The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • pooja singh high jump national record holder u20 asian championship hongkong

19 साल की पूजा ने चीन में रचा इतिहास! मिस्त्री की बेटी ने तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड

भारतीय एथलीट Pooja Singh ने 1.93 मीटर की छलांग लगाकर हाई जंप का नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया. उनकी इस जंप ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाइंग मानक को भी पार कर दिया.

Advertisement
pic
30 मई 2026 (अपडेटेड: 29 मई 2026, 10:17 PM IST)
pooja singh, sports news, athletics
पूजा सिंह हाई जंप की नई नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हैं. (Photo-AFI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

12 अप्रैल 2026. दिल्ली का जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम. 19 साल की पूजा ने 1.93 मीटर पर रखे पोल के ऊपर से जंप किया, लेकिन पोल गिर गया. पूजा ने इंडियन सीरीज में गोल्ड मेडल तो जीता, लेकिन उनकी आंखो में निराशा थी. निराशा इस बात कि वह नेशनल रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकीं. कट टू 29 मई 2026. चीन का हॉन्गकॉन्ग शहर. ट्रैक पर पूजा खड़ी थीं और एक बार फिर सामने था 1.93 मीटर की ऊंचाई पर रखा पोल. इस बार पूजा मौका नहीं चूकीं. उन्होंने जंप किया और उस ऊंचाई को पार किया और 14 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया.

जैसे ही पूजा ने जमीन पर पैरा रखा, उनके अंदर की सारी भावनाएं उनकी आंखों में उतर आईं. वह जमीन पर लेट गईं, आंखों से आंसू बहते रहे और पूजा ने उस ट्रैक को चूम लिया जिस पर कदम रखकर वह आसमान छूना चाहती हैं.

पूजा ने तोड़ा 14 साल पुराना रिकॉर्ड

पूजा ने अंडर 20 एशियन चैंपियनशिप में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया. अब तक यह रिकॉर्ड सहाना कुमारी के नाम था. उन्होंने साल 2011 में 1.92 मीटर के जंप के साथ यह रिकॉर्ड कायम किया था. खास बात यह थी कि पूजा ने जब यह अटेंप्ट किया, उन्हें स्टैंड्स से चीयर करने वालों में खुद सहाना भी शामिल थीं. सहाना को अपने रिकॉर्ड टूटने का कोई अफसोस नहीं था. 

उन्हें इस बात की खुशी थी कि यह काम पूजा ने किया. सहाना इस समय भारत जूनियर हाई जंप की कोच हैं. पूजा ने उनकी ही गाइडेंस में यह रिकॉर्ड तोड़ा है. पूजा ने न सिर्फ नेशनल रिकॉर्ड बनाया. बल्कि, गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया. वह इस टूर्नामेंट में ऐसा करने वाली पहली भारतीय जंपर बनीं.

इस जंप के साथ उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन मार्क को भी पार कर लिया. हालांकि, एएफआई उन्हें मौका देगा या नहीं यह तय नहीं है. क्योंकि एएफआई ने हाल ही में हुए फेडरेशन कप को क्वालिफिकेशन के लिए आखिरी टूर्नामेंट माना था. हालांकि, इस ऐतिहासिक जंप के साथ पूजा को मौका दिया जा सकता है.

कौन हैं पूजा सिंह?

नेशनल रिकॉर्ड तक पहुंचने के पीछे पूजा की सालों की मेहनत है. राज मिस्त्री की बेटी पूजा योग करने के लिए अकेडमी में गई थीं. धीरे-धीरे वह बाकी खेल भी खेलने लगीं. कोच बलवान सिंह को पूजा में हाई जंपर की सारी क्वालिटी नजर आई. पूजा ने फिर बस इसी एक गेम पर ध्यान दिया. परिवार का साथ होने के बावजूद पूजा को लोगों के तानों का सामना करना पड़ा. रात के अंधेरे में जब पूजा प्रैक्टिस करके अकेले लौटतीं तो लोग उनके पिता को सवाल भरी नजरों से देखते थे. लेकिन, इसका असर पूजा पर नहीं हुआ. न ही उनके परिवार पर. इसका परिणाम यह है कि सवाल करने वाले लोगों की अब आंखें नहीं बोलतीं, बस आशीर्वाद देने के लिए हाथ उठते हैं.

यह भी पढ़ें- IPL क्वालीफायर-2 में ड्रामा, मैच में क्यों हुआ दो बार टॉस? 

पूजा पैरा स्पोर्ट्स अकेडमी में ट्रेन करती थींं, जो उनके गांव से चार किमी दूर थी. वह दिन में दो बार प्रैक्टिस के लिए वहां जाती थीं. शुरुआती दिनों में अकेडमी में न तो मैट थे और न ही पोल. पूजा बांस को पोल बनाकर जंप करती थीं. लैंडिंग मैट की जगह पराली के भूसे से भरे कट्टे हुए करते थे. उसी तरह उन्होंने ट्रेनिंग शुरू की. पूजा की सफलता के साथ ही कट्टे अब लैंडिंग मैट में बदल गए हैं. खुद का पूजा दायरा अब बढ़ चुका है. गांव की अकेडमी में उन्होंने इस खेल के बेसिक सीखे लेकिन दुनिया से टक्कर लेने के लिए शायद पूजा को कुछ ज्यादा चाहिए था. वह गांव से दूर जाकर ट्रेनिंग करने लगी.  वह वहां से आगे निकल गई पूजा का यह सफर अब इंटरनेशनल पोडियम तक पहुंच गया है. लेकिन, पूजा की नजरें इससे कहीं ज्यादा पर है. उनकी नजर फिलहाल एशियन गेम्स पर हैं.

पूजा की उपलब्धियां
  • एशियाई U20 चैंपियनशिप 2026 – स्वर्ण पदक (1.93m, राष्ट्रीय रिकॉर्ड)
  • कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन मार्क (1.92m) को पार किया
  • एशियन U20 चैंपियनशिप 2023 – सिल्वर पदक
  • एशियन चैंपियनशिप मेडलिस्ट
  • एशियन इंडोर चैंपियनशिप मेडलिस्टएशियन U18 चैंपियनशिप मेडलिस्ट
  • साउथ एशियन U20 चैंपियनशिप मेडलिस्ट
  • सीनियर महिला हाई जंप नेशनल रिकॉर्ड होल्डर (1.93m)
  • U20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर
  • 2026 में एशिया की बेस्ट U20 महिला हाई जंपर
  • इस सीज़न में दुनिया की टॉप दो U20 महिला हाई जंपर्स में शामिल

पूजा को कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा या नहीं ये AFI की बैठक में तय होगा. भारत को इन गेम्स में 16 पुरुष और 16 महिला एथलीट्स भेजने हैं. लेकिन कौन जाएगा, इसका फैसला अब तक नहीं हुआ है. कुल मिलाकर 12 पुरुष और 3 महिला एथलीट्स ने कॉमनवेल्थ गेम्स का क्वालिफाइंग मार्क पार किया है. पूजा भी इसमें शामिल हैं. 

वीडियो: विनेश फोगाट के खिलाफ WFI सुप्रीम कोर्ट क्यों पहुंच गया?

Advertisement

Advertisement

()