The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • PCB Pakistan cricket historic video without Imran khan new video uploaded

वीडियो से इमरान खान को हटाया था, डांट पड़ी तो PCB ने सुधारी गलती, अब इमरान को ऐसे दिखाया

PCB के पहले वाले वीडियो में सबकुछ था, बस इमरान खान नहीं थे.

Advertisement
pic
17 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 17 अगस्त 2023, 07:57 AM IST)
PCB Pakistan cricket historic video without Imran khan new video uploaded
पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड ने सुधारी अपनी गलती. (Twitter/PCB)
Quick AI Highlights
Click here to view more

14 अगस्त 2023. पाकिस्तान के 77 वें स्वतंत्रता दिवस के दिन PCB ने एक वीडियो जारी किया. 2 मिनट से ज्यादा के इस वीडियो में पाकिस्तान क्रिकेट के ऐतिहासिक लम्हों को दिखाया गया. लेकिन सोशल मीडिया पर ये वीडियो आते ही तुरंत ही इसको लेकर बवाल कटना शुरू हो गया. वजह थी इमरान खान का इस वीडियो से गायब होना. फैन्स से लेकर दिग्गज क्रिकेटर्स ने इसको लेकर PCB को खूब सुनाया. जिसके बाद पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड ने अपनी गलती में सुधार करते हुए नया वीडियो जारी किया है.

दरअसल, PCB ने 14 अगस्त को दो मिनट 21 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया. जिसमें साल 1952 में पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट डेब्यू से लेकर साल 2022 तक के ऐतिहासिक लम्हों को दिखाया गया. इसमें 1992 वर्ल्ड कप में मिली जीत, 2009 टी20 विश्व कप की जीत और 2017 में भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली जीत को भी दिखाया गया. यहां तक कि इस वीडियो में शोएब अख्तर की तरफ से सचिन को डाले गए बाउंसर तक का जिक्र था. लेकिन जिस कप्तान ने पाकिस्तान को एकमात्र वनडे वर्ल्ड कप जिताया, वो इस वीडियो में कहीं नहीं दिखे.जिसके बाद दिग्गज क्रिकेटर वसीम अकरम ने नाराजगी जाहिर की.

अकरम ने लगाई लताड़

पाकिस्तान के दिग्गज फास्ट बॉलर रहे वसीम अकरम ने ट्वीट कर PCB को इस गलती के लिए माफी मांगने को कहा. उन्होंने लिखा,

‘‘लंबी उड़ान के बाद जब मैं श्रीलंका पहुंचा तो मुझे जिंदगी का सबसे बड़ा सदमा लगा. जब मैंने पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास को लेकर जारी किया गया PCB के वीडियो को देखा, जिसमें महान इमरान खान का जिक्र नहीं था. राजनीतिक मतभेद अलग चीज हैं, लेकिन इमरान खान विश्व क्रिकेट के आइकॉन हैं और उन्होंने अपने समय में पाकिस्तान टीम को मजबूत टीम बनाकर हमें रास्ता दिखाया था. PCB को यह वीडियो हटाकर माफी मांगनी चाहिए.''

PCB ने सुधारी गलती

इधर, PCB ने अब अपनी गलती सुधारते हुए 2 मिनट 35 सेकेंड नया वीडियो जारी कर दिया है. इसमें इमरान खान साल 1992 की वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया,

‘’PCB ने क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए एक प्रचार अभियान शुरू किया है. जिसके लिए एक वीडियो 14 अगस्त 2023 को अपलोड किया गया था. इसकी लंबाई के कारण, वीडियो को छोटा किया गया था और इसमें से कुछ महत्वपूर्ण क्लिप गायब थे. इस वीडियो को अब पूरा अपलोड किया गया है, जिसमें उस गलती को ठीक कर दिया गया है.''

बताते चलें कि पाकिस्तान के दिग्गज कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान को इस महीने की शुरुआत में दूसरी बार गिरफ्तार किया गया था. इस्लामाबाद कोर्ट ने इमरान खान को तोशखाना मामले में तीन साल की कैद की सजा सुनाई. जिसके बाद 70 साल के इमरान को पांच अगस्त को उनके घर से गिरफ्तार किया गया था.

Advertisement

Advertisement

()