The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Rinku Singh got man of the match in India vs Ireland 2nd T20I said he had worked hard for all this

रिंकू सिंह ने मैन ऑफ द मैच बन, बोली दिल जीतने वाली बात!

'मैंने बहुत मेहनत की है.'

Advertisement
pic
20 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 20 अगस्त 2023, 11:58 PM IST)
Rinku Singh Man Of The Match vs Ireland
रिंकू ने पहली ही पारी में कमाल कर दिया (BCCI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

रिंकू सिंह. बीते कुछ महीनों में इस खिलाड़ी को खूब चर्चा मिली. IPL2023 में रिंकू ने ऐसा कूटा कि उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने की गुहार होने लगी. ये गुहार सुनी गई, रिंकू टीम इंडिया में आए. 20 अगस्त, 2023 को उन्हें पहली बार T20I में बैटिंग करने को मिली. और इसी पारी में रिंकू ने दिखा दिया, कि उनके इर्द-गिर्द मच रही हाइप में दम था.

रिंकू ने आयरलैंड के खिलाफ़ कमाल की फिनिशिंग स्किल्स दिखाईं. और इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया. अवॉर्ड लेने के बाद उन्होंने कहा,

'मैं बहुत अच्छा फ़ील कर रहा हूं. मैं वही करने की कोशिश कर रहा था जो मैंने IPL में किया था. बहुत कॉन्फिडेंट था और शांत रहने की कोशिश कर रहा था. मैं कप्तान की सुनता हूं. मुझे बहुत अच्छा महसूस हो रहा है. मैं दस साल से खेल रहा हूं. मैंने बहुत मेहनत की है. मैं अपने पहले ही गेम में मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतकर खुश हूं.'

ये तो हुई रिंकू की खुशी. अब बात उनके प्रदर्शन की. हमेशा की तरह रिंकू ने सधी हुई शुरुआत की. 18 ओवर्स के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 143 रन था. रिंकू 15 गेंदों में इतने ही रन बनाकर खेल रहे थे. 19वां ओवर लेकर आए बैरी मैक्कार्थी, जिन्होंने तीन ओवर्स में 14 रन देकर दो विकेट निकाल रखे थे.

पहली गेंद वाइड. पहली लीगल गेंद पर शिवम दुबे ने सिंगल लिया. दूसरी गेंद, रिंकू ने चौका मार दिया. तीसरी गेंद, स्लोअर थी. रिंकू ने इसे लॉन्ग-ऑन के ऊपर से उड़ाकर छह रन बटोर लिए. अगली दो गेंदें वाइड गईं. ओवर की चौथी लीगल डिलिवरी, वाइड यॉर्कर का प्रयास. लेकिन बनी ऑफ स्टंप के बाहर की स्लॉट बॉल. रिंकू ने इनसाइड आउट जाते हुए छक्का जड़ दिया.

पांचवीं और छठी गेंद पर सिंगल्स आए. इस ओवर से कुल 22 रन बने. अगले ओवर में दुबे ने मार्क अडेर को लगातार दो छक्के मार, रिंकू को स्ट्राइक दी. रिंकू ने ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ दिया. हालांकि अगली ही गेंद पर वो आउट हो गए. लेकिन इससे पहले उन्होंने 21 गेंदों पर 38 रन बना डाले थे. इसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे. दोनों ने मिलकर सिर्फ 28 गेंदों पर 55 रन की पार्टनरशिप की.

इस बैटिंग की बदौलत भारत ने 20 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 185 रन बना डाले. टीम के लिए रुतुराज गायकवाड़ ने सबसे ज्यादा, 58 रन बनाए. जबकि संजू सैमसन ने 40 रन की पारी खेली. शिवम दुबे 16 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे. जवाब में आयरलैंड 20 ओवर्स में 152 रन ही बना पाया. टीम के लिए एंड्रयू बाल्बर्नी ने सबसे ज्यादा, 71 रन की पारी खेली.

वीडियो: जय शाह को पाकिस्तान से न्यौता आया है!

Advertisement

Advertisement

()