धोनी, विराट, रोहित, रसल...नहीं, IPL की सबसे बेहतरीन पारी रिंकू के नाम!
फ़ैन्स का वोट देख होश उड़ जाएंगे.
.webp?width=210)
रिंकू सिंह रातोरात इंडियन क्रिकेट के स्टार बन गए. गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाकर रिंकू ने पूरे देश में धूम मचा दी. जो उनके फै़न थे, वो और तगड़े फैन हो गए. जो नहीं जानते थे, वो जान गए. IPL इतिहास में 29 रन कभी चेज़ नहीं हुए थे. आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाकर रिंकू ने कोलकाता को मैच जिताया. जो धोनी, रसल, पोलार्ड नहीं कर सके, वो यूपी के अलीगढ़ के इस लड़के ने कर दिखाया. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता को आखिरी ओवर में 32 रन बनाने थे. हालांकि, रिंकू ऐसा कर नहीं सके.
पर SRH के खिलाफ भी उन्होंने शानदार पारी खेली. 31 बॉल में 58 रन बनाए. पारी में चार चौके और चार छक्के थे. और इसी पारी के दौरान कुछ ऐसा पता चला, जिसे देख IPL फै़न्स की आंखें खुली की खुली रह जाएंगी! SRH vs KKR में जब रिंकू बैटिंग कर रहे थे, तब IPL वालों ने एक पोल चलाया. सवाल था - 'क्या रिंकू की पारी IPL के इतिहास की सबसे शानदार मैच जिताने वाली पारी थी?' जवाब सुन आपके होश उड़ जाएंगे! 81% लोगों ने हामी भरी. 19% लोगों इसके विपरीत सोचते हैं.
याद दिला दें, IPL में कई शानदार पारियां खेली गई हैं. क्रिस गेल की 175 रन की पारी, एबी डी विलियर्स की 133 रन की कुटाई, 2016 से विराट की कोई भी पारी, जॉस बटलर, एमएस धोनी की पारियां, आंद्रे रसल की भयानक बैटिंग, कायरन पोलार्ड के आसानी से मारे हुए छक्के, 2018 के फाइनल में शेन वाटसन की सेंचुरी, पंजाब के खिलाफ सुरेश रैना के वो शॉट्स... ऐसी जाने कितनी ही पारी ध्यान में आती हैं. पर इन सबको पीछे छोड़ गए हैं रिंकू. 2022 के चैम्पियन्स गुजरात के खिलाफ प्रेशर में खेली गई रिंकू की पारी यादगार तो होनी ही थी. आप कॉमेंट कर बताइए, आपके लिए सबसे शानदार मैच विनिंग पारी कौन सी रही है.
रिंकू के शानदार स्टैट्सजब तक आप हमें अपनी राय बताते हैं, हम आपको एक-दो स्टैट दे देते हैं. रिंकू से जुड़े हुए. क्रेक्स से मिले डेटा के अनुसार IPL 2023 में 100 रन्स बनाने वाले प्लेयर्स में रिंकू का स्ट्राइक रेट शानदार है. भारतीय बल्लेबाज़ों में वो सबसे ऊपर हैं. लिस्ट में सबसे ऊपर निकोलस पूरन हैं. पूरन ने 220 के स्ट्राइक रेट से रन्स बनाए हैं. काइल मेयर्स दूसरे नंबर पर हैं. उनका स्ट्राइक रेट 181 का रहा है. तीसरे नंबर पर रिंकू का नाम है. उन्होंने 175 के स्ट्राइक रेट से रन्स बनाए हैं.
पिछले तीन मैच से ही रिंकू शानदार फॉर्म में रहे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 33 बॉल में 46, गुजरात के खिलाफ 21 बॉल में 48 और सनराइजर्स के खिलाफ 31 बॉल में 58. आखिरी दोनों पारी में रिंकू नाबाद रहे थे. यानी प्रेशर मुकाबलों में रिंकू और निखर जाते हैं. ट्विटर पर फै़न्स कह रहे हैं, ऐसे ही प्लेयर की तो इंडिया को जरूरत है. अगर आपको इस प्लेयर के बारे में नहीं पता, तो आगे हम आपको उनकी पूरी कहानी बता देते हैं.
