगर आपके पास मिडिल ऑर्डर में ऐसा बल्लेबाज़ है जो कीपिंग भी कर सके तो आप अतिरिक्त गेंदबाज़ खिला सकते हैं. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा,

‘केएल राहुल भारत के लिए नंबर 5 पर बैटिंग कर रहे हैं. धवन और रोहित वनडे में ज्यादातर ओपनिंग करते हैं और विराट तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हैं. यही कारण है कि वो पांचवें नंबर पर लगातार बैटिंग करते आ रहे हैं. ऐसे में शायद वो इस पोज़िशन पर अपने आपको साबित करना चाहते हैं और इससे भारत को एक्स्ट्रा ऑप्शन मिलता है. अगर आपके पास मिडल ऑर्डर में ऐसा बल्लेबाज़ है जो कीपिंग भी कर सके तो आप अतिरिक्त गेंदबाज़ खिला सकते हैं.’

गावस्कर ने आगे कहा कि राहुल एक आलराउंडर हैं क्योंकि वो कई रोल को बखूबी निभा सकते हैं. उन्होंने कहा,

‘मैं उन्हें एक ऑलराउंडर इसलिए कहता हूं क्योंकि वो कीपिंग भी करते हैं. वो ओपन भी कर सकते हैं और नंबर 5 पर भी बल्लेबाज़ी कर सकते हैं. जहां तक मेरा मानना है तो वो एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं. उनके पास ऐसे शॉट्स हैं और वो इस तरह के फिनिशर हैं, जिन्हें आप 5वें या छठे नंबर पर खेलते हुए देखना चाहते हैं.’

राहुल की बात की जाए तो उन्होंने इस साल अब तक कुल 8 वनडे मुकाबले खेले हैं. जिसमें उनके नाम 32.71 की औसत से कुल 229 रन हैं. वहीं टीम में नियमित विकेटकीपर के तौर पर खेलने वाले पंत ने इस साल 12 मैच में 37.33 की औसत से कुल 336 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक भी लगाया है.

भारतीय टीम की रणनीति अभी साफ नहीं है. टीम इंडिया 2023 क्रिकेट विश्वकप में किस टीम के साथ जाएगी. ऐसे में देखना होगा कप्तान रोहित और द्रविड़ की जोड़ी ऑल-राउंडर राहुल पर भरोसा दिखाती है या पंत की टीम में वापसी करवाती है.

सैलून चलाने वाले के बेटे की टीम इंडिया में धमाकेदार एंट्री!

Advertisement

Advertisement

()