WPL ऑक्शन: 3.4 करोड़ और 1.8 करोड़ में खरीदे जाने पर स्मृति, हरमनप्रीत ने क्या कहा?
स्मृति मांधना RCB के लिए और हरमनप्रीत कौर मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगी.

मुंबई में चल रहे विमेंस IPL ऑक्शन में कई प्लेयर्स पर बड़ी बोली लगी है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम ने भारतीय ओपनर स्मृति मांधना पर बड़ी बोली लगाई है. RCB ने मांधना को टीम का हिस्सा बनाने के लिए 3.4 करोड़ रुपये की बोली लगाई. वहीं हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने 1 करोड़ 80 लाख रुपये की बोली पर टीम में जोड़ा है.
RCB का हिस्सा बनने पर स्मृति मांधना ने कहा,
हम पुरुषों का ऑक्शन देखते आए हैं. महिलाओं के लिए इस तरह का ऑक्शन होना बहुत बड़ा पल है. ये सब रोमांचित करने वाला है. RCB की लेगसी बड़ी है, इन्होंने एक बड़ा फैन बेस बनाया है. उम्मीद है कि हम एक बड़ी टीम बनाएं. नमस्कार बेंगलुरु, रेड और गोल्ड पहनने के लिए उत्साहित हूं और मकसद कप हासिल करना है.
मांधना का बेस प्राइस 50 लाख रखा गया था. मुंबई इंडियंस ने इस बोली की शुरुआत की. टीम इंडिया की उपकप्तान मांधना के लिए बिडिंग वार हुई. मुंबई जुटी रही, और लंबे समय तक बोली लगाती रही. रॉयल चैलेंजर्स बोली को 3 करोड़ के पार ले गई. इसके बाद 3.4 करोड़ में सौदा पक्का हुआ. और अब स्मृति रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेलेंगी.
मुंबई इंडियंस में शामिल होने वाली हरमनप्रीत कौर ने कहा,
मैंने हमेशा मुंबई इंडियंस को IPL में अच्छा प्रदर्शन करते देखा है. मुझे मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनने का मौका मिला है और उम्मीद है कि हम अच्छा करेंगे. यह हम सभी के लिए गेम चेंजर है. यह महिला क्रिकेट को पूरी तरह से बदल देगा. हम सभी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मुंबई इंडियंस के हमेशा से ही बहुत फैन्स रहे हैं. उम्मीद है कि हम मेन्स टीम की बराबरी कर सकें.
हरमनप्रीत कौर का बेस प्राइस भी 50 लाख ही था. मुंबई ने स्मृति को गंवाया था, पर टीम इंडिया की कप्तान के लिए नीता अंबानी तैयार थी. हरमनप्रीत के लिए भी होड़ लगी. RCB ने पहली बोली लगाई. दिल्ली ने भी दिलचस्पी दिखाई. मुंबई इंडियंस 1.2 करोड़ पर आई. यूपी वॉरियर्स ने 1 करोड़ 70 लाख की बोली लगाई. मुंबई ने इस बोली को 1 करोड़ 80 लाख तक चढ़ाया और इस तरह टीम इंडिया की कैप्टन को अपने खेमे में जोड़ लिया.
वीडियो: U-19 T20 महिला विश्व कप 2023 जीतने वालीशैफाली वर्मा के सचिन से कनेक्शन जानते हैं आप?

