The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Saurav Ganugly thinks that Delhi capitals can win nine games in a row in IPL2023

नौ के नौ मैच जीतेंगे, और फिर... दिल्ली की फॉर्म पर सौरव गांगुली का बड़ा दावा

लगातार पांच मैच हार चुकी है दिल्ली.

Advertisement
pic
17 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 17 अप्रैल 2023, 08:18 PM IST)
Sourav Ganguly is very hopeful for Delhi Capitals
सौरव गांगुली को अपनी टीम पर बहुत भरोसा है (स्क्रीनग्रैब, पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली कैपिटल्स. IPL2023 की पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे की टीम. दिल्ली लगातार पांच मैच हार चुकी है. लेकिन उनके डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट, सौरव गांगुली की उम्मीदें अभी भी बाकी हैं. गांगुली का कहना है कि टीम दिल्ली लगातार नौ मैच जीतने का दम रखती है.

बता दें कि कैपिटल्स को इसी शनिवार, 15 अप्रैल को अपनी पांचवीं हार मिली. उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में 23 रन से हराया. इस प्रदर्शन के चलते डेविड वॉर्नर की टीम IPL2023 टेबल में अंतिम स्थान पर है. और अब एक ड्रेसिंग रूम वीडियो में देखा जा सकता है कि गांगुली अपनी टीम को मोटिवेट कर रहे हैं.

इस वीडियो में गांगुली कहते हैं,

'हमें इस बात को पीछे छोड़ना होगा. कप्तान का साथ दीजिए. एक-दूसरे का साथ दीजिए और हम अगले गेम में वापसी करेंगे. हम इससे नीचे नहीं जा सकते. हम बस बेहतर ही हो सकते हैं. अभी भी नौ गेम बाक़ी हैं और हम नौ के नौ जीत सकते हैं.

इस बात का कोई मतलब नहीं है कि हम क्वॉलिफाई करते हैं या नहीं, इस स्टेज पर यह बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता. लेकिन अपने अंदर झांकिए, अपने लिए खेलिए, हमारे गर्व के लिए खेलिए और देखिए अगर हम वहां पहुंच पाएं. अभी फील्ड पर जो कुछ भी हो रहा है, हम इससे कहीं बेहतर टीम हैं. चीजें पलटने के लिए सिर्फ़ एक गेम लगता है और हम वो करेंगे.'

टीम के हेड कोच रिकी पॉन्टिंग ने भी टीम पर बात की. उन्होंने कहा कि वह अपनी टीम से बेहतर फील्डिंग की उम्मीद करते हैं. पॉन्टिंग ने कहा,

'हम अगली बार जब भी फील्ड पर उतरें, मैं चाहता हूं कि हमारी फील्डिंग गुड से ग्रेट हो जाए. मैं चाहता हूं कि आप अपनी तैयारियों के साथ जाएं, अपने विजन का इस्तेमाल करें, अपने गेम प्लान पर काम करें और अपने तरीके से खेलें.'

दिल्ली का अगला मैच 20 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है. यह मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ़ होगा. बता दें कि इस सीजन दिल्ली के प्रदर्शन के साथ मैनेजमेंट के कई फैसलों पर भी सवाल हैं. फिर चाहे वो अक्षर पटेल को देरी से बैटिंग पर भेजना हो, या फिर लगातार पृथ्वी शॉ से ओपन कराना.

वीडियो: संजू सैमसन, कैच के लिए दौड़े, ट्रेंट बोल्ट ने खड़े खड़े गज़ब कर दिया

Advertisement

Advertisement

()