रोहित ने वर्ल्ड कप में... ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ से पहले सूर्यकुमार यादव को सुना?
रोहित शर्मा. सूर्यकुमार यादव इनकी लीडरशिप से खूब प्रभावित हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ T20I सीरीज़ से पहले सूर्या बोले- 'वर्ल्ड कप में रोहित ने जो किया, वो उदाहरण का काम करेगा.'

रोहित शर्मा. ऑस्ट्रेलिया के हाथों वर्ल्ड कप फ़ाइनल हारी टीम इंडिया के कप्तान. टीम इंडिया इस हार से आगे बढ़ चुकी है. 23 नवंबर, गुरुवार से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैच की T20I सीरीज़ खेली जाएगी. इस सीरीज़ में टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे. दोनों ही टीम्स इस सीरीज़ में बहुत से बदलावों के साथ उतरेंगी.
पहले मैच से पहले, सूर्या ने रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा की खूब तारीफ़ की. रोहित की बेख़ौफ़ बैटिंग की सराहना करते हुए सूर्या ने कहा कि वह चाहेंगे कि उनके प्लेयर्स इस सीरीज़ में ऐसा ही खेलें. सूर्या बोले,
'वर्ल्ड कप में रोहित ने जो किया, वो उदाहरण का काम करेगा. यहां दिखे रोहित एकदम ही अलग थे. मतलब, वह सच में करके दिखा रहे थे. टीम मीटिंग्स में जो भी बातें हुईं, उन्होंने ग्राउंड पर वही चीज की. हमें उन पर बहुत गर्व है. एक लीडर के रूप में, उन्होंने उदाहरण के साथ लीड किया. हम इसी चीज को दोहराने की कोशिश करेंगे.'
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा अब नहीं खेलेंगे T20 इंटरनेशनल? इस रिपोर्ट से हड़कंप
बात वर्ल्ड कप की करें तो रोहित ने कमाल की बैटिंग की थी. उन्होंने 54 से ज्यादा की ऐवरेज और लगभग 126 की स्ट्राइक रेट से 597 रन बनाए थे. रोहित ने टूर्नामेंट में कुल 31 छक्के जड़े. इस मामले में वह नंबर वन पर रहे, जबकि सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में रोहित नंबर दो पर रहे. सूर्या ने आगे कहा,
'मैंने आज दोपहर मुलाक़ात होने पर टीम से यही कहा कि मैदान पर एकदम स्वार्थरहित हो जाओ. क्योंकि मैं ऐसा व्यक्ति हूं, जो व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स के बारे में ज्यादा नहीं सोचता, इसकी जगह मैं टीम के लक्ष्य के बारे में सोचता हूं. और मैंने हमेशा ही उनसे कहा है कि आपको टीम को पहले रखना होगा. और बाक़ी सब उसके बाद जो भी आए, आप अपने फैसले कर सकते हैं. मैंने IPL और इंडिया के लिए उनके साथ खूब खेला है. इसलिए उन्हें पता है कि मैं कैसे काम करता हूं. हम इस सीरीज़ के लिए काफी उत्साहित हैं.'
यह भी पढ़ें: 'वर्ल्ड कप भारत जीतता, तो दुख होता... ' अब्दुल रज्जाक ने इतनी घटिया बात क्यों कही?
सूर्या ने इस बातचीत में ये भी कहा कि वर्ल्ड कप फ़ाइनल की हार से उबरने में वक्त लगेगा. हालांकि, नए प्लेयर्स के साथ ये टीम T20I सीरीज़ के लिए तैयार है. सूर्या बोले,
'यह मुश्किल है, इसमें वक्त लगेगा. ऐसा नहीं हो सकता कि आप अगली सुबह उठें और जो भी हुआ, सब भूल जाएं. यह एक लंबा टूर्नामेंट था और जाहिर तौर पर, इसे जीत हमें खुशी होती. लेकिन जैसा कि सब जानते हैं, हर सुबह सूरज फिर स निकलता है. हर सुरंग के अंत में रौशनी होती है. आपको चीजें भूलनी पड़ती हैं. आगे बढ़ना होता है. यह फ्रेश टीम है. नए लड़के, कमाल की एनर्ज़ी. हम इस T20 सीरीज़ के लिए उत्साहित हैं.'
पांच मैच की सीरीज़ का पहला मैच 23 नवंबर को खेला जाएगा. जबकि सीरीज़ का आखिरी मैच 3 दिसंबर को होगा. सीरीज़ का पहला मैच विशाखापत्तनम जबकि आखिरी बैंगलोर में होगा.
वीडियो: गौतम गंभीर की अपनी पुरानी टीम में वापसी, ये है नया रोल

