विदर्भ ने गुजरात के खिलाफ़ किया कमाल, बदल गया रणजी ट्रॉफ़ी का इतिहास!
महज 54 रन पर सिमटा गुजरात.

विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है. गुरुवार को विदर्भ ने गुजरात के खिलाफ़ 18 रन से जीत हासिल की. इसके साथ ही विदर्भ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे छोटे स्कोर को डिफेंड करने वाली टीम बन गई है. नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मैच में विदर्भ की जीत के हीरे रहे बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे. जिन्होंने महज 17 रन देकर छह विकेट हासिल किए.
विदर्भ ने मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था. लेकिन उनकी पूरी टीम महज 74 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. जिसके जवाब में गुजरात ने अपनी पहली पारी में 256 रन बनाए. वहीं दूसरी पारी में विदर्भ ने 254 रन बनाए. इस तरह गुजरात को जीत के लिए 72 रन का छोटा सा टारगेट मिला. लेकिन पूरी टीम महज 54 रन पर सिमट गई.
इंडिया के फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास में ये डिफेंड किया गया सबसे छोटा स्कोर है. इससे पहले ये रिकॉर्ड बिहार के नाम था. जब उन्होंने जमशेदपुर में खेले गए मैच में दिल्ली के खिलाफ साल 1948-49 में 78 रन का टोटल डिफेंड किया था. जबकि इस मामले में तीसरे नंबर पर रेलवे की टीम है, जिन्होंने साल 2017 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 94 रन के टोटल को डिफेंड किया था.
# सरवटे रहे जीत के हीरोमैच की बात करें तो गुजरात ने तीसरे दिन एक विकेट पर छह रन से आगे खेलना शुरू किया. तब टीम को सिर्फ 67 रन और बनाने थे. लेकिन सरवटे की धारदार गेंदबाज़ी के आगे गुजरात की बैंटिंग पस्त हो गई और पूरी टीम महज 54 रन पर ही ऑलआउट हो गई. सरवटे ने मैच की दूसरी पारी में 17 रन देकर छह विकेट लिए. वहीं पहली पारी में उन्होंने 64 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे.
पूरे मैच में इस स्पिनर ने 81 रन देकर 11 विकेट लिए, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. वहीं हर्ष दुबे ने भी सरवटे का पूरा साथ दिया और दूसरी पारी में 11 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. उन्होंने पहली पारी में भी दो विकेट हासिल किए थे. गुजरात के लिए सिद्धार्थ देसाई दोहरे अंक में पहुंचने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे. उन्होंने 18 रन की पारी खेली.
वीडियो: पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी में मार-मार भूसा भरा, रन बनाने के बाद सेलेक्टर्स को बड़ा मैसेज दिया!

