पाकिस्तानी बॉलर्स की पूरे दिन हुई कुटाई, फिर भी रिकॉर्ड बना गए शाहीन अफरीदी!
Pak vs Ban : पाकिस्तानी पेसर Shaheen Shah Afridi ने बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में रिकॉर्ड बना दिया. हालांकि, पूरे दिन पाकिस्तानी बॉलर्स दमभर कूटे गए.

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज हो चुका है. दो मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला ढाका में खेला जा रहा है. 8 मई को शुरू हुए पहले टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह से मेजबान बांग्लादेश के नाम रहा.
पहले बैटिंग करने उतरी बांग्लादेशी टीम के बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 4 विकेट पर 301 रन बना लिए हैं. इस दौरान पाकिस्तान के बॉलर्स काफी स्ट्रगल करते नज़र आए. हालांकि, इसी बीच पाकिस्तानी पेसर शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi) ने इतिहास रच दिया है.
शाहीन ने बनाया रिकॉर्डदरअसल, पाकिस्तानी पेसर शाहीन अफरीदी के लिए मुकाबले का पहला दिन ऐतिहासिक रहा. वो पाकिस्तान की तरफ से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 100 विकेट लेने वाले पहले बॉलर बन गए. उनसे पहले अब तक किसी भी पाकिस्तानी बॉलर ने ये कारनामा नहीं किया है. उन्होंने मैच के दौरान बांग्लादेशी ओपनर महमूदुल हसन जॉय को पवेलियन भेजा. जॉय का विकेट लेने के साथ ही शाहीन ने ये मुकाम हासिल कर लिया.
पहले विकेट के साथ किया कमालइस मुकाबले से पहले शाहीन के नाम 28 टेस्ट मैचों की 47 पारियों में 99 विकेट दर्ज थे. मुकाबले के पहले ही सत्र में 7वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने अपना विकेटों का शतक पूरा किया. उन्होंने जॉय को विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के हाथों कैच आउट कराया. पाकिस्तान की तरफ से इस लिस्ट में शाहीन के बाद स्पिनर नोमान अली (89 विकेट) दूसरे नंबर पर और साजिद खान (63 विकेट) तीसरे नंबर पर हैं.
| गेंदबाज | देश | विकेट |
|---|---|---|
| नाथन लियोन | ऑस्ट्रेलिया | 224 |
| पैट कमिंस | ऑस्ट्रेलिया | 222 |
| मिचेल स्टार्क | ऑस्ट्रेलिया | 221 |
| आर अश्विन | भारत | 195 |
| जसप्रीत बुमराह | भारत | 185 |
वहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट में में बात करें तो, इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियन बॉलर्स का दबदबा साफ नज़र आता है. इस सूची में टॉप पर ऑस्ट्रेलियन स्पिनर नाथन लियोन हैं. उन्होंने 55 मैचों में 224 विकेट चटकाए हैं. उनके ठीक पीछे कप्तान पैट कमिंस (222 विकेट) और मिचेल स्टार्क (221 विकेट) हैं. वहीं, टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के नाम 195 विकेट दर्ज हैं. अश्विन ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. अश्विन के बाद भारत के ही जसप्रीत बुमराह 185 विकेटों के साथ एशियाई गेंदबाजों की फेहरिस्त में दूसरे स्थान पर हैं.
मैच की बात करें तो, पहले दिन भले ही अफरीदी ने रिकॉर्ड बना लिया हो. बांग्लादेश का पलड़ा मुकाबले में भारी रहा. अब देखने लायक होगा कि पाकिस्तानी टीम दूसरे दिन कमबैक करती है या बांग्लादेश का दबदबा दूसरे दिन भी कायम रहता है. पहले दिन का खेल खत्म होने तक लिटन दास 8 और मुश्फिकुर रहीम 48 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.
वीडियो: PSL मैच के दौरान शाहीन अफरीदी बॉल टैंपरिंग करते पकडे गए, मैच भी हारे, क्या सज़ा हुई?

