ऋषभ पंत को उत्तराखंड सरकार ने दिया बड़ा तोहफा
राज्य के ब्रांड एम्बेसडर बने ऋषभ पंत

ऋषभ पंत. टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज. पंत को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है. धामी ने इस बात की घोषणा अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए की. धामी ने लिखा,
'प्रदेश सरकार ने देवभूमि के सपूत एवं भारतीय क्रिकेट टीम के प्रतिभावान खिलाड़ी ऋषभ पंत जी को उत्तराखंड के युवाओं को खेलकूद एवं जन स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित किए जाने के उद्देश्य से 'राज्य ब्रांड एम्बेसडर' नियुक्त करने का निर्णय लिया है. आपको हार्दिक शुभकामनाएं.'
डोमेस्टिक क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलने वाले पंत मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी हैं. सिर्फ 24 साल की उम्र में राज्य के ब्रांड एम्बेसडर बने पंत ने ट्विटर के जरिए सीएम धामी को शुक्रिया कहा. उन्होंने लिखा,
'मुझे ये मौका देने के लिए पुष्कर धामी जी का शुक्रिया, बेशक़ यह एक बेहतरीन अहसास और बड़ी जिम्मेदारी है. सभी युवाओं को मेरा संदेश रहेगा कि आप जो भी चाहते हैं सब हासिल कर सकते हैं. बस आप खुद पर भरोसा रखिए और एकाग्र होकर कड़ी मेहनत करते रहिए.'
बता दें कि हाल ही में पंत ने इंडियन क्रिकेट टीम की कप्तानी भी की थी. इंडिया वर्सेज साउथ अफ्रीका 5 मैच की T20I सीरीज़ के दौरान टीम पंत की कप्तानी में ही खेली थी. साथ ही वह पिछले कुछ सालों से IPL में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी भी कर रहे हैं.
महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के बाद से ही पंत टीम इंडिया के फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर रहे हैं. पंत तीनों फॉर्मेट में लगातार इंडिया के लिए खेल रहे हैं. टीम मैनेजमेंट ने इस दौरान उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दीं. कभी वह नंबर चार पर खेले तो कभी फिनिशर के रोल में आजमाए गए. कई बार तो पंत ने टीम के लिए ओपनिंग भी की है. हाल में अपना पहला वनडे शतक लगाने वाले पंत टेस्ट में ज्यादा सफल रहे हैं.
उन्होंने अपने छोटे से करियर में कई दफ़ा भारतीय क्रिकेट टीम को बचाया है. वह इंग्लैंड-साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक जड़ने वाले इकलौते एशियन विकेटकीपर हैं. विदेशी धरती पर होने वाले टेस्ट मैच में पंत अक्सर टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित होते हैं. हालांकि क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट T20I में अभी उन्हें खुद को प्रूव करना बाकी है.
जब ऋषभ पंत इंस्टा लाइव में फ़ैन्स को भी बुला लाए

