धोनी ने ऋषभ पंत को अपने रिटायरमेंट के बारे में पहले ही बता दिया था!
आर.श्रीधर ने अपनी किताब ‘कोचिंग बियोंड- माय डेज़ विथ इंडियन क्रिकेट’ में इस बारे में बताया है.

महेंद्र सिंह धोनी. इनके बारे में पूरी दुनिया जानती है. लेकिन ये कब कौन-सा फैसला ले लें, इस बारे में कोई नहीं जानता. धोनी ने ऐसे ही टेस्ट से रिटायरमेंट ले ली थी. और ऐसे ही वो लिमिटेड ओवर फॉर्मेट वाले क्रिकेट से भी दूर चले गएं. हालांकि, टीम के फील्डिंग कोच रह चुके आर.श्रीधर का कहना है कि उनको धोनी के आखिरी वनडे मुकाबले के बारे में पहले से ही पता था.
आर.श्रीधर ने अपनी किताब ‘कोचिंग बियोंड- माय डेज़ विथ इंडियन क्रिकेट’ में इस बारे में बताया है. उन्होंने बताया है कि धोनी ने पंत के साथ बातचीत के दौरान अपने आखिरी मैच का इशारा दे दिया थे.
साल 2019 वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ सेमी-फाइनल मुकाबले का ज़िक्र करते हुए श्रीधर ने लिखा,
‘अब मैं ये बता सकता हूं कि BCCI को इंटरव्यू देते समय जिसे मैंने एंटीगा से अटेंड किया था. मैं ये मान चुका था कि प्रैक्टिकली धोनी अपना आखिरी मैच खेल चुके थे. उन्होंने इसका ऐलान नहीं किया था, लेकिन मैं आपको बताता हूं कि मुझे ये कैसे पता था. मैनचेस्टर में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के रिज़र्व डे वाली सुबह, मैं पहला आदमी था जो ब्रैकफास्ट हॉल में पहुंचा. मैं अपनी कॉफी पी रहा था जब धोनी और ऋषभ भी वहां आए. उन्होंने अपना ब्रैकफास्ट लिया और मेरे साथ टेबल पर आकर बैठ गए.
न्यूज़ीलैंड को कुछ ही ओवर बल्लेबाजी करनी थी. और उसके बाद हमारी पारी शुरू होनी थी. इसलिए मैच काफी जल्दी खत्म होना था. ऋषभ ने हिंदी में एम.एस से कहा, ‘भइया, कुछ लड़के आज ही अकेले लंदन जाने का प्लान कर रहे हैं. क्या आप जाने चाहेंगे? एम.एस ने कहा, ‘नहीं, ऋषभ, मैं टीम के साथ अपनी आखिरी बस ड्राइव मिस नहीं करना चाहता.’
इस बारे में उस समय किसी को कुछ ना बताने का कारण बताते हुए श्रीधर बोले,
‘मैंने इस बातचीत के बारे में एक भी शब्द उस व्यक्ति के प्रति सम्मान के कारण किसी से भी नहीं कहा. उन्होंने मुझ पर विश्वास किया था. मैं इस बारे में किसी को बता नहीं सकता था. इसलिए मैंने इस बारे में किसी से कुछ नहीं कहा. ना ही रवि भाई से, ना ही अरूण से और ना ही अपनी बीवी से.’
बताते चलें, धोनी के इस आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
वीडियो: कुलदीप यादव ने खुद के प्लेइंग इलेवन से बाहर होने पर बात की है

