हेलमेट पर बाउंसर खाया, फिर उसी बॉलर को कूटकर जड़ा डेब्यू शतक, कौन है पाकिस्तान का नया सितारा अज़ान अवैस?
शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में बांग्लादेश ने पहली पारी में 413 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था. इसके जवाब में बाएं हाथ के बैटर Azan Awais ने अपने डेब्यू टेस्ट में ही वो कारनामा कर दिखाया, जो पिछले 17 सालों में कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं कर पाया.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम बांग्लादेश में टेस्ट सीरीज खेल रही है. दो मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले के तीसरे दिन एक पाकिस्तानी डेब्यूटांट अजान अवैस ने सबका ध्यान खींच लिया. 21 साल के इस क्रिकेटर ने अपने करियर के पहले ही टेस्ट मैच में रिकॉर्ड बुक्स हिला दी.
बाएं हाथ के बैटर ने अपने डेब्यू टेस्ट में ही वो कारनामा कर दिखाया, जो पिछले 17 सालों में कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं कर पाया. ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ अजान ने ऐसा शतक ठोका, जिसकी चर्चा अब हर जगह हो रही है. इसकी बड़ी वजह है कि जिस तरह एक खतरनाक बाउंसर हेलमेट पर खाने के बाद इस लड़के ने खूंखार अंदाज में बदला लिया, वो सबको खूब पसंद आया है.
17 साल का सूखा किया खत्मशेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में बांग्लादेश ने पहली पारी में 413 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था. पाकिस्तान को एक ठोस शुरुआत की जरूरत थी. ये काम किया डेब्यूटांट अजान अवैस ने. दूसरे दिन के अपने 85 रन के स्कोर से आगे खेलते हुए अजान ने जबरदस्त संयम दिखाया. 51वें ओवर में नाहिद राणा की गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया.
ये कोई मामूली शतक नहीं है. अजान पाकिस्तान के 17वें ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में शतक जड़ा है. उन्होंने सीधे जावेद मियांदाद और यूनिस खान जैसे दिग्गजों के एलीट क्लब में एंट्री मार ली है.
विदेश में डेब्यू करते हुए शतक जड़ने वाले वो सिर्फ तीसरे पाकिस्तानी हैं. उनसे पहले 2009 में फवाद आलम और उमर अकमल ने विदेशी धरती पर डेब्यू टेस्ट में शतक लगाया था. मतलब पूरे 17 साल बाद किसी पाकिस्तानी ने ये भौकाल काटा है.
अजान ने 165 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 103 रन बनाए. हालांकि, शतक पूरा करने के कुछ ही देर बाद वो तस्कीन अहमद का शिकार बन गए, लेकिन तब तक वो पाकिस्तान की पारी को एक मजबूत बुनियाद दे चुके थे.
ये भी पढ़ें : थलापति विजय की शपथ से पहले CSK ने फैंस से क्या 'अपील' कर दी?
बाउंसर लगा, फिर लिया गज़ब का बदलाकहानी में असली ट्विस्ट तो वो बाउंसर है. ये शतक इतनी आसानी से नहीं आया. बांग्लादेशी पेसर नाहिद राणा ने एक खतरनाक शॉर्ट बॉल फेंकी, जो सीधे अजान के हेलमेट पर जा लगी. चोट इतनी जोर की थी कि अजान कुछ देर के लिए सुन्न पड़ गए. मैदान पर दो बार 'कनकशन टेस्ट' (चोट की जांच) हुआ. लगा कि नया लड़का है, घबरा जाएगा.
लेकिन अजान ने जो वापसी की, वो उनके जिगरे की गवाही देती है. डरने या पीछे हटने के बजाय अजान ने उसी नाहिद राणा को निशाने पर ले लिया. दूसरे दिन के आखिरी सेशन में उन्होंने राणा को लगातार तीन चौके जड़ दिए. ऐसा कूटा कि बॉलर की लय ही बिगड़ गई और बांग्लादेशी कप्तान को उन्हें बॉलिंग से हटाना पड़ा.
डोमेस्टिक क्रिकेट की ग्राइंडिंग आई कामक्रीज़ पर उनके साथ बैटिंग कर रहे सीनियर खिलाड़ी इमाम-उल-हक ने इस युवा की जमकर तारीफ की. इमाम ने वही बात कही जो हर क्रिकेट पंडित कहता है, डोमेस्टिक क्रिकेट खेलो.
डेब्यू से पहले अजान 33 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके थे. इसमें लगभग 49 के औसत से उनके नाम 2673 रन और 10 शतक थे. इमाम ने उनकी इनिंग्स को लेकर कहा,
गेंद स्विंग हो रही थी, बांग्लादेशी बॉलर अच्छी पेस से गेंद डाल रहे थे. दबाव बहुत था, लेकिन अजान ने अपना आपा नहीं खोया. उसने इतने फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, उसी तजुर्बे ने उसे आज यहां मदद की है.
कौन हैं अज़ान अवैस?2004 में सियालकोट में पैदा हुए अजान को शुरू से ही बड़े मैच का प्लेयर माना जाता रहा है. 2024 के अंडर-19 वर्ल्ड कप का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया सेमीफाइनल याद है? उस बड़े मैच में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन इसी लड़के ने बनाए थे. उससे पहले, 2023 अंडर-19 एशिया कप में भी उन्होंने खूब रन कूटे थे.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी इनका जलवा रहा है. 2024-25 की कायद-ए-आज़म ट्रॉफी में सियालकोट की तरफ से खेलते हुए 76.73 के औसत से 844 रन कूटकर अजान टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर थे. इसमें 203 रनों की एक नाबाद पारी भी शामिल थी. इसी परफॉर्मेंस और पिछले साल इंग्लैंड के शाहीन दौरे पर मिली कामयाबी का इनाम था कि सीनियर टीम का बुलावा आ गया.
पाकिस्तान की टीम पिछले काफी समय से एक ढंग के ओपनर के लिए तरस रही है. लेकिन, अजान अवैस की तकनीक और पारी को गियर बदलने की क्षमता को देखकर लग रहा है कि शायद पाकिस्तान को अपना लंबी रेस का घोड़ा मिल गया है. ढाका में उनकी इस पारी ने सिर्फ इस मैच को ही नहीं बचाया है, बल्कि आगे की सीरीज़ के लिए भी माहौल सेट कर दिया है.
वीडियो: हेनरिक क्लासेन की बैटिंग देख अन्य टीमें खौफ में चली जाएंगी?

