पूर्व भारतीय सेलेक्टर ने रोहित शर्मा के बाद इन दो प्लेयर्स को चुना टीम इंडिया का कप्तान!
करीम ने सेलेक्टर्स की समस्या पर भी बात की है.

पूर्व इंडियन क्रिकेटर सबा करीम ने बताया है कि भविष्य में रोहित शर्मा के बाद अगला भारतीय कप्तान कौन हो सकता है. सबा ने इस बातचीत के दौरान दो प्लेयर्स का नाम लिया है. सबा करीम ने कहा है कि केएल राहुल और ऋषभ पंत, रोहित शर्मा के बाद इंडियन टीम के कप्तान के रूप में सबसे उपयुक्त नाम हो सकते हैं. भारतीय टीम ने अपने बिज़ी शेड्यूल की वजह से इस साल कई प्लेयर्स से कप्तानी करवाई है. जिसमें ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और शिखर धवन शामिल हैं.
रोहित शर्मा लगातार अपनी फिटनेस और इंजरी से जूझते रहे हैं. ऐसे में सेलेक्टर्स का काम है कि आने वाले समय में 35 साल के रोहित के उत्तराधिकारी को तैयार करें. SPORTS18 के स्पोर्ट्स न्यूज़ शो 'SPORTS OVER The TOP' पर सबा करीम ने कहा कि पहले सेलेक्टर्स को ये तय करना होगा कि क्या वो एक ही प्लेयर को हर फॉर्मेट में कप्तानी देना चाहेंगे या नहीं. करीम ने कहा -
‘अभी बहुत समय है. पहले सेलेक्टर्स को ये तय करना होगा कि क्या वो एक ही प्लेयर को हर फॉर्मेट की कप्तानी देना चाहते हैं या नहीं. अगर एक ही प्लेयर को देना हैं, तो भी उनके पास एक से ज्यादा ऑपशन हैं.’
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर सबा ने यह भी बताया कि दो खिलाड़ी हैं जो इस रोल में फिट हो सकते हैं - केएल राहुल और ऋषभ पंत. करीम ने कहा -
‘सबसे पहले तो राहुल का नंबर आता है. वो तीनों फार्मेट खेलते हैं. दूसरे ऋषभ पंत हैं. पंत ने पिछले कुछ सीज़न में कमाल का प्रदर्शन किया है. उन्होंने वाइट-बॉल क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया है. तो आपके पास ये दो नाम बचते हैं.’
करीम ने ये भी कहा कि अगर सेलेक्टर्स किसी युवा प्लेयर को चुनना चाहते हैं, तो उन्हें पंत को ये जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए. उन्होंने कहा,
‘इससे पहले और भी कई बातों पर गौर किया जाना चाहिए. पहला तो ये कि रोहित शर्मा और कितने साल क्रिकेट खेलेंगे. वो इंजरी से लगातार परेशान रहते हैं. अगर आप एक युवा लीडर के बारे में सोच रहे हैं. तो उन्हें ऋषभ पंत को चुनना चाहिए. वो भी ऐसे प्लेयर हैं, जो आने वाले समय में तीनों फार्मेट खेलेंगे. तो सेलेक्टर्स को इन्हीं प्लेयर्स में से एक को चुनना चाहिए.’
रोहित शर्मा के डिप्टी के रूप में भारतीय टीम में केएल राहुल को देखा जा रहा है. लेकिन राहुल चोटिल होने की वजह से लंबे समय से टीम से बाहर थे. अब केएल राहुल ने ज़िम्बाबवे दौरे पर इंडियन टीम की कप्तानी की हैं. राहुल ने पहले भी टीम इंडिया की कमान कई बार संभाली है.
वहीं दूसरी तरफ ऋषभ पंत को भी इंडियन टीम की कप्तानी का मौका मिला है. IPL 2022 के बाद हुई इंडिया-साउथ अफ्रीका सीरीज़ में उन्होंने टीम की कप्तानी संभाली थी. वो सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ रही थी.
ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक की तुलना में क्या कह गए पूर्व क्रिकेटर?

