ये एक प्लेयर नहीं होता, तो बिगड़ जाती है टीम इंडिया की हालत!
चोट के बाद इस खिलाड़ी ने की है शानदार वापसी.

हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya). मौजूदा भारतीय क्रिकेट टीम की बैकबोन. लंबे समय तक चोट के कारण क्रिकेट से दूर रहने के बाद पंड्या ने जो खेल दिखाया है, वो वाकई क़ाबिल-ए-तारीफ़ है. मैदान पर वापसी के बाद से ही पंड्या की लगातार तारीफ़ की जा रही है.
IPL में कमाल का प्रदर्शन करने के बाद पंड्या इंटरनेशनल क्रिकेट में भी धमाल मचा रहे हैं. जहां अब उनकी नजर एशिया कप और T20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने पर है. इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने हार्दिक पंड्या को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है. शास्त्री ने पंड्या को भारतीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक बताया है.
शास्त्री ने इस ऑलराउंडर की तारीफ़ करते हुए बताया कि भारतीय प्लेइंग XI में उनका होना क्यों फायदेमंद होता है. शास्त्री के मुताबिक अगर पंड्या प्लेइंग इलेवन में नहीं होंगे, तो पूरी टीम का बैलेंस बिगड़ जाएगा. उन्होंने कहा,
‘जहां तक भारत का सवाल है, तो पंड्या टीम के पहिए की सबसे महत्वपूर्ण धुरी में से एक हैं. वो जब प्लेइंग इलेवन में नहीं होते हैं, तो पूरी टीम का संतुलन चला जाता है. वह काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. जब वो नहीं होते हैं तो आप ये नहीं समझ पाते कि टीम में एक एक्स्ट्रा बैट्समैन को खिलाना चाहिए या एक एक्स्ट्रा बोलर को.’
हार्दिक पिछले T20 विश्व कप में भी टीम के साथ थे, लेकिन अनफिट होने के चलते वो पूरे टूर्नामेंट में बोलिंग नहीं कर पाए थे. जिसका खामियाजा भारतीय टीम ने उठाया भी था. और टीम ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई थी. इसको लेकर पूर्व भारतीय कोच ने कहा,
# कमाल की फॉर्म में हैं Hardik Pandya‘हमने पिछले साल T20 विश्व कप में उनकी बोलिंग को बहुत मिस किया था. इससे काफी ज्यादा फ़र्क पड़ा. वो जिस नंबर पर बैटिंग करते हैं. और उनके पास जो क्वॉलिटी हैं, उसके आस पास भी कोई खिलाड़ी नहीं है. मुझे लगता है कि वो काफी इंपोर्टेंट प्लेयर हैं.’
चोट के बाद मैदान पर वापसी करने वाले पंड्या ने सबसे पहले IPL में कमाल का प्रदर्शन किया. अपनी कप्तानी में उन्होंने गुजरात टाइटंस की टीम को खिताब दिलाया. इस दौरान पंड्या ने 15 मैच में कुल 487 रन बनाए. साथ ही आठ विकेट भी हासिल किए. इस प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की. और तब से वो लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं.
पहले साउथ अफ्रीका और फिर इंग्लैंड के खिलाफ़ हार्दिक ने टीम को कई मैच अकेले दम पर जिताए. इंग्लैंड के खिलाफ़ वो मैन ऑफ द सीरीज़ भी बने. अब देखना होगा कि पंड्या आगे आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रख पाते हैं या नहीं.
हार्दिक पंड्या में बदलाव देख हैरत में पड़े संजय मांजरेकर

