अलीम डार को पैर पर मारी गेंद, अंपायर का रिएक्शन हो रहा वायरल!
मैच में किवी टीम ने 261 रन बनाए.

पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तानी अंपायर अलीम डार को गेंद से चोट लग गई. कराची में खेले जा रहे सीरीज़ के दूसरे वनडे में पाकिस्तानी फील्डर मोहम्मद वसीम जूनियर ने एक थ्रो फेंकी. जो सीधे जाकर अंपायर अलीम डार के टखने पर लग गई.
ये घटना पारी के 36वें ओवर में घटी. जब किवी बल्लेबाज़ ग्लेन फिलिप्स ने हारिस रऊफ की गेंद को डीप स्क्वेयर लेग दिशा में खेला. वहां फील्डिंग कर रहे वसीम ने गेंद को स्टम्प्स का निशाना लगाकर थ्रो किया. लेकिन यहां पर गेंद स्टम्प से टकराने के बजाए अंपायर के पैर पर लग गई. अंपायर अलीम भी इस बात से बेखबर थे कि गेंद उनकी तरफ ही आ रही है.
जब अलीम को गेंद लगी तो वो बल्लेबाज़ की तरफ ये देख रहे थे कि उनका बल्ला क्रीज़ के अंदर आया है या नहीं. जैसे ही अलीम को गेंद लगी, उन्होंने तुरंत दर्द की वजह से अपने हाथ में मौजूद हारिस के स्वेटर को ज़मीन पर फेंक दिया. अलीम को अचानक गेंद लगी तो मैदान पर मौजूद खिलाड़ी हंसने लगे. हालांकि बाद में पाकिस्तानी गेंदबाज़ नसीम शाह ने अलीम के पास आकर उनका पैर सहलाया. बाकी पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भी अंपायर का हाल जाना.
मुकाबले की बात करें तो इस मैच में किवी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए बोर्ड पर 261 रन लगाए. न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ डेवन कॉन्वे ने 101, वहीं कप्तान केन विलियमसन ने 85 रन की पारी खेली. पाकिस्तान के लिए स्टार गेंदबाज़ रहे मोहम्मद नवाज़. जिन्होंने 38 रन देकर चार बड़े विकेट चटकाए.
इस मुकाबले की शुरुआत में किवी टीम के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी. किवी टीम ने फास्ट बोलर हेनरी शिप्ले की जगह ईश सोढ़ी की टीम में वापसी करवाई है. न्यूज़ीलैंड ने दूसरे वनडे में सिर्फ ये एक बदलाव किया.
सीरीज़ की बात करें तो पाकिस्तान की टीम ने तीन मैच की सीरीज़ में पहले से ही 1-0 की बढ़त बना रखी है. टीम ने सीरीज़ का पहला मैच छह विकेट से जीता था. पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में भी सेम टीम के साथ उतरने का फैसला किया है. पहले मुकाबले में नसीम शाह ने कमाल की गेंदबाज़ी करते हुए 57 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे.
दूसरे वनडे मैच में सभी का ध्यान इस बात पर भी गया कि किवी टीम मैच में ब्लैक आर्म बैंड बांधकर मैदान पर उतरी है. उन्होंने पूर्व टेस्ट क्रिकेटर ब्रूस मर्रे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ऐसा किया.
पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी में मार-मार भूसा भरा, रन बनाने के बाद सेलेक्टर्स को बड़ा मैसेज दिया!

