रोहित लेंगे साथी की 'क़ुर्बानी', फिर आएगी बड़ी सेंचुरी!
रोहित शर्मा ने एडिलेड टेस्ट में ओपनिंग नहीं की. मिडल ऑर्डर में उनसे रन नहीं बने. भारत ये टेस्ट बुरी तरह से हार गया. और अब सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने उन्हें एक सलाह दी है.

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया एडिलेड टेस्ट हार गई. इस टेस्ट में उनके बल्ले से भी रन नहीं निकले. टेस्ट से पहले रोहित ने कहा था कि वह मिडल ऑर्डर में खेलेंगे. ये फैसला इसलिए लिया गया, क्योंकि यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पर्थ टेस्ट में अच्छा खेल दिखाया था. लेकिन अब एक ही टेस्ट के बाद, रोहित से वापस ओपनिंग पर लौटने की मांग हो रही है. और ये मांग करने वाले भी कोई आम लोग नहीं हैं. रोहित को ओपनिंग में वापस आते देखने वालों की लिस्ट में सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री जैसे दिग्गज शामिल हैं.
स्पोर्ट्स तक पर बात करते हुए गावस्कर ने कहा,
'उन्हें अपने रेगुलर स्पॉट पर वापस आना चाहिए. हमें याद करने की जरूरत है कि राहुल ने ओपन क्यों किया था. उन्होंने ओपन किया क्योंकि रोहित शर्मा पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं थे.'
यह भी पढ़ें: होटल के कमरों में वक्त... एडिलेड में हारी टीम इंडिया, गावस्कर ने बताया कैसे करेंगे वापसी
गावस्कर का ये भी मानना है कि रोहित ओपन करते हुए बड़ी सेंचुरी बना सकते हैं. वह बोले,
'मैं समझ सकता हूं कि दूसरे टेस्ट में राहुल को ओपनर के रूप में क्यों रखा गया. उन्होंने जायसवाल के साथ 200 से ज्यादा रन की साझेदारी की थी. लेकिन, जब वह दूसरे टेस्ट में स्कोर नहीं कर पाए, मुझे लगता है कि राहुल को नंबर पांच या नंबर छह पर वापस जाना चाहिए. और रोहित शर्मा ओपन करें. अगर रोहित शुरू में तेजी से स्कोर कर पाए, तो वह बाद में इसे एक बड़े शतक में भी बदल सकते हैं.'
टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री भी रोहित को ओपनिंग पर लौटते देखना चाहते हैं. एडिलेड में मिडल ऑर्डर में खेलने के उनके फैसले का समर्थन करते हुए शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि रोहित को ओपनिंग पर वापस आना चाहिए. एडिलेड में रोहित की बॉडी लैंग्वेज का ज़िक्र करते हुए शास्त्री बोले,
'यही कारण है कि मैं उन्हें ओपनिंग करते देखना चाहता हूं. इसी पोजिशन पर वह अग्रेसिव और एक्सप्रेसिव हो सकते हैं. ऐसा लगा कि वह एडिलेड में थोड़े दबे-दबे थे, उनकी बॉडी-लैंग्वेज देखिए. उन्होंने रन नहीं बनाए और मुझे लगता कि फ़ील्ड पर भी वह पूरे मन से नहीं थे. मैं बस उन्हें और ज्यादा इन्वॉल्व देखना चाहता हूं.
थोड़ा और चपल. आपको यक़ीन करना होगा कि आप इस सीरीज़ में वापसी कर सकते हैं. आपने इन दोनों टीम्स के साथ देखा है, पलटवार लगभग तुरंत ही होता है. यह बीते दस सालों से हो रहा है. आप हारते हैं, फिर अगला ही मैच जीतते हैं, लेकिन आपको यक़ीन रखना होगा.'
शास्त्री ने याद दिलाया कि राहुल को वैसे भी मिडल ऑर्डर में ही खेलना था. उन्होेंने कहा कि अगर रोहित शुरू से टेस्ट टीम के साथ होते, तो राहुल वैसे भी मिडल ऑर्डर में ही खेलते. ऐसे में उन्हें मिडल ऑर्डर में भेज दिया जाना चाहिए. और रोहित शर्मा ओपन करें. साथ ही शास्त्री ने रोहित को पैट कमिंस से सीखने की सलाह भी दी.
वीडियो: रोहित ने बताया कि मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया क्यों नहीं बुला रही इंडियन क्रिकेट टीम?