रिंकू सिंह की कहानीरिंकू बेहद ग़रीब घर से आते हैं. उनके पिता घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम करते थे. और पूरा परिवार उसी सिलेंडर बांटने वाली एजेंसी से सटे दो कमरों वाले मकान में रहता था. अलीगढ़ स्टेडियम के पास रहने वाले इस परिवार के पांच बच्चों में रिंकू तीसरे नंबर पर हैं. रिंकू का एक बड़ा भाई ऑटोरिक्शा चलाता है, दूसरा एक कोचिंग सेंटर में काम करता है. 2018 के ऑक्शन में बिकने के बाद रिंकू ने इंडियन एक्सप्रेस के देवेंद्र पांडेय से कहा था,
'सोचा था 20 लाख में जाऊंगा. लेकिन मुझे 80 मिल गए. पैसे मिलने के बाद सबके पहले मेरे दिमाग में ये आया कि मैं अपने भाई की शादी में योगदान दे पाऊंगा. और बहन की शादी के लिए भी पैसे बचा पाऊंगा. और एक अच्छे से घर में शिफ्ट हो जाऊंगा.'
दरअसल रिंकू ने इस दिन से पहले बहुत बुरे दिन देखे थे. इस ऑक्शन से तीन साल पहले उनके परिवार पर पांच लाख का कर्ज़ था. और इस परिवार की कमाई में ये पैसा वापस करना आसान नहीं था. नौवीं क्लास में फेल हो चुके रिंकू पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे. इसलिए उन्हें पता था कि उनकी किस्मत क्रिकेट से ही पलट सकती है. ऐसे में उन्होंने पूरा ध्यान इसी पर लगा दिया.
रिंकू उस वक्त यूपी अंडर-19 टीम के लिए खेलते थे. और यहां से होने वाली सारी कमाई उन्होंने इस कर्ज़ को उतारने में लगाई. इस बारे में रिंकू ने कहा था,
'पापा और भैया महीने के 6-7 हजार ही कमा पाते थे. मेरा परिवार थोड़ा बड़ा है, इसलिए मेरे पास क्रिकेट पर फोकस करने के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं था. जिंदगी में बहुत स्ट्रगल किया है.'
रिंकू के परिवार का उन पर भरोसा तब बढ़ा, जब उन्हें दिल्ली के एक टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज बनने पर एक मोटरसाइकिल मिली. अब पिताजी इस मोटरसाइकिल के जरिए सिलेंडर डिलिवर करने लगे. हालांकि हालात अब भी बहुत अच्छे नहीं थे. ऐसे में रिंकू ने अपने भाई से कुछ काम दिलाने को कहा. इस बारे में उन्होंने बताया था,
'वो मुझे जहां ले गए, वहां मुझसे साफ-सफाई और पोछा मारने का काम कराया गया. मैं घर लौटा तो अपनी मां से बोला कि मैं वहां दोबारा नहीं जाऊंगा. मुझे क्रिकेट में अपना भाग्य आजमाने दीजिए.'
और फिर भाग्य आजमाते हुए रिंकू IPL तक पहुंचे. जहां वो IPL2018 से ही KKR के साथ हैं. टीम हर बार उन्हें रीटेन कर रही है. लेकिन उनके आंकड़े बहुत अच्छे नहीं थे. IPL 2022 में अपनी काबिलियत दिखाने के बाद IPL 2023 में रिंकू शानदार बैटिंग कर रहे हैं.
वीडियो: रिंकू सिंह से पहले इन 3 खिलाड़ियों ने एक ओवर में 5 छक्के जड़े थे, लिस्ट में एक CSK के स्टार भी हैं!

