200 बनाकर भी इतने रन से हारा पंजाब कि रिकॉर्ड्स ही बदल गए
मोहाली में पंजाब के साथ बुरा हुआ.

किसी T20 मैच में कोई टीम 200 से ज्यादा बनाकर 50 या उससे ज्यादा रन से हार जाए. ऐसा कभी नहीं हुआ. कम से कम 28 अप्रैल 2023 तक तो नहीं ही हुआ था. लेकिन अब हो चुका है. और ये शर्मनाक उपलब्धि गई पंजाब किंग्स के नाम.
जी हां, शिखर धवन की टीम मोहाली में 200 से ज्यादा रन बनाकर भी हार गई. वो भी पूरे 56 रन से. पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया था. और उनका ये फैसला पूरी तरह से गलत साबित हुआ. लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 257 रन बना डाले.
मार्कस स्टोइनिस ने सबसे ज्यादा, 40 गेंदों पर 72 रन बनाए. काएल मेयर्स ने 24 गेंदों पर 54 रन, निकलस पूरन ने 19 गेंदों पर 45 रन जबकि आयुष बडोनी ने 24 गेंदों पर 43 रन बनाए. पंजाब के बोलर्स बुरी तरह से पिटे. और बचा हुआ काम फील्डिंग ने कर दिया. पंजाब के फील्डर्स ने कैच के साथ रनआउट में भी ब्लंडर्स किए. और अपनी टीम को डुबोने में लखनऊ का पूरा साथ दिया.
पंजाब के लिए कगीसो रबाडा ने दो, जबकि अर्शदीप सिंह, सैम करन और लियम लिविंगस्टन ने एक-एक विकेट लिया. राहुल चाहर को छोड़ दें तो पंजाब के बाकी सारे बोलर्स ने हर ओवर में 12 से ज्यादा रन दिए.
जवाब में पंजाब की शुरुआत ही खराब हो गई. कप्तान शिखर धवन पहले ही ओवर में आउट हो गए. जबकि दूसरे ओपनर प्रभसिमरन सिंह भी नौ ही रन बना पाए. नंबर तीन पर आए अथर्व ताइडे ने जरूर 36 गेंदों पर 66 रन बनाए. लेकिन यह भी जीत के लिए काफ़ी नहीं था.
सिकंदर रज़ा ने 36, जितेश शर्मा ने 24, लियम लिविंगस्टन ने 23 और सैम करन ने 21 रन का योगदान दिया. जबकि 13 रन एक्स्ट्रा में बने. पंजाब की टीम एक गेंद बाक़ी रहते 201 रन पर सिमट गई. लखनऊ के लिए यश ठाकुर ने चार, नवीन उल हक़ ने तीन, रवि बिश्वनोई ने दो और स्टोइनिस ने एक विकेट लिया.
इसके साथ ही पंजाब ने वो कर दिया, जो अभी तक किसी भी T20 मैच में नहीं हुआ था. जी हां, ना सिर्फ़ IPL बल्कि इस फॉर्मेट के किसी भी मैच में, कोई भी टीम 200 बनाकर 50 से ज्यादा रन से नहीं हारी थी.
इसके साथ ही इस मैच ने एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा. इस मैच की दोनों पारियों में 200 या उससे ज्यादा रन बने. इसके साथ ही इस सीजन 20 बार 200 से ज्यादा के स्कोर बन चुके हैं. यह किसी भी सीजन में सबसे ज्यादा बार बने 200 से ज्यादा के स्कोर हैं. पिछला रिकॉर्ड IPL2022 के नाम था. जहां 18 बार ऐसा हुआ था.
वीडियो: एम एस धोनी ने RR vs CSK के बाद क्या कहा?

