धोनी ने मारे लगातार दो छक्के तो जनता बोली- इनको तो आखिरी ओवर भी मिस करेगा!
माही ने फिर मौज़ कर दी.

महेंद्र सिंह धोनी. जनता इन्हें सर्वकालिक महान फिनिशर मानती है. और चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान ने संडे, 30 अप्रैल को अपनी इस रेपुटेशन को सही भी साबित किया. उन्होंने CSKvsPBKS मैच के आखिरी ओवर की लास्ट दो गेंदों पर लगातार छक्के जमाए. और ये देखने के बाद जनता ने माहौल सेट कर दिया.
धोनी इस मैच के 20वें ओवर में बैटिंग पर आए. और यूं तो उन्होंने कोशिश पहली ही गेंद से शुरू कर दी, लेकिन मौज आई ओवर की आखिरी दो गेंदों पर. ओवर की पांचवीं गेंद. धोनी ने इस पर बैकवर्ड पॉइंट की ओर फ्लैट सिक्स मारा. सैम करन की ये गेंद वाइड बाउंसर थी. और थला ने इसे अपर-कट के जरिए छह रन के लिए भेज दिया.
और ऐसा होते ही चेपॉक के क्राउड ने धोनी, धोनी के नारे लगाने शुरू कर दिए. अगली गेंद. करन ने यॉर्कर मारनी चाही. लेकिन चूक गए. और धोनी ने इस लो फुलटॉस को डीप मिडविकेट के ऊपर से 88 मीटर लंबे छक्के के लिए भेज दिया. और इसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चे शुरू हो गए.
एक यूजर ने ट्वीट किया,
‘आखिरी दो गेंदों पर एमएस धोनी ने मारे छक्के. GOAT फिनिशर धोनी.’
इंडियन प्रीमियर लीग ने ट्वीट किया,
‘इनिंग्स का आखिरी ओवर. स्ट्राइक पर महेंद्र सिंह धोनी, बाक़ी आपको पता है.’
एक दूसरे यूजर ने ट्वीट किया,
‘धोनी को आखिरी गेंद पर छक्का मारते देखकर’
एक यूजर ने तो धोनी को अभी भी IPL का महानतम फिनिशर बता दिया. इन्होंने ट्वीट किया,
‘एमएस धोनी अभी भी IPL के ग्रेटेस्ट फिनिशर हैं.’
एक यूजर ने धोनी फ़ैन्स की अपेक्षाओं के बारे में लिखा,
‘धोनी फ़ैन्स की अपेक्षाएं बहुत साधारण हैं. धोनी को गार्ड लेते, कुछ गेंदें खेलते और फिर उन्हें बाउंड्री से बाहर उड़ाते देखना. लाइफ़ हो तो ऐसी.’
एक और यूजर ने लिखा,
‘भाई मेरा कामहै लास्ट में आना और लोगों को खुश करना, मैं हू थला, मैं हूं धोनी.’
एक फ़ैन ने ट्वीट किया,
‘महेंद्र सिंह धोनी का लगातार दो छक्के मारना ही इस मैच की वो चीज है जिसे देखने का मुझे इंतजार था.’
एक फ़ैन ने लिखा,
‘इनको खेलते देखकर मुझे जो खुशी मिलती है, उसे मैच नहीं किया जा सकता.’
एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि सबसे ज्यादा बीसवां ओवर धोनी को मिस करेगा. इन्होंने लिखा,
‘मैं सोचता हूं कि हमसे ज्यादा आखिरी ओवर धोनी को मिस करेगा.’
बता दें कि इस मैच में टॉस जीतकर धोनी ने पहले बैटिंग का फैसला किया था. बल्लेबाजों ने उनके फैसले को सही भी साबित किया. और टीम ने बीस ओवर्स में 200 रन बना डाले. हालांकि बोलर्स इस स्कोर को बचा नहीं पाए. पंजाब ने मैच को चार विकेट से जीत लिया.
वीडियो: IPL 2023 के वो 5 प्लेयर्स जिन्हें सब भूल गए थे, अब धमाल मचा रहे हैं!

