'ये था रोहित के करियर का टर्निंग पॉइंट' - राहुल द्रविड़
द्रविड़ ने बताया, रोहित को पहली बार कब देखा.

रोहित शर्मा (Rohit Sharma). इकलौते ऐसे क्रिकेटर, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक जड़े हैं. रोहित ने भारत के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं. 2007 T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज़ के आखिरी वनडे से पहले टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने अब रोहित की जमकर तारीफ की है. द्रविड़ ने ये भी बताया कि उनके हिसाब से रोहित के करियर का टर्निंग पॉइंट क्या था.
23 जनवरी 2013, यानी ठीक 10 साल पहले, रोहित ने पहली बार भारत में भारत के लिए ओपन किया था. ये फैसला एमएस धोनी का था, जो उस वक्त टीम के कैप्टन थे. रोहित ने इसके बाद कई शानदार रिकॉर्ड्स बनाए और शिखर धवन के साथ उनकी जोड़ी ने भारत को लंबे समय तक शानदार शुरुआत दिलाई.
राहुल को 2013 से जुड़ा ये फैक्ट बताया गया, तो वो चौंक गए. उन्होंने कहा -
उन्होंने भारत के लिए शानदार क्रिकेट खेला है. जब वो नए आए थे, ऐसा माना जाता था कि उनमें बहुत टैलेंट है. मुझे याद है मैंने उन्हें पहली बार तब देखा था जब वो 17-18 साल के थे. वो अंडर-19 से निकलकर आए थे पर आपको दिख जाता है जब कोई प्लेयर अलग हो. उन्होंने इसे साबित भी किया.
राहुल ने आगे कहा -
# रोहित के करियर का टर्निंग पॉइंटबहुत सारे लड़के ऐसे होते हैं जो 19 साल की उम्र में अलग लगते हैं, पर हर कोई अपने पोटेंशियल को पूरा नहीं करता. रोहित ने 15 साल में जो किया है, मुझे लगता है उन्होंने अपने पोटेंशियल को अचीव किया है और इंडियन क्रिकेट को अच्छे से सर्व किया है.
इसके बाद राहुल ने बताया, कि उनके हिसाब से रोहित के करियर का टर्निंग पॉइंट क्या था.
कई तरह से उनके लिए टर्निंग पॉइंट वो था, जब उन्हें ओपन करने का मौका मिला और तब से ICC टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करना उनसे जुड़ गया. हमने 2019 में ये देखा. वो अपने स्टार्ट्स को बड़ी पारी में तब्दिल करना जातने हैं. इस फॉर्मेट में उन्होंने तीन दोहरे शतक जड़े हैं. ये एक शानदार उपलब्धि है.
राहुल ने आगे कहा -
वो काफी सफल रहे हैं और उनके पास ऑल-राउंड गेम है. अगर वो अच्छी लय में हैं तो आप सोच भी नही सकते कि क्या बॉल करे. आप उन्हें शांत नही रख सकते. आप उन्हें फास्ट या शॉर्ट बॉल नही डाल सकते, वो आपको लपेट देंगे. वो स्पिनर्स को भी अटैक करते हैं, स्विंग के खिलाफ भी अच्छा खेलते हैं. उनके पास कंप्लीट गेम है. वो अच्छी बैटिंग कर रहे हैं. पिछले कुछ मैच में उन्हें देखना शानदार रहा है. वो शानदार बैटिंग कर रहे हैं और अच्छी तरह से टीम को लीड कर रहे हैं.
ओपनिंग बैट्समैन के रूप में रोहित का रिकॉर्ड बेहतरीन है. भारतीय बल्लेबाज़ों में सचिन तेंडुलकर और सौरव गांगुली के बाद रोहित ने वनडे क्रिकेट में सबसे 7663 रन बनाए हैं. T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित के चारो शतक ओपनिंग करते हुए ही आए हैं. साथ ही, रोहित-धवन की जोड़ी तेंडुलकर-गांगुली के बाद सबसे सफल भारतीय सलामी जोड़ी भी रही है. रोहित-धवन ने 18 शतक और 15 अर्धशतकीय साझेदारियां बनाते हुए 5148 रन बनाए हैं. अब देखना ये है कि टीम इंडिया रोहित की कैप्टेंसी में आने वाले वर्ल्ड कप में कैसा करती है.
वीडियो: रोहित शर्मा ने टॉस के समय किया कुछ ऐसा, भारी ब्लंडर हो जाता

