धोनी के बीसवें ओवर के आंकड़े देख, तारीफ़ किए बिना रह नहीं पाएंगे!
थला का जलवा है!

चेन्नई सुपरकिंग्स लौट आई है. अपने घर, चेपॉक में. और ये वापसी बेहतरीन रही. उन्होंने सालों बाद अपने घर में जीत के साथ वापसी की. धोनी की टीम ने राहुल की लखनऊ को 12 रन से हराया. लेकिन इस जीत से ज्यादा चर्चा महेंद्र सिंह धोनी की हुई. या यूं कहें कि उनके द्वारा खेली गई तीन गेंदों की हुई. धोनी ने तीन में से दो गेंदों पर छक्के जड़े.
उनकी इस बैटिंग ने चेन्नई को 20 ओवर्स में 217 पर पहुंचा दिया. उनकी पारी के बाद क्या बवाल मचा, सब जानते हैं. सोशल मीडिया से लेकर आम जीवन तक, लोगों ने खूब चर्चा की. और धोनी की जमकर तारीफ की. धोनी ने इन्हीं दो छक्कों के दम पर पांच हजार IPL रन भी पूरे कर लिए. और अब कुछ ऐसे आंकड़े सामने आए हैं, जो बताते हैं कि IPL के बीसवें ओवर में धोनी से बड़ा खिलाड़ी नहीं है.
ट्विटर पर शेयर हुए एक आंकड़े के मुताबिक,
'धोनी ने IPL के बीसवें ओवर में कुल 277 गेंदें खेली हैं. इन गेंदों में उन्होंने 245.12 की स्ट्राइक रेट से 679 रन बनाए हैं. आखिरी ओवर में उन्होंने पचपन छक्के और 49 चौके जड़े हैं.'
धोनी की बैटिंग को देखते हुए उनसे जुड़ी तमाम चीजें वायरल होनी ही थीं, हुई भीं. और वायरल होने वाली चीजों में ये ट्वीट भी शामिल रहा. इस वायरल ट्वीट से इतर देखें तो धोनी के ये आंकड़े निश्चित तौर पर तारीफ़ के योग्य हैं. क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में पारी का आखिरी ओवर बहुत महत्वपूर्ण होता है. इसमें तेजी से रन बनाकर पूरा माहौल बदला जा सकता है.
और इस ओवर में धोनी की मास्टरक्लास बताती है कि वह एक जेनुइन मैच विनर हैं. मैच पर लौटें तो लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया था. चेन्नई को रुतुराज और डेवन कॉन्वे ने भयानक शुरुआत दी.
बाद के बल्लेबाजों ने भी अपनी भूमिकाएं निभाईं और चेन्नई ने 20 ओवर्स में 217 रन बनाए. जवाब में काएल मेयर्स ने एक वक्त चेन्नई की सांसें अटका दी थीं. लेकिन मोईन अली ने चार विकेट लेते हुए चेन्नई को 12 रन से जीत दिला दी.
वीडियो: धोनी के छक्कों के बीच गौतम गंभीर क्यों ट्रेंड हुए?

