पता चल गया, इंडियन पिचेज की किस बात से डरता है ऑस्ट्रेलिया!
एक तरह की गेंद ने दिखाए तीन रंग.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच नागपुर के VCA स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच पर हर इंडियन क्रिकेट फैन की नज़र गड़ी हुई है. मैच के दूसरे सेशन में कुछ ऐसा हुआ, जिसे देख साफ हो गया, क्यों कंगारू भारतीय पिचों से डरते हैं.
# 42वें ओवर में ऐसा क्या हुआ?ऑस्ट्रेलियाई पारी के 42वें ओवर में कुछ ऐसा हुआ, जिससे पता चलता है कि क्यों ऑस्ट्रेलिया मैच से पहले ही पिच से डर रहा था. बोल रविन्द्र जडेजा के हाथ में थी. चौथी बोल नो बोल रही, इसलिए जड्डू को वो फिर से डालनी पड़ी.
चौथी बोल, ऑफ स्टंप पर फुल गेंद, ये बोल सीधी रही. स्टीव स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया के बेस्ट बल्लेबाज़, क्रीज़ पर थे. उन्होंने बोल को सीधे शॉर्ट कवर की तरफ डिफेंड कर लिया. अगली बोल. सेम लाइन, सेम लेंथ. पर रिज़ल्ट अलग. ऑफ स्टंप पर फुल गेंद. पर इस बार थोड़ी सी हिली और बाहर की ओर घूम गई. स्मिथ सीधी बोल के लिए खेल रहे थे. बल्ले का एज लगा, और बोल स्लिप के पास से गई. पर रन नहीं मिला.
स्मिथ क्रीज़ पर ही थे. और ओवर की आखिरी बोल. एक बॉल सीधी रही थी, दूसरी घूमी थी. अगली पर क्या होता, ये तुक्का न हम लगा पाएंगे, न आप, और न स्टीव स्मिथ लगा पाए. और ये उनके और ऑस्ट्रेलिया को महंगा भी पड़ा. सेम बोल, सेम लेंथ. पिछली बोल की स्मृति में जीते हुए स्मिथ ने टर्न के लिए खेला. पर बोल सीधी रही, और बैट और पैड के गैप से अंदर घुस गई और विकेट्स को बिखेर दिया.
# तो इसलिए डरता है ऑस्ट्रेलियाआपने देखा, कैसे एक ही बोल के अलग-अलग रिज़ल्ट आए. इससे डील कर पाना किसी भी प्लेयर के लिए मुश्किल होता है. जब दुनिया का नंबर एक (मार्नस लाबुशेन) और नंबर दो (स्टीव स्मिथ) बल्लेबाज़ ऐसा फंसे, तो समझ जाइए, ऐसी पिच पर बैटिंग करना कितना मुश्किल होगा.
# मैच में क्या हो रहा?अब मैच में क्या हो रहा है, ये जान लीजिए. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता, और पहले बैटिंग करने का फैसला लिया. भारत ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया. मोहम्मद सिराज ने अपनी पहली ही बोल पर उस्मान ख़्वाजा को चलता किया. डेविड वार्नर को अगले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने बोल्ड कर दिया.
फिर लाबुशेन-स्मिथ ने एक पार्टनरशिप जरूर बनाई, पर जड्डू ने शानदार वापसी की और पांच विकेट चटका दिए. ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 177 रन पर खत्म हुई.
वीडियो: नागपुर की पिच पर ऑस्ट्रेलिया रो रहा, पर पाकिस्तानी क्यों कूद रहे?

