कोहली ने बताया, कौन सी ट्रॉफ़ी दो हफ्तों में जीत लेगी RCB!
कोई 'फालतू' टीम नहीं है RCB.

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर. इंडियन प्रीमियर लीग की बड़ी टीम्स में से एक. ये अलग बात है कि इस बड़ी टीम को अभी तक अपनी पहली IPL ट्रॉफ़ी का इंतजार है. हालांकि इसके बाद भी इस टीम के रुतबे में कोई कमी नहीं है. इस टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अब इसी रुतबे पर बात की है.
RCB ने IPL2023 की शुरुआत बेहतरीन अंदाज में की है. उन्होंने अपने पहले ही मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से हराया. हालांकि ट्रॉफ़ी जीतने के लिए अभी उन्हें बहुत काम करना है. कोहली ने RCB इनसाइडर के साथ बातचीत में अपनी टीम के रुतबे के बारे में कहा,
'हमारी सोशल मीडिया परफॉर्मेंस बाकियों से मीलों आगे है. यहां एक ट्रॉफ़ी लाइए, और फिर देखिए. आप एक सोशल मीडिया ट्रॉफ़ी लाइए और देखिए कि RCB कैसे इसे अपने नाम करती है. कोई कंपटिशन ही नहीं है. दो हफ्तों के अंदर ही हम टूर्नामेंट जीत लेंगे. आखिरी के गेम्स खेलने ही नहीं हैं. चार-पांच मैच ही काफी हैं.'
कोहली ने इसी बातचीत में यह भी कहा कि फ़ैन्स को RCB से बहुत उम्मीदें रहती हैं. यह बड़ी फ्रैंचाइज़ है और इसीलिए लोगों को इससे उम्मीदें रहती हैं. और इससे प्रूव होता है कि हम कोई फालतू टीम नहीं हैं. कोहली ने कहा,
'यह बड़ी फ्रैंचाइज़ का प्रेशर है. बहुत से लोग मजे लेते हैं कि ये टीम नहीं जीतती. आओ, और खेलो, यहां बहुत सारी एक्सपेक्टेशंस होती हैं. हम एक बड़ी टीम हैं. नहीं तो अगर हम कोई फालतू टीम होते तो हमारे इतने फ़ैन्स क्यों होते.'
कोहली की इस टीम के आंकड़े देखें तो इन्होंने अभी तक एक भी बार IPL खिताब नहीं जीता है. टीम ने तीन बार IPL फाइनल खेला है. लेकिन तीनों ही बार उन्हें हार मिली है. इसके अलावा ये टीम पांच बार प्ले-ऑफ भी खेल चुकी है. इस टीम में दुनियाभर के दिग्गज खेले हैं लेकिन ये एक बार भी इसे चैंपियन नहीं बना पाए.
सालों तक इस टीम के लिए खेले दिग्गज क्रिस गेल ने इस बारे में एक दिलचस्प दलील दी थी. उनका मानना है कि यह टीम स्टार्स पर ज्यादा फोकस कर लेती है. और इसीलिए बाकी प्लेयर्स इसे अपनी टीम नहीं मान पाते, और एक टीम के रूप में ये लोग अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते.
वीडियो: लखनऊ को हराकर भी किस बात से नाखुश दिखे धोनी

