The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Shweta Sehrawat full profile India beat England to win inaugural U-19 Womens T20 World Cup in South Africa

लड़कों के खिलाफ़ 'ट्रायल' दे पाई पहली क्रिकेट किट, अब इंडिया को बनाया वर्ल्ड चैंपियन!

कहानी श्वेता सहरावत की.

Advertisement
pic
29 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 29 जनवरी 2023, 08:53 PM IST)
Shweta Sehrawat full profile and history as Ind beat Eng in WC final
श्वेता सहरावत (Courtesy: Instagram/Getty Images)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के महिपालपुर का एक परिवार. 26 फरवरी 2004 को इस परिवार में एक बच्ची का जन्म हुआ. कुछ सालों बाद पता चला कि इस बच्ची को क्रिकेट बहुत पसंद है. पर घरवालों ने पहले से मना बना रखा था कि बड़ी बेटी को क्रिकेटर बनाना है. इसलिए छोटी वाली को बस दिलासे मिलते रहे.

लेकिन इस छोटी लड़की को सात साल की उम्र में एक मौका मिला. बड़ी बहन ने वसंत कुंज में क्रिकेट अकैडमी जॉइन की. यहां लड़के भी प्रैक्टिस करते थे. अकैडमी के कोच ने छोटी वाली के हाथ में बैट थमा, 14 साल के लड़के को बॉल थमा दी.

दोगुनी उम्र के लड़के की गेंदों पर शानदार शॉट लगाकर इस लड़की ने साबित कर दिया- मैं अलग हूं. अगली सुबह, पिता ने उन्हें क्रिकेट किट दिला दी. तो ऐसे शुरू हुआ श्वेता सहरावत का क्रिकेट का सफर. जी हां, वही श्वेता, जिन्होंने U-19 T20 विमिंस वर्ल्ड कप में भारत के लिए धूम मचा दी.

श्वेता ने वसंत कुंज में चार साल लड़कों के खिलाफ़ प्रैक्टिस की, और आक्रामक बल्लेबाज़ी सीखी. 12 साल की उम्र में दिल्ली के सीनियर महिला ट्रायल्स में भाग लेने वाली श्वेता ने उसी समय अंडर-16 टीम में जगह बना ली थी. इसके बाद दिल्ली अंडर-19 और फिर भारत अंडर-19 तक पहुंचीं.

# वीवीएस लक्ष्मण ने की मदद

12वीं की परीक्षा के चलते श्वेता समय रहते अंडर-19 कैंप जॉइन नहीं कर पाईं. इसके बारे में उन्होंने NCA चीफ़ वीवीएस लक्ष्मण को पत्र लिखकर जानकारी दी थी. लक्ष्मण ने जवाब में कहा था कि श्वेता को कुछ दिन के लिए जरूर आना चाहिए.

श्वेता 15 मई से 9 जून तक चलने वाले कैंप में 3 जून को जुड़ीं और उन्होंने कुछ मैच भी खेले. आखिरी मैच में उन्होंने शतक लगाया और NCA की टीम में आ गईं. यहां उन्होंने छह मैच खेले और दो शतक जड़ दिए. इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.

श्वेता के पिता संजय ने हाल में कहा था कि उन्होंने तो उम्मीद ही छोड़ दी थी. लेकिन लक्ष्मण की वजह से उनकी बेटी फिर से खेल रही है.

# भारत की कप्तानी

साल 2022 के आखिर में भारत और न्यूज़ीलैंड अंडर-19 टीम के बीच एक T20I सीरीज़ खेली गई थी. 27 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच खेली गई इस सीरीज़ के लिए श्वेता को भारत का कैप्टन बनाया गया था. उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 5-0 से कूटा.

# T20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन

श्वेता ने U19 वर्ल्ड कप में कैप्टन शफाली वर्मा के साथ पारी ओपन करते हुए शानदार बैटिंग की. श्वेता ने सात मैच में 297 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 99 का रहा. और स्ट्राइक रेट 140 का. श्वेता चार मैच में नाबाद रहीं, और उनका सर्वाधिक स्कोर 92 रन का था. ये पारी साउथ अफ्रीका के खिलाफ आई थी. इसके अलावा उन्होंने UAE के खिलाफ 74 और स्कॉटलैंड के खिलाफ 10 बॉल में 31 रन कूटे थे.

महिला क्रिकेट की इस उभरती स्टार की तुलना कई फ़ैन्स विरेंदर सहवाग से भी करते हैं. विमिंस IPL में श्वेता पर कितने की बोली लगती हैं, ये देखना दिलचस्प होगा.

वीडियो: विराट और रोहित को लेकर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने राहुल द्रविड़ को सलाह दी है!

Advertisement

Advertisement

()