द्रविड़ ने U-19 विमिंस टीम को बधाई देते वक्त पृथ्वी को क्यों आगे कर दिया?
द्रविड़ को याद आया पुराना कनेक्शन.

इंडिया अंडर-19 विमिंस टीम ने रविवार 29 जनवरी को इतिहास रचा. इस टीम ने ICC द्वारा आयोजित पहला U-19 विमिंस T20 वर्ल्ड कप जीता. फाइनल में इस टीम ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया. मैच के बाद युवा प्लेयर्स की टीम को हर तरफ से बधाई संदेश मिले.
पीएम मोदी से लेकर सूर्यकुमार यादव और नीरज चोपड़ा तक, सबने इस टीम को बधाई दी. इंडियन मेंस क्रिकेट टीम ने भी इस जीत पर एक ख़ास संदेश भेजा. और इस वीडियो की शुरुआत में कोच राहुल द्रविड़ ने कुछ ऐसा किया, जिसे देख इंडियन फ़ैन्स का दिल खुश हो जाएगा.
इस वीडियो को BCCI ने पोस्ट किया है. वीडियो की शुरुआत में द्रविड़ ने कहा,
‘इंडियन विमिंस अंडर-19 टीम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है. और उनका दिन शानदार रहा. मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाले कैप्टन पृथ्वी शॉ से कहूंगा कि वो इस टीम को संदेश दें.’
पृथ्वी ने कहा,
‘मेरे हिसाब से ये एक बहुत बड़ी अचीवमेंट है. हर कोई अंडर-19 विमिंस टीम को बधाई देना चाहता है. आप सबको बधाई. वेल डन.’
इसके बाद पूरी टीम ने विमिंस टीम के लिए चीयर किया और उनके लिए ताली बजाई.
बताते चलें, 2018 में भारत ने न्यूज़ीलैंड में खेला गया अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था. इस टूर्नामेंट में पृथ्वी शॉ भारत के कैप्टन थे और राहुल द्रविड़ टीम को कोचिंग दे रहे थे.
# जय शाह ने दिया शानदार गिफ्टइस यादगार जीत के बाद BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने टीम को बधाई देते हुए लिखा,
‘मैं शफाली वर्मा और उनकी विजयी टीम को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में हमसे जुड़ने और 1 फरवरी को तीसरा T20I देखने के लिए न्यौता दे रहा हूं. इस बेहतरीन अचीवमेंट का सेलिब्रेशन होना चाहिए.’
शाह ने इसके साथ ही इनाम की घोषणा करते हुए लिखा,
‘भारत में महिला क्रिकेट उफान पर है. और विश्व कप की जीत ने महिला क्रिकेट का कद कई पायदान ऊंचा कर दिया है. पुरस्कार राशि के रूप में पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए पांच करोड़ रुपये की घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है. यह निश्चित रूप से एक कमाल का साल है.’
मैच की बात करें तो वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई. और 68 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इसके बाद भारत ने इस स्कोर को आसानी से चेज़ कर लिया. पेसर तितास साधू को फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
वीडियो: U19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को चैम्पियन बनाने वाली लड़कियां!

