कॉमनवेल्थ गेम्स खत्म होते ही लापता हुए पाकिस्तानी बॉक्सर्स!
पाकिस्तानी खेमे में मचा हड़कंप, बॉक्सर्स की खोजइया जारी.

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 खत्म हो चुके हैं. इवेंट्स खत्म होने के बाद सारे एथलीट्स अपने-अपने घर लौट रहे हैं. लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो अपने घर नहीं लौटे. रिपोर्ट्स के मुताबिक दो पाकिस्तानी बॉक्सर कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद से ही गायब हैं. PTI के मुताबिक बुधवार, 10 अगस्त को पाकिस्तान बॉक्सिंग फेडरेशन (PBF) सेक्रेटरी नासिर तैंग ने कंफर्म किया, कि उनकी टीम के बॉक्सर सुलेमान बलोच और नज़ीरुल्लाह टीम के इस्लामाबाद निकलने से कुछ घंटे पहले गायब हो गए.
सोमवार को खत्म हुए बर्मिंघम गेम्स के बाद तैंग ने कहा,
'उनके पासपोर्ट समेत सारे ट्रेवल डॉक्यूमेंट्स, बॉक्सिंग टीम के साथ आए फेडरेशन ऑफिशल्स के पास हैं.'
तैंग ने यह भी कहा कि टीम मैनेजमेंट ने इस बारे में UK के पाकिस्तान हाई कमिशन और लंदन में बैठे बाकी जरूरी अधिकारियों को बता दिया है. तैंग ने कहा कि गायब हुए बॉक्सर्स के डॉक्यूमेंट्स स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत रखे गए थे. यह SOP पाकिस्तान से आए सभी एथलीट्स के लिए थी.
# Missing Pakistani Boxersपाकिस्तान ओलंपिक असोसिएशन (POA) ने इस बारे में चार सदस्यीय कमिटी बनाई है. यह कमिटी इन दोनों बॉक्सर्स के गायब होने के मामले की जांच करेगी. पाकिस्तानी बॉक्सर्स इन गेम्स में एक भी मेडल नहीं जीत पाए. ओवरऑल टीम ने दो गोल्ड समेत कुल आठ मेडल्स जीते. यह दोनों गोल्ड्स वेटलिफ्टिंग और जैवलिन थ्रो में आए. इन बॉक्सर्स के गायब होने से पाकिस्तान में काफी गुस्सा है. इंडिया डॉट कॉम के मुताबिक POA के सेक्रेटरी जनरल मोहम्मद खालिद महमूद ने इस बारे में कहा,
‘हम किसी भी कीमत पर इन बॉक्सर्स को देश का नाम नहीं खराब करने देंगे. ब्रिटिश पुलिस जल्दी ही उन्हें खोज निकालेगी.’
इन बॉक्सर्स से दो महीने पहले एक पाकिस्तानी स्विमर भी लापता हो गया था. यह स्विमर हंगरी में हुई वर्ल्ड चैंपियशिप्स के बाद गायब हुआ. फैज़ान अकबर नाम का यह स्विमर तो अपने इवेंट में खेलने भी नहीं उतरा था. यह स्विमर बूडापेस्ट पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद अपने पासपोर्ट और बाकी डॉक्यूमेंट्स के साथ गायब हो गया. जून से अब तक इसका कोई पता नहीं चला है.
पाकिस्तान से पहले श्रीलंका की टीम के साथ भी ऐसा हो चुका है. कॉमनवेल्थ गेम्स खेलने आए उनके दल के 10 सदस्य ब्रिटेन में गायब हो गए थे. इन लोगों को अभी तक खोजा नहीं जा सका है. ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी देश के एथलीट यूरोप जाकर गायब हुए हों. इतिहास में कई बार पहले भी ऐसा हो चुका है, जब तमाम ग़रीब देशों के एथलीट किसी बड़े इवेंट में खेलने के लिए विदेश जाते हैं, और फिर वहां जाकर गायब हो जाते हैं.
रूडी कोएर्टज़न के जाने के बाद क्रिकेटर्स ने उन्हें कैसे याद किया?

