‘बुमराह के साथ शमी चाहिए’, गांगुली की ये बात सेलेक्टर्स को सुननी होगी!
गांगुली ने याद दिलाया कि शमी ने बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में भी अच्छा प्रदर्शन किया था. सेमीफाइनल में भले ही बंगाल हार गई, लेकिन शमी ने 8 विकेट लिए थे. उन्होंने पूरे सीजन में बंगाल के लिए सभी फॉर्मेट में 67 विकेट झटके.

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए IPL 2026 में मोहम्मद शमी की शुरुआत शानदार रही है. दो मैचों में उन्होंने 3 विकेट लिए हैं और खास बात ये है कि उनकी इकोनॉमी सिर्फ 4.62 रही है. शमी की बॉलिंग और उनकी परफॉर्मेंस देख पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने उन्हें भारतीय टीम में वापस बुलाए जाने की बात कर दी है.
शमी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ LSG की पहली जीत में अहम भूमिका निभाई. इस मैच में उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने. शमी ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के विकेट लिए थे. पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने शमी की खूब तारीफ की है. उन्होंने ने कहा,
“शमी को जसप्रीत बुमराह के साथ दूसरे एंड पर बॉलिंग करनी चाहिए, कहीं और नहीं. वो काफी अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं. हमने सनराइजर्स के खिलाफ उनका स्पेल देखा. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा जैसे दो बेहतरीन T20 बैटर्स के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 9 रन. वो कमाल था.”
गांगुली ने याद दिलाया कि शमी ने बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में भी अच्छा प्रदर्शन किया था. सेमीफाइनल में भले ही बंगाल हार गई, लेकिन शमी ने 8 विकेट लिए थे. उन्होंने पूरे सीजन में बंगाल के लिए सभी फॉर्मेट में 67 विकेट झटके. गांगुली बोले,
“मुझे खुशी है कि शमी रणजी ट्रॉफी में खेलना जारी रखना चाहते हैं. पेसर्स के लिए ये आसान नहीं है, लेकिन नई गेंद के साथ शमी को बॉलिंग करते देखना अच्छा लगता है.”
35 साल के शमी पिछले साल मार्च से भारतीय टीम के लिए नहीं खेले हैं. 2024-25 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत की हार के पीछे उनकी चोट को बड़ी वजह माना गया था. लेकिन शमी ने डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया, इसके बावजूद वो इंडियन टीम में जगह नहीं पाए. गांगुली ने कहा कि शमी पूरी तरह फिट और तेज नजर आ रहे हैं. वो बोले,
“मुझे अभी भी लगता है कि उन्हें भारत के लिए खेलना चाहिए. उम्मीद है उनका समय फिर आएगा क्योंकि वो इतने अच्छे गेंदबाज हैं. जब उनकी गेंद सीधी सीम के साथ निकलती है तो देखने में मजा आता है. लगातार कई महीनों तक बॉलिंग करने से फॉर्म और फिटनेस पीक पर होती है. कोई ट्रेनिंग मैच इसमें बराबरी नहीं कर सकता. मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और भारतीय टीम में उन्हें वापस देखना चाहूंगा.”
शमी की बॉलिंग में एक्सपीरियंस, स्पीड और सटीक लाइन-लेंथ अभी भी बरकरार है. गांगुली जैसे दिग्गज का बयान सेलेक्टर्स पर दबाव बढ़ा सकता है. अगर शमी IPL में अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उनकी भारत वापसी की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं.
वीडियो: मोहम्मद शमी ने दो बॉलों में बता दिया, वो अभी भी बेस्ट क्यों हैं

