The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Ravi Shastri says no one should be made vicecaptain of Indian team after KL Rahul removed from responsibility during Ind vs Aus series

'उपकप्तान बनाओ ही मत...' - रवि शास्त्री का जुगाड़ सुना?

केएल राहुल से ये ज़िम्मेदारी ले ली गई है.

Advertisement
pic
26 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 26 फ़रवरी 2023, 03:21 PM IST)
Ravi Shastri says Team India should not appoint vicecaptain
रवि शास्त्री (Courtesy: Twitter)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर सीरीज़ में 2-0 की बढ़त ले ली है. भारत ने पहला टेस्ट एक पारी और 132 रन और दूसरा टेस्ट छह विकेट से जीता. इस सीरीज़ में रविन्द्र जडेजा की वापसी और शानदार प्रदर्शन पर खूब बात हुई है. इसके अलावा केएल राहुल के खराब फॉर्म पर भी खूब विवाद हो रहा है. IPL 2022 के बाद से ही राहुल ऑउट-ऑफ-फॉर्म रहे हैं. फ़ैन्स और पूर्व क्रिकेटर्स लगातार उन्हें ड्रॉप करने की मांग कर रहे हैं.

तीसरे और चौथे टेस्ट की टीम के ऐलान में BCCI ने बताया कि केएल राहुल से उपकप्तानी ले ली गई है. इसी बीच कौन होगा टीम इंडिया का अगला उपकप्तान, इसके भी चर्चे जोरों पर हैं. कोई रविचन्द्रन अश्विन का नाम ले रहा है, कोई रविन्द्र जडेजा को सही बता रहा है, कोई चेतेश्वर पुजारा को ज़िम्मा सौंपना चाहता है तो कोई श्रेयस अय्यर की पैरवी कर रहा है. इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने इस समस्या का एक अलग ही हल बताया है. शास्त्री ने कहा है कि टीम इंडिया को कोई उपकप्तान बनाना ही नहीं चाहिए. ICC रिव्यू पॉडकास्ट पर बात करते हुए शास्त्री ने कहा -

(उपकप्तान के बारे में) टीम मैनेजमेंट तय करेगा. वो (केएल राहुल के)  फॉर्म के बारे में जानते हैं. उनके मेंटल स्टेट के बारे में जातने हैं. उन्हें पता है कि उन्हें शुभमन गिल जैसे प्लेयर पर नज़र रखनी चाहिए. मैं हमेशा से मानता हूं कि भारत को उपकप्तान रखना ही नहीं चाहिए. आपको अपनी बेस्ट XI के साथ हर मैच में उतरना चाहिए. अगर आपके कैप्टन को मैदान से बाहर जाना होता है, तो पहले से तय रहेगा कौन सा प्लेयर ये ज़िम्मा संभालेगा. इससे आप जटिलताओं से बच जाएंगे.

शास्त्री ने आगे कहा -

अगर आपका उपकप्तान परफॉर्म नहीं कर रहा है, तो उसकी जगह कोई ले सकता है. कम-से-कम वो टैग तो नहीं रहता. मैं एकदम सीधी-साफ़ बात कर रहा हूं. मुझे घरेलू कंडीशन्स में उपकप्तान रखना पसंद नहीं. बाहर की बात अलग है. यहां आपको आपके सारे बेस्ट प्लेयर्स चाहिए होते हैं, जो अच्छी फॉर्म में हों... जैसे शुभमन गिल... जो शानदार फॉर्म में हैं. वो चैलेंज करेंगे. उन्हें वो दरवाज़ा तोड़ टीम में अपनी जगह बनानी होगी. अब वो (केएल राहुल) उपकप्तान नहीं हैं, अब टीम मैनेजमेंट को निर्णय लेना होगा.

शास्त्री ने इसके बाद केएल राहुल के फॉर्म पर भी बात की. उन्होंने कहा -

उन्हें (टीम मैनेजमेंट को) राहुल का फॉर्म, उनका स्टेट ऑफ माइंड देखना होगा. वो बहुत टैलेंटेड प्लेयर हैं, पर टैलेंट सब कुछ नहीं होता. आपको उसे रिज़ल्ट में बदलना पड़ता है. और वो भी कंसिस्टेंटली. टैलेंटेड प्लेयर्स टीम इंडिया के दर पर खड़े हैं. सिर्फ केएल राहुल की ही बात नहीं है, मिडल ऑर्डर में भी ऐसे प्लेयर्स हैं. बॉलिंग लाइनअप में भी.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट की तीन पारियों में राहुल ने 20, 17 और 1 रन बनाए. इंदौर में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट के लिए उन्हें टीम से बाहर करने की मांग की जा रही है. फ़ैन्स चाहते हैं कि रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल को बतौर ओपनर खिलाया जाए. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट 1 मार्च से शुरू होगा.

 

वीडियो: जडेजा, अश्विन टीम इंडिया में, फ्यूचर स्टार भी सामने

Advertisement

Advertisement

()