The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Rohit Sharma ruled out of the South Africa test series BCCI asks Priyank Panchal to standby

रोहित शर्मा साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर किए गए

विराट फिर संभालेंगे वनडे कप्तानी?

Advertisement
pic
13 दिसंबर 2021 (अपडेटेड: 13 दिसंबर 2021, 05:05 PM IST)
Img The Lallantop
भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा (पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more
India vs South Africa टूर से पहले ही भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लग गया है. टीम के नए कप्तान और टेस्ट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए हैं. इस कारण उन्हें साउथ अफ्रीका के साथ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज़ से बाहर करना पड़ा है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एक ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी. उसने गुजरात के बल्लेबाज़ प्रियांक पांचाल को रोहित के रिप्लेस्मेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है. BCCI ने बताया कि रोहित के बाएं पैर के हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है जिसके चलते उन्हें कुछ हफ्ते क्रिकेट से दूर रहना होगा. हालांकि बोर्ड ने अभी ये स्पष्ट नहीं किया है कि साउथ अफ्रीका टूर पर रोहित वनडे टीम का हिस्सा होंगे या नहीं. उसने ये भी साफ़ नहीं किया है कि टेस्ट सीरीज में रोहित की जगह टीम के उपकप्तान कौन होंगे. बोर्ड का कहना है कि रोहित को ये चोट रविवार 12 दिसंबर को नेट प्रैक्टिस के दौरान लगी. पहले चोट इतनी गंभीर नजर नहीं आ रही थी. लेकिन जब सोमवार को फिजियो ने चेकअप किया तो पता लगा कि चोट काफी सीरियस है. इसके बाद बोर्ड ने रोहित की जगह इंडिया ए के कप्तान प्रियांक पांचाल को टीम में शामिल करने का फैसला किया. पांचाल हाल ही में साउथ अफ्रीका ए के टूर से लौटे हैं. उनकी कप्तानी में इंडिया ए टीम ने अफ्रीका के खिलाफ चार दिन वाले तीन टेस्ट मैच खेले थे. ये तीनों मैच ड्रा रहे. BCCI ने हाल ही में साउथ अफ्रीका टूर के लिए 18 सदस्यों वाली टेस्ट टीम की घोषणा की थी. बोर्ड ने बताया था कि अजिंक्य रहाणे की जगह रोहित शर्मा टेस्ट में इंडिया के नए उपकप्तान होंगे. अब रोहित के चोटिल हो जाने से ये सवाल फिर उठ खड़ा हुआ है कि आगामी टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की उपकप्तानी कौन करेगा. साथ ही एक बड़ा सवाल ये कि रोहित वनडे सीरीज़ में खेलेंगे या नहीं. अगर नहीं, तो उनकी जगह टीम की कप्तानी कौन करेगा? बता दें कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 26 दिसंबर यानी 'बॉक्सिंग डे' से सेंचुरियन में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट तीन जनवरी से जोहानेसबर्ग में खेला जाएगा. वहीं तीसरा और अंतिम टेस्ट के लिए दोनों टीमें 11 जनवरी से केपटाउन में भिड़ेंगी. इसके अलावा अफ्रीका टूर पर तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे. पहला मैच 19 जनवरी, दूसरा 21 जनवरी और तीसरा मैच 23 जनवरी को खेला जाएगा. देखने लायक बात होगी कि अगर रोहित वनडे सीरीज़ तक फिट नहीं हो पाते हैं तो टीम की कप्तानी के लिए मैनेजमेंट फिर विराट की तरफ रुख करेगा या किसी और खिलाड़ी को कप्तान बनाएगा.

Advertisement

Advertisement

()