The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • riyan parag struggle with bat continues rajasthan royals captain reveals reason

रियान पराग का बल्ला फिर फ्लॉप, 'कप्तानी' कब तक बचाएगी?

राजस्थान रॉयल्स की टीम इस टूर्नामेंट में 7 मैच में सिर्फ 2 मैच हारी है. पॉइंट्स टेबल पर टीम मजबूत पोजीशन पर है. पर अगर टीम को रिजल्ट मिलना बंद हो गए, और पराग की फॉर्म ऐसी ही रही, तो टीम थोड़ा सोच-विचार में पड़ सकती है.

Advertisement
pic
22 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 12:28 AM IST)
riyan parag, ipl 2026, rajasthan royals
रियान ने IPL 2026 में अब तक सात मैचों में केवल 81 रन ही बनाए हैं. (Photo-PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 में पांचवीं जीत हासिल कर ली है. रियान पराग की कप्तानी वाली टीम पॉइंट्स टेबल में अब दूसरी पोजीशन पर हैं. टीम बढ़िया परफॉर्म कर रही है. लेकिन कप्तान साहब के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भी रियान का बल्ला खामोश ही रहा. वह 19 गेंदों में केवल 20 ही रन ही बना पाए. ऐसे में अब रियान की फॉर्म और बतौर बैटर टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

टॉप ऑर्डर पर निर्भर राजस्थान

राजस्थान रॉयल्स का टॉप ऑर्डर इस टूर्नामेंट में कमाल की बैटिंग कर रहा है. यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल लगातार बनाते आ रहे हैं. लेकिन जिस दिन टॉप ऑर्डर फ्लॉप होता है, तो मिडिल ऑर्डर को जिम्मेदारी उठानी पड़ती है. यहीं पर कप्तान रियान टीम के काम आ सकते हैं. पर वो लगातार फेल हो रहे हैं. रियान ने IPL 2026 में अब तक सात मैचों में केवल 81 रन ही बनाए हैं.

LSG के खिलाफ उनकी टीम मुश्किल में थी. 32 रन के स्कोर पर टीम का टॉप ऑर्डर पवेलियन जा चुका था. उसी समय रियान पराग क्रीज पर आए. उनके पास मौका था, और टीम को उनकी जरुरत भी थी. वो शिमरोन हेटमायर के साथ साझेदारी करके टीम को संभाल सकते थे. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. 

प्रिंस यादव की गेंद को स्लॉग करने के चक्कर में रियान कैच दे बैठे. शॉट एकदम ‘नथिंग शॉट’ था. उस पोजीशन पर ऐसा शॉट खेलना फॉर्म से ज्यादा इंटेंट पर सवाल उठाता है. रियान चाहते तो कुछ और समय लेकर बाद में तेजी से रन बना सकते थे. पर वो ऐसा करने में नाकाम रहे.

KKR के खिलाफ मैच में भी जब टीम को उनकी जरूरत थी वह अपना विकेट फेंक कर चले गए थे.

रियान ने बताया कारण

रियान बल्ले से अपनी जगह को जस्टिफाई तो नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन फिलहाल इस वजह से उनकी टीम में जगह पर कोई खतरा नहीं है. वह कप्तानी में कमाल कर रहे हैं, तो जाहिर है टीम उन्हें फिलहाल तो बैक करेगी ही. रियान ने LSG के खिलाप मैच के बाद माना कि उनके बल्ले से रन नहीं आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि वह किसी परेशान से गुजर रहे हैं. रियान ने कहा,

मैं भी एक फेज से गुजर रहा हूं. IPL से ठीक पहले भी मैं इससे जूझ रहा था, और अभी भी मैं इसका सामना कर रहा हूं. टीम में हर कोई इस बात को समझता है. सभी इसका सम्मान करते हैं. मैं इसके लिए उनका शुक्रिया अदा करता हूं. मुझे लगता है कि जिस तरह से मैं बैटिंग कर रहा हूं, उस हिसाब से एक बड़ी पारी अब ज्यादा दूर नहीं है.

अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने कहा,

जैसा कि मैं कहता आ रहा हूं, अगर मैं कल मैदान पर उतरता हूं और एक और मैच खेलता हूं, तो मैं वही करूंगा जिसकी टीम को जरूरत होगी. ऐसा नहीं होगा कि मैं रन न बनाऊं और 30 या 40 रन बनाने में बहुत ज्यादा समय लूं. ऐसा बिल्कुल नहीं होगा. मैं मैदान पर उतरता हूं और वहां की कंडीशन पढ़ता हूं. अगर टीम चाहती है कि मैं पहली ही बॉल से 200 के स्ट्राइक रेट से खेलूं, तो मैं वैसा ही करता हूं.

राजस्थान रॉयल्स की टीम इस टूर्नामेंट में 7 मैच में सिर्फ 2 मैच हारी है. पॉइंट्स टेबल पर टीम मजबूत पोजीशन पर है. इसलिए रियान पराग को लेकर टीम मैनेजमेंट ज्यादा चिंतित नहीं होगा. पर अगर टीम को रिजल्ट मिलना बंद हो गए, और पराग की फॉर्म ऐसी ही रही, तो टीम थोड़ा सोच-विचार में पड़ सकती है. अब देखने वाली बात ये है कि रियान के बल्ले से कब रन निकलते हैं. 

वीडियो: अक्षर पटेल की चूक, अभिषेक शर्मा ने उठाया फायदा, जड़ दी सेंचुरी

Advertisement

Advertisement

()