शार्दुल का ये रिकॉर्ड देख सेलेक्टर उनको जरूर वर्ल्डकप ले जाएंगे, और कोई जाए ना जाए!
बुमराह, शमी, सिराज के बाद वर्ल्डकप का चौथा बॉलर लॉर्ड शार्दुल को माना जाए?
.webp?width=210)
वर्ल्ड कप 2019 के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट किसने लिए हैं? ये सवाल सुनते ही आपके मन में शायद मोहम्मद सिराज या मोहम्मद शमी का नाम आएगा. या फिर रविंद्र जडेजा का. लेकिन अगर हम आपको बताएं कि ये नाम है शार्दुल ठाकुर का. तो शायद आप भी एकदम से हैरान रह जाएंगे. पर सच्चाई यही है.
वेस्टइंडीज़ के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज़ में शार्दुल ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की. 3 मैच के दौरान शार्दुल के नाम सबसे ज्यादा 8 विकेट रहे. आखिरी वनडे में शार्दुल ने 4 विकेट लेकर टीम इंडिया को एकतरफा जीत दिला दी. इसके साथ ही शार्दुल के नाम वर्ल्ड कप 2019 के बाद 33 मैच में 52 विकेट हो चुके हैं. जोकि वर्ल्ड कप 2023 में हिस्सा लेने वाली किसी भी टीम के प्लेयर्स से ज्यादा हैं. शार्दुल के बाद सबसे ज्यादा विकेट कुलदीप यादव के नाम हैं.
कुलदीप ने 33 मैच में कुल 48 विकेट लिए हैं. वहीं लिस्ट में तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियन पेसर मिचेल स्टार्क हैं. जिनके नाम कुल 47 विकेट हैं. मोहम्मद सिराज की बात करें तो उन्होंने वर्ल्ड कप 2019 के बाद से 43 विकेट लिए हैं. जबकि युजवेंद्र चहल ने 37 और मोहम्मद शमी ने कुल 35 विकेट लिए हैं.
वेस्टइंडीज़ के खिलाफ आखिरी वनडे मैच के बाद शार्दुल ने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपनी जगह पक्की करने के लिए खेलना होगा, क्योंकि मैं उस मानसिकता के साथ नहीं खेल सकता. मैं उस तरह का खिलाड़ी नहीं हूं. अगर मुझे विश्व कप टीम में नहीं चुना गया तो ये उनका फैसला है. मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कर सकता.
आकाश चोपड़ा ने की तारीफपूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी शार्दुल ठाकुर के इस शानदार प्रदर्शन की तारीफ की है. चोपड़ा के मुताबिक शार्दुल ने वर्ल्ड कप 2023 के लिए अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,
''वर्ल्ड कप में इंडियन टीम के लिए चौथा पेसर कौन होगा? इसका जवाब शार्दुल ठाकुर ने दे दिया है. वो वर्ल्ड कप 2019 के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं. मुझे लगता है कि चौथे पेसर की रेस में उमरान मलिक काफी पिछड़ गए हैं. लेकिन फिलहाल तो ऐसा लग रहा है कि लॉर्ड ठाकुर का विश्व कप खेलना लगभग तय है.''
बताते चलें कि जसप्रीत बुमराह के फिट होने की स्थिति में मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी के साथ उनका सेलेक्शन पक्का है. ऐसे में टीम इंडिया को चौथे पेसर की तलाश होगी. और उन्हें शार्दुल ठाकुर के तौर पर एक शानदार विकल्प मिला है.
वीडियो: विरेंद्र सहवाग का पाकिस्तानी अंपायर को घूस देने वाला क़िस्सा सुना?

