दुनिया को नया जैवलिन स्टार मिला, नीरज चोपड़ा को बचकर रहना होगा!
श्रीलंका के एथलीट ने 89.37 मीटर का थ्रो मारके नेशनल रिकॉर्ड बना दिया है. सीजन की शुरुआत में ही उन्होंने अपना पर्सनल बेस्ट थ्रो मारा है.

साल 2026 एथलेटिक्स के लिहाज से काफी अहम है. इस साल कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) के साथ-साथ एशियन गेम्स (Asian Games) भी होने हैं. भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा अपनी तैयारी में लगे हैं. अब तक दोनों ही टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान के अरशद नदीम नीरज को चैलेंज करते थे. पर अब यह लिस्ट और लंबी हो गई है. इसमें एक और नाम जुड़ गया है. वह भी पड़ोसी देश के एथलीट का. नाम है रुमेश थरंगा पाथिरागे. जो श्रीलंका से आते हैं. इस यंग जैवलिन थ्रोअर ने सीजन की शुरुआत में ही अपना पर्सनल बेस्ट थ्रो मारके सबकी टेंशन बढ़ा दी है.
रूमेश का पर्सनल बेस्ट थ्रोरुमेश ने 29 मार्च को श्रीलंका के दियागामा में हुई चैंपियंस ट्रैक एंड फील्ड मीट में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने 89.37 मीटर का थ्रो किया. गोल्ड मेडल भी जीता. इस थ्रो ने रुमेश का नाम नेशनल रिकॉर्ड में भी दर्ज करा दिया. यह उनका पर्सनल बेस्ट है. इसके साथ ही वह एशिया के ऑल टाइम बेस्ट थ्रो की लिस्ट में चौथे नंबर पर आ गए हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर अरशद नदीम का नाम है. जिन्होंने 92.97 मीटर का थ्रो किया था. नीरज चोपड़ा इसमें तीसरे नंबर पर आते हैं. उनके नाम 90.23 मीटर का थ्रो है.
कौन हैं रुमेश थरंगा ?साल 2003 में जन्मे रुमेश ने अपने करियर की शुरुआत क्रिकेट से की थी. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक वह पेस बॉलिंग करते थे. वो 16 साल की उम्र में 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बॉलिंग करते थे. श्रीलंका में उस वक्त एक टूर्नामेंट में हुआ था, जहां उन्हें सबसे तेज बॉल डालने के लिए सम्मानित भी किया गया था.
रुमेश इस टूर्नामेंट में दूसरे नंबर पर रहे. पहली पोजिशन पर ईशान मलिंगा का नाम था, जो इस वक्त IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए खेल रहे हैं. पर रुमेश का करियर जैवलिन में ही बनना था. कोच टोनी प्रसन्ना ने उनकी काबिलियत देखी और उन्हें जैवलिन की तरफ जाने की सलाह दी. रुमेश के पिता डिस्कस थ्रोअर और शॉट पुट थ्रोअर रहे थे. इसी कारण साल 2017 में रुमेश ने जैवलिन में करियर बनाने की ठानी.
यह भी पढ़ें- फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष पर उनकी ही अधिकारी ने लगाए हैरेसमेंट के आरोप, AIFF ने क्या कहा?
श्रीलंका के इस एथलीट के करियर का पहला सबसे बड़ा टूर्नामेंट अंडर20 वर्ल्ड चैंपियनशिप थी. 2022 में हुए इस टूर्नामेंट में वह 69.98 मीटर के थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रहे थे. इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में जाकर अपनी स्किल्स पर काम किया.
साल 2024 में उन्होंने एशियन थ्रोउिंग चैंपियनशिप जीती. 85.41 मीटर का थ्रो किया. इस टूर्नामेंट में नीरज चोपड़ा ने हिस्सा नहीं लिया था. रुमेश इस टूर्नामेंट में श्रीलंका के पहले ऐसे खिलाड़ी बने थे जिन्होंने 85 मीटर का मार्क क्रॉस किया. वह 2025 में नीरज चोपड़ा क्लासिक में हिस्सा लेने भारत आए थे. और ब्रॉन्ज मेडल भी जीते. ये टूर्नामेंट नीरज जीते थे.
नीरज और नदीम का होगा सामना?रूमेश ने तो इस सीजन की दमदार शुरुआत की है. लेकिन भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने अभी अपना सीजन शुरू नहीं किया है. आमतौर पर वह दोहा डायमंड लीग के साथ सीजन की शुरुआत करते थे. इस बार मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण इस टूर्नामेंट को लेकर अनसर्टेनटी है.
नीरज एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में नजर आएंगे. इन दोनों ही टूर्नामेंट में रूमेश और नदीम के शामिल होने की भी संभावना है. देखना होगा कि रुमेश दो ओलंपिक चैंपियंस को कितनी चुनौती दे पाते हैं.
वीडियो: MI ने बैटिंग लाइनअप में बदलाव किया, Ryan Rickleton को नंबर वन खिलाना सफल रहा

.webp?width=60)
